तजमिन ब्रिट्स के शतक के दम पर साउथ अफ्रीका ने दर्ज की बड़ी जीत, भारत की मुश्किलें बढ़ी!!

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

साउथ अफ्रीका ने नीदरलैंड्स पर बड़ी जीत दर्ज कर आईसीसी वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल की ओर एक और कदम बढ़ा लिया है। उनका आखिरी ग्रुप स्टेज मैच बांग्लादेश के खिलाफ है, जिसमें भी अफ्रीकी टीम आसानी से जीतना चाहेगी।

Tazmin Brits Century

तजमिन ब्रिट्स के तूफानी शतक के दम पर साउथ अफ्रीका ने आईसीसी वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 24वें मुकाबले में नीदरलैंड्स पर 88 रनों से बड़ी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ अफ्रीकी टीम ने सेमीफाइनल की तरफ अपना एक और कदम बढ़ाया है। ग्रुप स्टेज में उनका आखिरी मैच बांग्लादेश के खिलाफ है। 28 जून को होने वाले इस मैच के बाद ही ग्रुप-ए से सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाली टीमों की तस्वीर साफ होगी। इसी दिन भारत की भिड़ंत 6 बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से है। ये दो मुकाबले तय करेंगे कि ग्रुप-ए से ऑस्ट्रेलिया के साथ -भारत या साउथ अफ्रीका- कौन सी दूसरी टीम सेमीफाइनल का टिकट कटाएगी।

भारत की सेमीफाइनल की राह मुश्किल इसलिए कही जा रही है क्योंकि उनका ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच ऑस्ट्रेलिया से है, जबकि साउथ अफ्रीका का बांग्लादेश से। हालांकि टीम इंडिया कंगारुओं को हराने का दम रखती है।

कैसा रहा SA W vs NED W मैच?

टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम ने तजमिन ब्रिट्स के शतक के दम पर 1 विकेट के नुकसान पर 208 रन बोर्ड पर लगाए। बिट्स और कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट (45) के बीच पहले विकेट के लिए 121 रनों की साझेदारी हुई, जिसने बड़े स्कोर की नींव रखी। इसके बाद नंबर-3 पर आईं एनेरी डर्कसेन ने 16 गेंदों पर 37 रनों की कमाल की पारी खेल रनगति को रुकने नहीं दिया।

तजमिन ब्रिट्स ने अपने T20I करियर का पहला शतक 62वीं गेंद पर छक्के के साथ पूरा किया। वह 114 रन बनाकर नाबाद रहीं। उन्होंने अपनी पारी में कुल 69 गेंदों का सामना किया, जिसमें 15 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के लगाए।

209 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी नीदरलैंड्स की टीम को शुरुआत तो सधी हुई, मिली मगर इस रनचेज में उन्हें जिस रफ्तार से रन बनाने की जरूरत थी, वो रफ्तार नहीं मिल पाई। ओपनर फेबे मोलकेनबोअर ने 41 गेंदों पर 41, सान्या खुराना ने 30 गेंदों पर 36 तो स्टेरे कालिस ने 28 गेंदों पर 26 रन बनाए। इन तीनों के आउट होने के बाद नीदरलैंड्स की टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई। डच टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 120 के स्कोर तक ही पहुंचने में कामयाब रही। उन्हें इस मैच में 88 रनों से हार का सामना करना पड़ा।

साउथ अफ्रीका मांगेगा भारत की हार की दुआ

साउथ अफ्रीका अपना आखिरी मैच जीतने के साथ-साथ भारत की हार की दुआ भी मांगेगा। अगर टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया को अपने आखिरी ग्रुप मैच में हराने में कामयाब रहती है तो अफ्रीकी टीम 8 पॉइंट्स के साथ भी सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाएगा। दरअसल, भारत का नेट रन रेट साउथ अफ्रीका से काफी बेहतर है। ऐसे में टीम इंडिया की हार ही साउथ अफ्रीका को सेमीफाइनल का टिकट दिला सकती है।

Lokesh Khera

लेखक के बारे में

Lokesh Khera

लोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।