
ICC T20I Rankings: जिम्बाब्वे का खिलाड़ी बना नंबर-1, सूर्या टस से मस नहीं हुए, अर्श-ईशान ने लगाई छलांग
Latest ICC T20I Rankings: जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा नंबर-1 ऑलराउंडर बन गए हैं। सूर्यकुमार यादव छठे स्थान पर बरकरार हैं। अर्शदीप सिंह को तीन स्थान का फायदा हुआ।
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार को पुरुष टी20 खिलाड़ियों की ताजा रैंकिंग जारी की है। जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा फिर से T20I में नंबर-1 ऑलराउंडर बन गए हैं। उन्होंने पाकिस्तान के सईम अयूब से बादशाहत छीनी। सिकंदर के खाते में फिलहाल 299 रेटिंग अंक हैं। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ओमान के खिलाफ पहले मैच में एक विकेट लेने के अलावा नाबाद 5 रन बनाए थे। जिम्बाब्वे ने 104 का टारगेट मिलने के बाद ओमान को 39 गेंद बाकी रहते आठ विकेट से शिकस्त दी। अयूब 282 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं। भारत के धाकड़ ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या (243) तीसरे नंबर पर हैं।
सूर्यकुमार टस से मस नहीं हुए
भारतीय कप्तान सूर्यकमार यादव शानदार पारी खेलने के बावजूद रैंकिंग में टस से मस नहीं हुए। वह बल्लेबाजों की सूची में संयुक्त रूप से छठे पायदान पर बरकरार हैं। सूर्या और श्रीलंका के पथुम निसांका के 754 अंक हैं। सूर्या ने टी20 वर्ल्ड कप में अमेरिका के खिलाफ मैच में संकट के समय 49 गेंदों में नाबाद 84 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और चार छक्के हैं। भारत ने 161/9 का स्कोर खड़ा करने के बाद अमेरिका को 29 रनों से मात दी। मैच में गोल्डन डक का शिकार हुए अभिषेक शर्षा शीर्ष पर कायम हैं। उनके 908 अंक हैं। हालंकि, अभिषेक को 9 रेटिंग अंकों का घाटा झेलना पड़ा।
ईशान किशन साथ स्थान चढ़े
टॉप-10 बल्लेबाजों की लिस्ट में तीन भारतीय हैं। तिलक वर्मा (762) पांचवे स्थान पर हैं। उन्हें एक स्थान का नुकसान हुआ है। भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन सात स्थान चढ़कर 25वें पर आ गए हैं। उन्होंने अमेरिका के सामने 20 रनों की पारी खेली। इंग्लैंड के फिल साल्ट एक स्थान चढ़कर दूसरे पर चले गए हैं। न्यूजीलैंड के टिम सीफर्ट आठवें पर पहुंच गए। उन्हें भी एक स्थान का लाभ मिला। श्रीलंका के कुसल मेंडिस (छह स्थान चढ़कर 12वें), स्कॉटलैंड के जॉर्ज मुनसे (सात पायदान ऊपर 23वें) और नीदरलैंड्स के माइकल लेविट (छह स्थान ऊपर 27वें) को भी फायदा हुआ है।
अर्शदीप सिंह ने लगाई छलांग
भारत के पेसर अर्शदीप सिंह ने टी20 गेंदबाजों की सूची में तीन स्थानों की छलांग लगाई है। वह 649 अंकों के स्थान 11वें पर आ गए हैं। उन्होंने अमेरिका के विरुद्ध 18 रन देकर दो विकेट चटकाए। स्पिनर वरुण चक्रवर्ती (773) के पास नंबर-1 गेंदबाज का ताज बरकरार है। टॉप 10 में श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा (एक स्थान ऊपर पांचवे पर) ही अकेले ऐसे खिलाड़ी हैं जो आगे बढ़े। सलमान मिर्जा (नौ पायदान चढ़कर 13वें पर), ब्रैड इवांस (16 स्थान ऊपर 15वें पर, मिशेल सेंटनर (चार स्थान चढ़कर 19वें पर), ब्रैडली करी (25 स्थान चढ़कर 24वें पर) को भी लाभ मिला है।

लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय





