Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़ICC unlikely to accept Bangladesh s security concerns about playing in India T20 World Cup 2026
बांग्लादेश की 'धमकी' फेल, भारत में T20 वर्ल्ड कप 2026 मैचों के वेन्यू बदलने से ICC का इनकार

बांग्लादेश की 'धमकी' फेल, भारत में T20 वर्ल्ड कप 2026 मैचों के वेन्यू बदलने से ICC का इनकार

संक्षेप:

आईसीसी ने सोमवार को संकेत दिया कि वह भारत में होने वाले टी20 विश्व कप मुकाबलों के स्थल को बदलने की बांग्लादेश की मांग को शायद स्वीकार नहीं करेगा, क्योंकि भारत में सुरक्षा को लेकर कोई चिंता है ही नहीं।

Jan 13, 2026 07:36 am ISTVikash Gaur Bhasha, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी आईसीसी ने सोमवार 12 जनवरी को साफ संकेत दिया कि वह भारत में होने वाले टी20 विश्व कप मुकाबलों के स्थल को बदलने की बांग्लादेश की मांग को शायद स्वीकार नहीं करेगा। इसके पीछे का कारण ये है कि देश में सुरक्षा चिंताओं पर एक आकलन रिपोर्ट में खतरे की आशंका को ‘कम’ बताया गया है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

आईसीसी के सूत्रों के अनुसार वैश्विक संचालन संस्था की जोखिम आकलन रिपोर्ट में सात फरवरी से शुरू होने वाले टूर्नामेंट में बांग्लादेश टीम के हिस्सा लेने पर किसी विशिष्ट या सीधे खतरे का जिक्र नहीं किया गया है। यह बांग्लादेश के खेल मंत्रालय के सलाहकार आसिफ नजरुल के इस दावे का भी खंडन करता है कि मुस्तफिजुर रहमान को टीम में शामिल करने से खतरे में बढ़ोतरी होगी। बांग्लादेश को भारत में लीग चरण के चार मैच खेलने हैं।

आईसीसी के सूत्र ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर पीटीआई को बताया, ‘‘यह स्पष्ट करना जरूरी है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित सुरक्षा विशेषज्ञों द्वारा किए गए आईसीसी के स्वतंत्र जोखिम आकलनों से यह नतीजा नहीं निकलता कि बांग्लादेश भारत में अपने तय मैच नहीं खेल सकता। भारत में टूर्नामेंट के लिए कुल मिलाकर सुरक्षा जोखिम को कम से मध्यम आंका गया है जो कई बड़ी वैश्विक खेल प्रतियोगिताओं के प्रोफाइनल के अनुरूप है।’’

सूत्र के अनुसार आकलन में भारत में किसी भी जगह बांग्लादेश के अधिकारियों के लिए भी कोई सीधा खतरा नहीं पाया गया। सूत्र ने कहा, ‘‘पेशेवर सलाह के आधार पर कोलकाता और मुंबई में बांग्लादेश के तय मैचों से जुड़े जोखिम को कम से मध्यम माना गया है और ऐसे किसी जोखिम का कोई संकेत नहीं है जिससे स्थापित सुरक्षा योजना और बचाव उपायों के जरिए प्रभावी ढंग से नहीं निपटा जा सके।’’

इससे पहले ढाका में नजरुल ने सार्वजनिक बयान दिया था कि आईसीसी की रिपोर्ट में मुस्ताफिजुर के लिए खतरे की बात कही गई थी जिन्हें भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के निर्देशों पर आसपास के घटनाक्रम के कारण आईपीएल से बाहर कर दिया गया था जिसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने टीम को वापस बुलाने की धमकी दी थी।

बीसीबी ने बाद में एक स्पष्टीकरण जारी किया जिसमें सोमवार को नजरुल द्वारा किए गए दावों से पीछे हटते हुए बात कही गई। बीसीबी ने कहा, ‘‘युवा एवं खेल मंत्रालय के सलाहकार ने आज जिस बातचीत का जिक्र किया वह आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप से पहले बांग्लादेश टीम के लिए खतरे के आकलन से जुड़ी बीसीबी और आईसीसी के सुरक्षा विभाग के बीच हुई अंदरूनी बातचीत के बारे में थी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह बांग्लादेश के मुकाबलों को भारत से बाहर कराने के बीसीबी के आग्रह पर आईसीसी की तरफ से कोई औपचारिक जवाब नहीं था।’’ हालांकि, बीसीबी ने दोहराया कि उसने ‘टीम की सुरक्षा के हित में’ बांग्लादेश के मुकाबलों को भारत से बाहर स्थानांतरिक करने का अनुरोध किया है और वह इस मामले पर आईसीसी से आधिकारिक जवाब का इंतजार कर रहा है।

हालांकि, आईसीसी के सूत्र ने कहा कि मौजूदा कार्यक्रम में बदलाव होने की संभावना नहीं है। सूत्र ने कहा, ‘‘आईसीसी को बीसीसीआई और संबंधित स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर किए जा रहे सुरक्षा इंतजाजों पर पूरा भरोसा है जिनका बड़ी अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं को सुरक्षित रूप से आयोजित करने का एक मजबूत और साबित ट्रैक रिकॉर्ड है।’’ आईसीसी ने यह भी दोहराया कि उसकी सुरक्षा योजना एक लगातार चलने वाली प्रक्रिया है।

सूत्र ने आगे कहा, ‘‘बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड सहित भाग लेने वाले सदस्यों से इस प्रक्रिया के हिस्से के रूप में सलाह ली जा रही है और आईससी इंतजामों को और मजबूत करने के लिए रचनात्मक बातचीत और जवाबी प्रतिक्रिया के लिए तैयार है।’’ मुस्तफिजुर को कोलकाता नाइट राइडर्स फ्रेंचाइजी से हटाए जाने के बाद नाराज बांग्लादेश सरकार ने देश में आईपीएल के प्रसारण पर प्रतिबंध लगा दिया था।

Vikash Gaur

लेखक के बारे में

Vikash Gaur
विकाश गौड़, लाइव हिन्दुस्तान के स्पोर्ट्स सेक्शन में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर (असिस्टेंट मैनेजर) के रूप में कार्यरत हैं। हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में इनको करीब 8 साल का अनुभव है। करियर की शुरुआत से ही ये डिजिटल मीडिया से जुड़े हुए हैं। 2016 में इन्होंने अपने पत्रकारिता के सफर का शुभारंभ किया। खबर नॉन स्टॉप से शुरुआत करते हुए, वे पत्रिका समूह की प्रमुख वेबसाइट कैच न्यूज से जुड़े, जहां इन्होंने खेल से जुड़ी खबरों की बारीकियों को सीखा। इसके बाद, इन्होंने डेली हंट में थोड़े समय के लिए वीडियो प्रोड्यूसर के रूप में काम किया और फिर दैनिक जागरण की वेबसाइट से जुड़कर पूरी तरह से खेल समाचारों की दुनिया में प्रवेश कर लिया। यहां इन्होंने लगभग ढाई साल तक कार्य किया और जनवरी 2021 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ हैं। अपने करीब साढ़े छह साल के अनुभव में विकाश ने सभी प्रमुख खेल आयोजनों को कवर किया है, जिनमें क्रिकेट विश्व कप, आईपीएल, ओलंपिक गेम्स, राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल और कई अन्य बड़े खेल आयोजन शामिल हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |