इंडिया vs पाकिस्तान एशियन गेम्स फाइनल बारिश में धुला तो क्या नियम हैं, कौन जीतेगा गोल्ड? जान लीजिए
इंडिया vs पाकिस्तान एशियन गेम्स 2026 का फाइनल अगर बारिश में धुला तो नियम क्या हैं? ये जान लीजिए। क्या भारतीय टीम बिना खेले गोल्ड मेडल जीत पाएगी या फिर पाकिस्तान को गोल्ड मेडल दे दिया जाएगा।

इंडिया और पाकिस्तान के बीच Asian Games 2026 के क्रिकेट कंप्टीशन का फाइनल मैच कल यानी शनिवार 3 अक्टूबर को खेला जाएगा, जो कि गोल्ड मेडल मैच है। पाकिस्तान ने बांग्लादेश और भारत ने श्रीलंका को सेमीफाइनल में हराकर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया है। हालांकि, इन चारों ही टीमों के क्वार्टर फाइनल बारिश में धुल गए थे। इन टीमों को आईसीसी टी20 रैंकिंग में बेहतर रैंकिंग होने के नाते सेमीफाइनल में जगह मिल गई थी। ऐसे में क्या यही नियम बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच होने वाले ब्रॉन्ज मेडल मैच और भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले गोल्ड मेडल मैच पर लागू होगा? ये जान लीजिए।
अगर आपको लग रहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला गोल्ड मेडल मैच बारिश में धुल गया तो भारत को टॉप रैंकिंग टीम होने के नाते गोल्ड मेडल मिल जाएगा? अगर आप भी ऐसा सोच रहे हैं तो आप गलत हैं, क्योंकि एशियन गेम्स 2026 के नियम मेडल मैच को लेकर अलग हैं। ब्रॉन्ज मेडल मैच अगर बारिश की वजह से शुरू नहीं हुआ और पूरा मैच बारिश में धुल गया तो बांग्लादेश और श्रीलंका को ब्रॉन्ज मेडल शेयर करना होगा और दोनों को ही ब्रॉन्ज मेडल से नवाजा जाएगा।
गोल्ड मेडल और ब्रॉन्ज मेडल मैच को लेकर क्या हैं नियम?
वहीं, इंडिया और पाकिस्तान के बीच होने वाला फाइनल भी शुरू नहीं होता है तो दोनों टीमों को गोल्ड मेडल दे दिया जाएगा। इस केस में किसी टीम को सिल्वर मेडल नहीं मिलेगा। दोनों ही टीमों को विजेता घोषित किया जाएगा और दोनों को गोल्ड मेडल दिया जाएगा। हालांकि, इसी में एक नियम अलग भी है, उसके बारे में भी समझ लीजिए।
एक केस तो यह है कि पूरा मैच ही आयोजित न हो, लेकिन अगर मैच शुरू होता है और फिर बारिश आती है तो फिर टॉप रैंक वाली टीम को पिछली बार की तरह गोल्ड मेडल से नवाजा जाएगा। इसके अलावा अगर मैच टाई होता है और फिर मैच शुरू नहीं होता है तो भी टॉप रैंक वाली टीम को ही गोल्ड मेडल मिलेगा। अगर मैच टाई होता है और फिर सुपर ओवर भी टाई होता है और दूसरे सुपर ओवर से पहले बारिश आती है तो भी टॉप रैंक वाला नियम लागू होगा और इस तरह भारतीय टीम की रैंकिंग पाकिस्तान से बेहतर है और ऐसे में भारत को गोल्ड मेडल मिलेगा और पाकिस्तान को सिल्वर मेडल से संतोष करना होगा। ठीक ऐसा ही ब्रॉन्ज मेडल मैच में भी होना है, जहां श्रीलंका को मैच बीच में रुकने या फिर टाई होने के बाद रुकने पर ब्रॉन्ज मेडल मिलेगा, क्योंकि उसकी रैंकिंग बांग्लादेश से बेहतर है।


