इंग्लैंड की सांस अटकाने वाले नेपाल और इटली की भिड़ंत में किसका पलड़ा रहेगा भारी?

Feb 11, 2026 01:50 pm ISTChandra Prakash Pandey नई दिल्ली, भाषा
share

अपने पहले मैच में इंग्लैंड को कड़ी टक्कर देने वाला नेपाल गुरुवार को मुंबई में इटली के खिलाफ होने वाले टी20 विश्व कप के मैच में जीत हासिल करने के लिए अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ेगा।

इंग्लैंड की सांस अटकाने वाले नेपाल और इटली की भिड़ंत में किसका पलड़ा रहेगा भारी?

अपने पहले मैच में इंग्लैंड को कड़ी टक्कर देने वाला नेपाल गुरुवार को मुंबई में इटली के खिलाफ होने वाले टी20 विश्व कप के मैच में जीत हासिल करने के लिए अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ेगा।

इटली की टीम पहली बार इस प्रतियोगिता में भाग ले रही है जबकि नेपाल ने 12 साल पहले इस टूर्नामेंट में पदार्पण किया था। उसने 2014 में हांगकांग और अफगानिस्तान को हराया था लेकिन उसके बाद नेपाल एक भी मैच नहीं जीत पाया है।

दिलचस्प बात यह है कि नेपाल तीन मौकों पर टेस्ट खेलने वाले देशों को हराने के बेहद करीब पहुंचा, लेकिन आखिर उसे हार का सामना करना पड़ा था। वह 2024 में दक्षिण अफ्रीका से सिर्फ एक रन से और बांग्लादेश से 21 रन से हार गया था।

लेकिन पिछले रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ वह एक समय लक्ष्य हासिल करने के करीब पहुंच गया था लेकिन आखिर में उसे चार रन से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच के बाद हालांकि नेपाल के क्रिकेटरों को सुर्खियां मिल गई हैं जिन्होंने अपने खेल में काफी सुधार किया है।

नेपाल की टीम ने इस मैच में पूर्व चैंपियन इंग्लैंड को कड़ी चुनौती दी थी। उसे दर्शकों का भी भरपूर समर्थन मिला था और इटली के खिलाफ भी पूरी संभावना है कि दर्शक उसे पूरा समर्थन देंगे।

कुशल भुर्टेल के रूप में नेपाल के पास शीर्ष क्रम में ऐसा बल्लेबाज है जो आक्रामक शुरुआत दे सकता है, वहीं दीपेंद्र सिंह ऐरी, कप्तान रोहित पौडेल और आरिफ शेख मध्य क्रम को मजबूती प्रदान करते हैं।

लोकेश बाम ने अपने आक्रामक स्ट्रोक प्ले से इंग्लैंड के खिलाफ एक बड़ा उलटफेर करने की संभावना जगा दी थी। उन्होंने जोफ्रा आर्चर और आदिल राशिद जैसे कुशल गेंदबाजों को निशाने पर रखा था।

नेपाल को हालांकि कुछ क्षेत्रों में सुधार करने की जरूरत है। इंग्लैंड के खिलाफ बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने बीच के ओवरों में पर्याप्त चौके नहीं लगाए। उन्हें विकेटों के बीच दौड़ में भी सुधार करना होगा।

दूसरी ओर इटली टूर्नामेंट के पहले मैच में स्कॉटलैंड से मिली 73 रन की करारी हार को भुलाकर नए सिरे से शुरुआत करना चाहेगा। इस मैच के दौरान इटली के कप्तान वेन मैडसेन के कंधे में भी चोट लग गई थी और पूरी संभावना है कि नेपाल के खिलाफ हैरी मैनेंटी टीम की कप्तानी करेंगे।

इटली ने गेंदबाजी के सात विकल्पों का इस्तेमाल किया, लेकिन वह उस टीम को रोकने में विफल रही जिसकी टूर्नामेंट से पहले की तैयारी आदर्श नहीं थी। बांग्लादेश को बाहर किए जाने के कारण स्कॉटलैंड को अंतिम समय में टूर्नामेंट में जगह मिली थी।

नेपाल के खिलाफ इटली को अगर जीत दर्ज करनी है तो उसके सभी बल्लेबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा क्योंकि पिछले मैच में उसके छह बल्लेबाज दोहरे अंक में भी नहीं पहुंच पाए थे।

टीम इस प्रकार हैं:

नेपाल: रोहित पौडेल (कप्तान), आरिफ शेख, आसिफ शेख (विकेटकीपर), दीपेंद्र सिंह ऐरी, बसीर अहमद, कुशल भुर्टेल, संदीप जोरा, लोकेश बाम, गुलसन झा, करण केसी, सोमपाल कामी, संदीप लामिछाने, शेर मल्ला, ललित राजबंशी, नंदन यादव।

इटली: वेन मैडसेन (कप्तान), मार्कस कैंपोपियानो, जियान-पिएरो मीडे (विकेटकीपर), एंथोनी मोस्का, जस्टिन मोस्का, सैयद नकवी, हैरी मैनेंटी, जे जे स्मट्स, ग्रांट स्टीवर्ट, अली हसन, थॉमस ड्रेका, जसप्रीत सिंह, क्रिशन कलुगामागे, बेन मैनेंटी, ज़ैन अली।

समय: मैच दोपहर 3:00 बजे (भारतीय समयानुसार) शुरू होगा।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय, असिस्टेंट एडिटर

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, लाइव स्कोर, क्रिकेट शेड्यूल, T20 वर्ल्ड कप 2026, T20 वर्ल्ड कप 2026 शेड्यूल और T20 वर्ल्ड कप 2026 प्वाइंट टेबल की पूरी जानकारी और खिलाड़ियों के आंकड़े हिंदी में पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें।