IPL में एक और साल लागू रहेगा ये बहुचर्चित नियम, जिसने बिगाड़ रखा है टीमों का गणित
IPL में हमें एक और साल एक बहुचर्चित नियम देखने को मिलेगा, क्योंकि टीमें अपनी प्लानिंग उस नियम के हिसाब से कर रही हैं। ये नियम है इम्पैक्ट प्लेयर रूल, जो बहुत ज्यादा चर्चा का विषय बीते कुछ सालों में रहा है।

इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल में एक ऐसा नियम लागू किया गया था, जिसे फैंस ने बहुत पसंद किया, लेकिन तमाम क्रिकेटर, कप्तान और कोचों ने इस पर आपत्ति जताई। हैरानी की बात यह है कि 2023 में लागू हुए इस नियम को एक और साल तक जीवित रखा जाएगा। ये कोई और नियम नहीं, बल्कि इम्पैक्ट प्लेयर रूल है, जिसकी आलोचना तमाम दिग्गज कर चुके हैं। आईपीएल में ही सबसे पहले इसे इंट्रोड्यूस किया गया था। इसके बाद इसे डोमेस्टिक लेवल पर टी20 लीग में अपनाया गया और कुछ और देशों की टी20 लीग में भी यह नियम लागू हो रहा है। हालांकि, यह अब ज्यादा दिन तक जीवित रहने वाला नहीं है।
आईपीएल 2027 में तो इम्पैक्ट प्लेयर रूल लागू रहेगा, लेकिन इसके बाद इसे स्क्रैप किया जा सकता है, क्योंकि इस तरह का नियम इंटरनेशनल क्रिकेट में लागू नहीं हैं और तमाम अन्य क्रिकेट बोर्ड भी इसके पक्ष में नहीं हैं, क्योंकि क्रिकेट 11 खिलाड़ियों वाला गेम है, जिसमें 12वें खिलाड़ी के लिए कोई जगह नहीं है। सब्स्टीट्यूट प्लेयर सिर्फ फील्डिंग कर सकता है, न कि बल्लेबाज और गेंदबाजी। अभी के लिए इस नियम को इसलिए रखा जा रहा है, क्योंकि मेगा ऑक्शन में उस तरह की टीमें सभी फ्रेंचाइजियों ने बनाई थीं। अब मिनी ऑक्शन में भी इम्पैक्ट प्लेयर रूल के हिसाब से टीमें खिलाड़ी चुनेंगी।
फ्रेंचाइजी को कोई ऑफिशियल जानकारी आईपीएल की ओर से नहीं दी गई है, लेकिन हिन्दुस्तान टाइम्स को पता चला है कि अगले महीने के प्लेयर ऑक्शन के लिए उनकी चल रही ट्रेड बातचीत और आगे की प्लानिंग इस समझ पर आधारित है कि इम्पैक्ट प्लेयर नियम IPL 2027 तक बना रहेगा। एक IPL अधिकारी ने HT को बताया, "अगला एडिशन मेगा ऑक्शन साइकिल से पहले आखिरी होगा और अभी नियम बदलना टीमों के लिए बहुत देर हो जाएगी। ऐसा लगता नहीं है कि कोई बदलाव होगा।"
चार टीमों ने जताई थी आपत्ति
आपको बता दें, इसी साल अगस्त में IPL के आयोजकों ने इम्पैक्ट प्लेयर के बारे में फ्रेंचाइजियों से राय मांगी थी। एक IPL टीम अधिकारी ने कहा, "कम से कम चार टीमों ने IPL को बताया था कि इतनी देर से नियम वापस लेने से उनकी स्ट्रेटेजी पर काफी असर पड़ेगा।" यही कारण है कि एक और साल इम्पैक्ट प्लेयर रूल रहेगा, लेकिन 2028 में होने वाले मेगा ऑक्शन से पहले इसे हटाया जा सकता है, क्योंकि इससे मनोरंजन तो होगा, लेकिन क्रिकेट के सदियों पुराने इतिहास में यह अच्छा नियम नहीं है।
हालांकि, एक बात जरूर है कि इस नियम के जाने से उन स्टार खिलाड़ियों को दिक्कत होगी, जो पूरी तरह फिट नहीं होने पर सिर्फ बल्लेबाजी के लिए उतरते थे। रोहित शर्मा और संजू सैमसन समेत कई खिलाड़ियों ने ऐसा किया था। एमएस धोनी के भी पिछले साल इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में खेलने की संभावना थी, लेकिन वे अंत तक फिट नहीं हुए थे। धोनी तो हमेशा यही चाहते हैं कि अगर वे फिट हैं तो 20 ओवर विकेट के पीछे रहना पसंद करेंगे।


