कप्तानी दमदार, लेकिन बल्ले से नहीं दिखा पा रहे कमाल; पिछली दो सीरीज में ऐसा है श्रेयस अय्यर का प्रदर्शन
श्रेयस अय्यर ने अपनी कप्तानी में पिछली दो टी-20 सीरीजों में टीम को विजय तो दिलाई है और जिम्बाब्वे और अफगानिस्तान के खिलाफ क्लीन स्वीप किया है। हालांकि, बल्ले से उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। देखिए आंकड़े।

सूर्यकुमार यादव को जब भारतीय पुरुष टी-20 टीम की कप्तानी से हटाया गया था तो टीम मैनेजमेंट द्वारा उसका आधार भले ही उम्र और आगे बढ़ने की अप्रोच को बताया गया हो, लेकिन एक सच्चाई यह भी थी कि उनके बल्ले से जरूरी रन नहीं निकल रहे थे। वे लंबे अरसे से बड़ी पारी खेलने में असमर्थ रहे थे। टी-20 विश्व कप शुरू होने से पहले दाएं हाथ के इस विस्फोटक बल्लेबाज ने न्यूजीलैंड के खिलाफ फॉर्म पकड़ी थी। उससे पहले वे लगातार लगभग साल भर तक रन बनाने के लिए संघर्ष करते नजर आए थे। हालांकि, टी-20 विश्व कप में पहले मैच में अमेरिका के खिलाफ खेली गई पारी को छोड़ दिया जाए तो उनके बल्ले से प्रभावशाली इनिंग नहीं निकली। भारत ने घर पर विश्व कप का खिताब अपने नाम किया, सूर्या ने ट्रॉफी उठाई, तमाम इंटरव्यू में ये कहते रहे कि वे 2028 के ओलंपिक और टी-20 विश्व कप की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि, उनका यह सपना, मौजूदा हालातों में तो सपना ही रह गया। वे टीम से बाहर हो गए और भारत उनकी अनुपस्थिति में अब तक चार सीरीज खेल चुका है।
बतौर कप्तान अच्छी रहीं आखिरी दो सीरीज
सूर्या को हटाकर मैनेजमेंट ने फैसला लिया कि श्रेयस अय्यर को टीम का कप्तान बनाया जाएगा। उन्होंने टीम की जिम्मेदारी संभाली और शुरुआती समय में बहुत अच्छा प्रदर्शन टीम ने नहीं किया। भारत पहले आयरलैंड के हाथों 2-0 से सीरीज हार गया। उसके बाद इंग्लैंड ने भी बुरी तरह धोया। हालांकि, जिम्बाब्वे सीरीज से भारत ने रिदम पकड़ी और अब अफगानिस्तान को भी घर पर 3-0 से हरा दिया है। पिछली दो सीरीज में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम ने दमदार प्रदर्शन किया है, लेकिन बतौर बल्लेबाज उनका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा है।
जिम्बाब्वे सीरीज में बनाए कुल 80 रन, 1 भी फिफ्टी नहीं
जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत ने सीरीज 3-0 से अपने नाम की थी, वैभव सूर्यवंशी प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे थे, लेकिन श्रेयस अय्यर के बल्ले से तीनों मैचों में कुल 80 रन निकले थे। उन्होंने पहले टी-20 मुकाबले में कुल 24 गेंदों में 28 रनों की पारी खेली थी और नाबाद पवेलियन लौटे थे। दूसरे टी-20 मैच में श्रेयस अय्यर के बल्ले से 20 गेंदों में सिर्फ 25 रन निकले थे जिसमें चार चौके शामिल थे। तीसरे और आखिरी टी-20 मैच में उन्होंने 18 गेंदों का सामना करते हुए सिर्फ 27 रन बनाए थे।
अफगानिस्तान सीरीज में सिर्फ 48 रन बना सके
इसके बाद 13 सिंतबर से 17 सितंबर के बीच खेली गई अफगानिस्तान सीरीज में भी श्रेयस अय्यर ने अपने प्रदर्शन से प्रशंसकों को मायूस किया। सीरीज के पहले मुकाबले में अय्यर के बल्ले से 5 गेंदों में सिर्फ 8 रन निकले। दूसरे मुकाबले में उन्होंने 11 गेंदों में 11 रन बनाए और राशिद खान का शिकार बने। तीसरे और आखिरी मैच में कप्तान अय्यर ने कुल 20 गेंदों का सामना करते हुए 29 रन बनाए। इस पूरी सीरीज में उन्होंने कुल 48 रन बनाए।
आयरलैंड सीरीज में नहीं चले, इंग्लैंड में पकड़ी लय
श्रेयस अय्यर का प्रदर्शन आयरलैंड और सीरीज में भी औसत रहा था। इस सीरीज के दो मैचों में उन्होंने कुल 13 रन बनाए थे। पहले मैच में 3 और दूसरे मैच में 10 रन बनाकर आउट हो गए थे। हालांकि, इंग्लैंड के खिलाफ अय्यर ने अपने बल्ले का दम दिखाया था। उन्होंने 5 मैचों की टी-20 सीरीज में सभी पांच पारियों में बल्लेबाजी करते हुए कुल 218 रन बनाए थे, जिसमें एक 80 रनों की नाबाद पारी भी शामिल थी।
सूर्या के डाउनफॉल से मिलता-जुलता प्रदर्शन
श्रेयस अय्यर के कप्तान बनने के बाद बल्लेबाजी के प्रदर्शन को देखें तो काफी उतार चढ़ाव भरा रहा है। अभी कहना जल्दबाजी होगी लेकिन थोड़े बहुत आंकड़े इस ओर इंगित करने लगे हैं कि सूर्या और श्रेयस के प्रदर्शन में कोई खास अंतर नहीं समझ आ रहा है।


