चार्टर्ड फ्लाइट हुई कैंसिल तो ICC ने उठाया बड़ा कदम, भारत में फंसे खिलाड़ियों को मिली राहत
भारत में फंसे खिलाड़ियों की चार्टर्ड फ्लाइट कैंसिल होने पर आईसीसी ने एक बड़ा कदम उठाया। वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ियों ने अपना आखिरी मैच कोलकाता में खेला था।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने भारत में फंसी वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका की टीम के लिए अलग-अलग व्यावसायिक उड़ानों में बुकिंग की क्योंकि कोलकाता से उड़ान भरने वाली उनकी चार्टर्ड उड़ान रद्द हो गई थी। इस मामले की जानकारी रखने वाले आईसीसी के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ''वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के सभी खिलाड़ियों की अलग-अलग व्यावसायिक विमान कंपनियों की उड़ान में बुकिंग की गई है। सभी की बुकिंग एक ही उड़ान में नहीं हो सकती लेकिन आईसीसी ने व्यक्तिगत बुकिंग का ध्यान रखा है। आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने खुद बात की है और खिलाड़ियों को सुरक्षित स्वदेश वापसी का भरोसा दिलाया है।''
'कोच डेरेन सैमी स्वदेश के लिए रवाना'
सूत्र ने कहा, ''यह बताना जरूरी है कि डेरेन सैमी (वेस्टइंडीज के हेड कोच) सोमवार रात को स्वदेश के लिए रवाना हो चुके हैं।'' कोलकाता में अपने आखिरी मैच खेलने वाली दो टीम (वेस्टइंडीज ने एक मार्च को सुपर आठ मुकाबला और दक्षिण अफ्रीका ने चार मार्च को सेमीफाइनल) ईरान पर अमेरिकी और इजरायली हमलों के बाद पश्चिम एशिया के कुछ हिस्सों में अंतरराष्ट्रीय वायु क्षेत्र पर लगी पाबंदियों रोक की वजह से उड़ान नहीं भर पाई हैं। इस स्थिति ने कई विमान कंपनियों को खाड़ी क्षेत्र के रास्ते जाने से बचने पर मजबूर कर दिया है। आईसीसी की साझेदार विमान कंपनी एमिरेट्स है और दुबई में वायु क्षेत्र बंद होने की वजह से वे अपनी उड़ानों का संचालन नहीं कर पा रहे हैं।
किस वजह से कैंसिल हुई चार्टर्ड फ्लाइट?
इन पाबंदियों की वजह से भारत से कैरेबिया और अफ्रीका की ओर की यात्रा बहुत मुश्किल हो गई जिससे क्रिकेट अधिकारियों को दूसरे रास्ते और चार्टर्ड इंतजामों पर गौर करना पड़ा। इससे पहले साझा की गई एक जानकारी के अनुसार दोनों टीम को मंगलवार दोपहर को कोलकाता से एक साझा चार्टर्ड उड़ान में जोहानिसबर्ग निकलना था। वहां से वेस्टइंडीज की टीम को एंटीगा जाना था। हालांकि बंगाल क्रिकेट संघ के एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि कुछ दिक्कतों की वजह से उड़ान को तय समय से कुछ घंटे पहले रद्द कर दिया गया। वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका की टीम को भेजे गए संदेश में कहा गया, ''मंगलवार दोपहर की ताजा जानकारी के मुताबिक 'चार्टर्ड उड़ान रद्द कर दी गई है और इस बारे में कोई और जानकारी नहीं मिली है'।'' स्थानीय अधिकारी ने बताया, ''लॉजिस्टिक से जुड़ी दिक्कतों की वजह से शायद चार्टर्ड उड़ान आखिरी मिनट में रद्द हो गई होगी।''
WI सुपर-8 से तो SA सेमीफाइनल से बाहर
वेस्टइंडीज की टीम एक मार्च से कोलकाता में फंसी हुई है जब भारत ने उन्हें ईडन गार्डन्स में सुपर-8 मैच में पांच विकेट से हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर कर दिया था। दक्षिण अफ्रीका का अभियान कुछ दिन बाद खत्म हो गया था जब वे चार मार्च को ईडन गार्डन्स पर ही पहले सेमीफाइनल में आखिर में उप विजेता रहे न्यूजीलैंड से हार गए थे। इस खबर के समय वेस्टइंडीज के लगभग 12 खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ के 10 सदस्य भारत में ही हैं जबकि दक्षिण अफ्रीकी टीम में 12 खिलाड़ी और दो सहयोगी स्टाफ के सदस्य हैं। वेस्टइंडीज के मुख्य कोच सैमी ने इससे पहले देरी पर सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने पोस्ट किया था, ''बस घर जाना चाहता हूं।'' अगामी प्रतिबद्धताओं की वजह से दक्षिण अफ्रीका के कुछ खिलाड़ी पहले ही भारत से रवाना हो चुके थे। केशव महाराज, जॉर्ज लिंडे और जेसन स्मिथ 15 मार्च से न्यूजीलैंड के खिलाफ द्विपक्षीय श्रृंखला के लिए रवाना हो चुके हैं।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



