टी20 विश्व कप: यूएई के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका के मुकाबले में ब्रेविस पर होगी निगाह

Feb 17, 2026 04:41 pm ISTChandra Prakash Pandey नई दिल्ली, भाषा
share Share
Follow Us on

दक्षिण अफ्रीका टी20 विश्व कप के ग्रुप डी के अपने अंतिम और महत्तवहीन जैसे मुकाबले में बुधवार को दिल्ली में संघर्ष कर रहे संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ उतरेगा। अफ्रीकी टीम की निगाहें युवा विस्फोटक बल्लेबाज डेवॉल्ड ब्रेविस की फॉर्म पर टिकी होंगी।

टी20 विश्व कप: यूएई के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका के मुकाबले में ब्रेविस पर होगी निगाह

दक्षिण अफ्रीका टी20 विश्व कप के ग्रुप डी के अपने अंतिम और महत्तवहीन जैसे मुकाबले में बुधवार को दिल्ली में संघर्ष कर रहे संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ उतरेगा। अफ्रीकी टीम की निगाहें युवा विस्फोटक बल्लेबाज डेवॉल्ड ब्रेविस की फॉर्म पर टिकी होंगी।

दक्षिण अफ्रीका तीन जीत के साथ पहले ही सुपर आठ में जगह बना चुका है। इसमें अफगानिस्तान के खिलाफ दो सुपर ओवर तक चले रोमांचक मुकाबले में जीत और न्यूजीलैंड पर सात विकेट की प्रभावशाली विजय शामिल है।

यूएई के लिए यह मुकाबला मार्को यानसन, कागिसो रबाडा और लुंगी एनगिडी जैसे तेज गेंदबाजों के खिलाफ खुद को परखने का मौका होगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्हें ऐसी आक्रमण पंक्ति का सामना कम ही करने को मिलता है, क्योंकि प्रोटियाज के अधिकांश खिलाड़ी एसए20 में खेलते हैं। एसए 20 का आयोजन यूएई की घरेलू टी20 लीग आईएलटी20 से टकराती है।

दक्षिण अफ्रीका के लिए यह मैच अभ्यास जैसा होगा और टीम फिरोजशाह कोटला मैदान की सपाट पिच का पूरा फायदा उठाने के लिए पहले बल्लेबाजी करना चाहेगी।

शीर्ष क्रम में क्विंटन डिकॉक, एडेन मार्करम और रयान रिकेल्टन तीन मैचों में कम से कम एक-एक अर्धशतक जड़ चुके हैं, लेकिन ब्रेविस (छह, 23 और 21) अभी तक अपनी पूरी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं।

महान एबी डिविलियर्स से बल्लेबाजी शैली की समानता के कारण 'बेबी एबी' के नाम से मशहूर ब्रेविस के शानदार शॉट्स के बीच गैर-जिम्मेदाराना स्ट्रोक खेलने की प्रवृत्ति उनके अगले स्तर पर पहुंचने में बाधा बनी है। यही कारण है कि 22 वर्षीय ब्रेविस को अभी शुभमन गिल, हैरी ब्रूक और यशस्वी जायसवाल जैसे समकालीन युवा सितारों की श्रेणी में नहीं रखा जाता।

यूएई के पास ज्यादा तेज रफ्तार वाले गेंदबाज नहीं हैं और कोटला की बल्लेबाजों के अनुकूल पिच ब्रेविस को अहमदाबाद में भारत के खिलाफ होने वाले सुपर आठ मुकाबले से पहले लय हासिल करने का अवसर दे सकती है।

दक्षिण अफ्रीका अपनी बल्लेबाजी क्रम में शायद ही बदलाव करे लेकिन कप्तान मारक्रम मुख्य तेज गेंदबाज रबाडा और एनगिडी को आराम देकर एनरिक नॉर्किया और युवा क्वेना मफाका को मौका दे सकते हैं।

यूएई के लिए रन बनाने की जिम्मेदारी जामिया मिलिया इस्लामिया के पूर्व छात्र सोहैब खान पर होगी, जिन्होंने टूर्नामेंट में लगातार दो अर्धशतक जड़कर टीम की बल्लेबाजी की रीढ़ की भूमिका निभाई है। कप्तान मोहम्मद वसीम और अलीशन शरफू से भी लालचंद राजपूत की कोचिंग वाली टीम को अहम योगदान की उम्मीद होगी।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं:

दक्षिण अफ्रीका: एडेन मारक्रम (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन, डेवॉल्ड ब्रेविस, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को यानसन, केशव महाराज, जॉर्ज लिंडे, कागिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी, कॉर्बिन बॉश, क्वेना मफाका, एनरिक नोर्कयाजे, डोनोवन फरेरा, डेविड मिलर।

यूएई: मुहम्मद वसीम (कप्तान), अलीशन शराफू, सोहैब खान, सैयद हैदर (विकेटकीपर), आर्यांश शर्मा (विकेटकीपर), मयंक कुमार, हर्षित कौशिक, ध्रुव पराशर, मोहम्मद फारूक, हैदर अली, जुनैद सिद्दीकी, मोहम्मद जवादुल्लाह, मोहम्मद अरफान, मोहम्मद रोहिद, सिमरनजीत सिंह।

समय: मैच सुबह 11 बजे से शुरू होगा।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय, असिस्टेंट एडिटर

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, लाइव स्कोर, क्रिकेट शेड्यूल, T20 वर्ल्ड कप 2026, T20 वर्ल्ड कप 2026 शेड्यूल और T20 वर्ल्ड कप 2026 प्वाइंट टेबल की पूरी जानकारी और खिलाड़ियों के आंकड़े हिंदी में पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें।
;;;