भारत अगर सेमीफाइनल में पहुंचा तो इंग्लैंड या न्यूजीलैंड किससे होगा मुकाबला? समझें समीकरण
भारत का आज टी20 वर्ल्ड कप 2026 सुपर-8 में आखिरी मुकाबला वेस्टइंडीज से है। अगर टीम इंडिया यह मैच जीतने में कामयाब रहती है तो वह सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। सेमीफाइनल में भारत का सामना इंग्लैंड से होगा या न्यूजीलैंड से ये देखने वाली बात होगी।

सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम इंडिया आज टी20 वर्ल्ड कप 2026 सुपर-8 में अपना आखिरी मैच वेस्टइंडीज से खेलने वाली है। IND vs WI का यह मैच एक तरह का वर्चुअल क्वार्टर फाइनल है। जो टीम आज जीतेगी वह सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेगी। ग्रुप-1 से साउथ अफ्रीका पहले ही नॉकआउट स्टेज में जगह बना चुका है। वहीं ग्रुप-2 से इंग्लैंड और न्यूजीलैंड की टीम क्वालीफाई कर चुकी है। आज इंडिया वर्सेस वेस्टइंडीज मुकाबले के जरिए सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चौथी टीम की तस्वीर साफ हो जाएगी। सवाल यह है कि अगर भारत सेमीफाइनल में पहुंचता है तो उनका सामना इंग्लैंड या न्यूजीलैंड किससे होगा। आईए समझते हैं-
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला सेमीफाइनल सुपर-8 ग्रुप-1 की टॉपर टीम और ग्रुप-2 में दूसरे पायदान पर रहने वाली टीम के बीच होगा। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में ग्रुप-2 की टॉपर टीम और ग्रुप-1 में दूसरे पायदान पर रहने वाली टीम भिड़ेगी।
पहला सेमीफाइनल 4 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा। वहीं दूसरा सेमीफाइनल मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होस्ट किया जाएगा। T20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल 8 मार्च को अहमदाबाद में खेला जाएगा।
इंग्लैंड और न्यूजीलैंड का तो तय हो चुका है कि वह कौन सा सेमीफाइनल खेलने वाली है। इंग्लैंड ग्रुप-2 की टेबल टॉपर रही है तो उनका मुकाबला वानखेड़े में ग्रुप-1 में दूसरे पायदान पर रहने वाली टीम से होगा। वहीं न्यूजीलैंड अपना सेमीफाइनल मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेलेगी।
ग्रुप-1 से साउथ अफ्रीका अभी तक नंबर-1 है, उनके खाते में 4 अंक है। वहीं भारत और वेस्टइंडीज 2-2 पॉइंट्स के साथ रेस में है। आज IND vs WI मैच में जो टीम जीत दर्ज करेगी, वो सेमीफाइनल का टिकट कटाएगी। भारत और वेस्टइंडीज में से कोई एक टीम साउथ अफ्रीका के बराबर 4 अंक कर पाएगी।
ऐसे में सेमीफाइनल का शेड्यूल नेट रन रेट पर जाकर अटक जाएगा। दरअसल, 4-4 पॉइंट्स होने की वजह से नेट रन रेट के आधार पर तय किया जाएगा कि ग्रुप-1 की टेबल टॉपर कौन सी टीम बनेगी।
साउथ अफ्रीका का नेट रन रेट +2.890 का है। वहीं वेस्टइंडीज का +1.791 का तो भारत का -0.100।
साउथ अफ्रीका का सुपर-8 का आज आखिरी मुकाबला जिम्बाब्वे से है, अफ्रीकी टीम जिस फॉर्म में है उसे देखकर यही उम्मीद लगाई जा रही है कि वह इस मैच को आसानी से अपने नाम कर लेगा।
अगर भारत आज वेस्टइंडीज को हराता है तो वह दूसरे नंबर पर ही रहेगा क्योंकि टीम इंडिया नेट रन रेट के मामले में मुश्किल ही साउथ अफ्रीका से आगे निकल पाएगी। ऐसे में कोलकाता के ईडन गार्डन्स पर इंग्लैंड के खिलाफ भारत के सेमीफाइनल मुकाबला होने की उम्मीदें अधिक है। ऐसे में साउथ अफ्रीका की टीम 4 मार्च को न्यूजीलैंड से भिड़ेगी।
वहीं वेस्टइंडीज के पास नंबर-1 बनने का मौका है। अगर वेस्टइंडीज बड़े अंतर से भारत को हराता है तो वह ना सिर्फ सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेगा, बल्कि टेबल टॉपर भी बन जाएगा। ऐसे में वेस्टइंडीज का सामना न्यूजीलैंड से तो साउथ अफ्रीका का इंग्लैंड से होगा।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें



