
ICC T20I Rankings: हरमनप्रीत का फायदा और जेमिमा टॉप-10 से बाहर, दीप्ति से छिन गई बादशाहत
Latest ICC Women's T20I Rankings: हरमनप्रीत कौर को ताजा आईसीसी महिला टी20 रैंकिंग में फायदा हुआ जबकि जेमिमा रोड्रिग्स को नुकसान झेलना पड़ा। वहीं, दीप्ति शर्मा से बादशाहत छिन गई है।
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर श्रीलंका के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज में तिरुवनंतपुरम में खेले गए आखिरी मुकाबले में मैच जिताऊ पारी खेलने के बाद मंगलवार (6 जनवरी) को जारी आईसीसी महिला टी20 की लेटेस्ट रैंकिंग में बल्लेबाजों की सूची में दो स्थान के सुधार के साथ 13वें पायदान पर पहुंच गईं। भारत ने इस मैच को 15 रन से जीतकर 30 दिसंबर को समाप्त हुई सीरीज में 5-0 से क्लीन स्वीप किया।
हरमनप्रीत को आखिरी मैच में 43 गेंदों में 68 रन की शानदार पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। वह इस पारी के बाद रैंकिंग में शीर्ष 10 के और करीब पहुंच गई हैं। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा क्रमशः तीसरे और छठे स्थान पर बरकरार हैं जबकि ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी ने शीर्ष स्थान पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली।
जेमिमा रोड्रिग्स हालांकि शीर्ष 10 से बाहर होकर 12वें स्थान पर खिसक गई हैं। दीप्ति शर्मा गेंदबाजी रैंकिंग में शीर्ष स्थान से नीचे आ गईं है। पांचवें टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में उनका 28 रन पर एक विकेट लेना ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड को शीर्ष पर पहुंचने से रोकने के लिए काफी नहीं था। दीप्ति रेटिंग अंक के मामले में सदरलैंड (736) से सिर्फ एक अंक पीछे हैं।
गेंदबाजी रैंकिंग में भारतीय बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरनी पांच पायदान ऊपर चढ़कर 47वें स्थान पर पहुंच गईं। श्रीलंका के लिए कविशा दिलहारी (एक पायदान ऊपर चढ़कर 32वें स्थान पर) और चमारी अटापट्टू (तीन पायदान ऊपर चढ़कर 48वें स्थान पर) ने गेंदबाजी रैंकिंग में सुधार किया।





