Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़icc womens odi world cup 17th match Australia w vs Bangladesh w preview
महिला विश्व कप: क्या ऑस्ट्रेलिया के विजय रथ को रोक पाएगी बांग्लादेश की टीम?

महिला विश्व कप: क्या ऑस्ट्रेलिया के विजय रथ को रोक पाएगी बांग्लादेश की टीम?

संक्षेप: इस महिला विश्व कप में अब तक हर मैच में दबदबा बनाए रखने वाली ऑस्ट्रेलिया की टीम बांग्लादेश के खिलाफ गुरुवार को विशाखापत्तनम में होने वाले मैच में बड़ी जीत दर्ज करना चाहेगी। दूसरी तरफ बांग्लादेश की कोशिश ऑस्ट्रेलिया के विजय रथ को रोकने की होगी।

Wed, 15 Oct 2025 03:41 PMChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, भाषा
share Share
Follow Us on

इस महिला विश्व कप में अब तक हर मैच में दबदबा बनाए रखने वाली ऑस्ट्रेलिया की टीम बांग्लादेश के खिलाफ गुरुवार को विशाखापत्तनम में होने वाले मैच में बड़ी जीत दर्ज करना चाहेगी। दूसरी तरफ बांग्लादेश की कोशिश ऑस्ट्रेलिया के विजय रथ को रोकने की होगी।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

ऑस्ट्रेलिया चार मैचों में तीन जीत और कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ बारिश के कारण रद्द किए गए मैच में अंक बांटने के बाद सात अंक लेकर विश्व कप तालिका में शीर्ष पर है। ऑस्ट्रेलिया ने इससे पहले भारत को भी हराया था।

अगर प्रतियोगिता में ऑस्ट्रेलिया के फॉर्म को लेकर कोई संदेह था तो एलिसा हीली की अगुवाई वाली टीम ने महिला वनडे में विश्व रिकॉर्ड बनाकर इस संदेह को दूर कर दिया। इस तरह उसने इस प्रारूप में संभावित आठवीं खिताबी जीत की अपनी मंशा जाहिर कर दी है।

भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 331 रन का लक्ष्य रखा था। हीली ने 102 गेंदों पर 21 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 142 रन की आक्रामक पारी खेली, जिससे ऑस्ट्रेलिया ने एक ओवर शेष रहते सात विकेट पर 331 रन बना लिए। इससे ऑस्ट्रेलिया ने प्रतियोगिता में भाग ले रही सभी टीमों के लिए खतरे की घंटी बजा दी।

यह मैच तब समाप्त हुआ जब एलिस पेरी ने छक्का लगाकर ऑस्ट्रेलिया की जीत सुनिश्चित की, लेकिन इससे पहले इस ऑलराउंडर को ऐंठन के कारण क्रीज छोड़नी पड़ी थी। ऑस्ट्रेलिया अपनी इस स्टार खिलाड़ी को लेकर किसी तरह का जोखिम नहीं उठाना चाहेगा और वह उन्हें कल के मैच में विश्राम दे सकता है।

ऑस्ट्रेलिया भी अपनी गेंदबाजी में सुधार करना चाहेगा क्योंकि उसने यहां बल्लेबाजी के लिए अनुकूल पिच पर 330 रन दे दिए हैं, खासकर इसलिए क्योंकि स्कोरबोर्ड का दबाव किसी भी दिन विपरीत प्रभाव डाल सकता है।

प्रतियोगिता में लगभग हर अन्य टीम की तुलना में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के कौशल में भारी अंतर के बावजूद उन्हें इस तथ्य से सावधान रहना होगा कि बांग्लादेश ने अपने पिछले मैच में दक्षिण अफ्रीका को कड़ी टक्कर दी थी, लेकिन वह मैच तीन विकेट के मामूली अंतर से हार गया था।

बांग्लादेश की कप्तान निगार सुल्ताना ने स्पिनरों का अच्छा इस्तेमाल किया लेकिन वह दक्षिण अफ्रीका को जीत हासिल करने से नहीं रोक पाया। इसके बावजूद इस मैच से बांग्लादेश का मनोबल बढ़ा होगा क्योंकि उसके बल्लेबाजों ने पहले की तुलना में अच्छा प्रदर्शन किया। बांग्लादेश को अगर ऑस्ट्रेलिया के सामने कड़ी चुनौती पेश करनी है तो उसके बल्लेबाजों को फिर से अच्छा प्रदर्शन करना होगा।

टीम इस प्रकार हैं:

ऑस्ट्रेलिया: एलिसा हीली (कप्तान और विकेटकीपर), फोबे लिचफील्ड, बेथ मूनी (विकेटकीपर), जॉर्जिया वोल, एशले गार्डनर, किम गर्थ, हीथर ग्राहम, अलाना किंग, ताहलिया मैकग्रा, सोफी मोलिनी, एलिस पेरी, एनाबेल सदरलैंड, डार्सी ब्राउन, मेगन स्कुट, जॉर्जिया वेयरहैम।

बांग्लादेश: निगार सुल्ताना (कप्तान और विकेटकीपर), फरगना हक, शोभना मोस्तरी, रुब्या हैदर, शर्मिन अख्तर, राबेया खान, रितु मोनी, शोर्ना अख्तर, सुमैया अख्तर, फाहिमा खातून, फरिहा त्रिस्ना, मारुफा अख्तर, नाहिदा अख्तर, निशिता अख्तर निशि, संजीदा अख्तर मेघला।

समय: मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3:00 बजे शुरू होगा।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय टीवी पत्रकारिता से शुरुआत। न्यूज24, हमार टीवी, श्री न्यूज, फोकस न्यूज और न्यूज वर्ल्ड इंडिया में अलग-अलग भूमिकाओं के बाद 2016 में नवभारत टाइम्स.कॉम के साथ डिजिटल पारी का आगाज। देश, दुनिया, राजनीति, खेल, अदालत, अपराध से जुड़ीं खबरों पर लेखन। एनबीटी में करीब 9 साल की शानदार पारी के बाद मार्च 2025 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा और स्पोर्ट्स डेस्क इंचार्ज। मूल रूप से यूपी के देवरिया के निवासी। सीखने और समझने के सतत क्रम में भरोसा। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |