
ICC Test Rankings: कुलदीप यादव ने हासिल की करियर की बेस्ट रैंकिंग, यशस्वी को भी हुआ फायदा
संक्षेप: भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव ने करियर की बेस्ट टेस्ट रैंकिंग हासिल कर ली है। वेस्टइंडीज सीरीज समाप्त होने के बाद सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को भी फायदा हुआ है।
भारत के बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव (आठ विकेट) ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दिल्ली में दूसरे मैच में शानदार प्रदर्शन करने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 14वीं रैंकिंग हासिल की। कुलदीप ने बुधवार को जारी की गई रैंकिंग में सात स्थान की छलांग लगाई जबकि वेस्टइंडीज के जोमेल वारिकन और कप्तान रोस्टन चेज क्रमश: दो और चार स्थान आगे 30वें और 57वें स्थान पर पहुंच गए।

बल्लेबाजी रैंकिंग में भारत के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल पहली पारी में 175 रन बनाने के बाद दो स्थान ऊपर पांचवें जबकि केएल राहुल 38 और नाबाद 58 रन की पारियों से दो स्थान ऊपर 33वें स्थान पर पहुंच गए। वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों में शाई होप (34 स्थान ऊपर 66वें स्थान पर) और जॉन कैम्पबेल (छह स्थान ऊपर 68वें स्थान पर) को फायदा हुआ है। इन दोनों ने वेस्टइंडीज की दूसरी पारी में शतक बनाए थे।
इस बीच अफगानिस्तान के लेग स्पिनर राशिद खान अबू धाबी में बांग्लादेश पर 3-0 की श्रृंखला जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के बाद एकदिवसीय गेंदबाजी रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर लौट आए हैं। राशिद ने सीरीज में 11 विकेट लिए, जिससे वह पांच स्थान ऊपर पहले नंबर पर पहुंच गए हैं। उनके अब 710 रेटिंग अंक हो गए हैं जो दूसरे स्थान पर काबिज दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर केशव महाराज से 30 अंक अधिक हैं। राशिद सितंबर 2018 में पहली बार नंबर एक गेंदबाज बने थे और आखिरी बार नवंबर 2024 में इस स्थान पर काबिज हुए थे।





