Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़icc t20 world cup 16th match Sri Lanka vs Oman preview
टी20 विश्व कप: ओमान कहीं चौंका न दे? श्रीलंका को आयरलैंड के खिलाफ मैच वाली गलती से बचना होगा

टी20 विश्व कप: ओमान कहीं चौंका न दे? श्रीलंका को आयरलैंड के खिलाफ मैच वाली गलती से बचना होगा

संक्षेप:

श्रीलंका की टीम गुरुवार को पल्लीकल में टी20 विश्व कप के ग्रुप बी के मैच में ओमान का सामना करेगी। उसकी निगाह अपनी बल्लेबाजी विशेषकर बीच के ओवरों में अच्छा प्रदर्शन करने और चोटिल वानिंदु हसरंगा के बाहर हो जाने के बाद नया गेंदबाजी संयोजन तैयार करने पर होगी।

Feb 11, 2026 02:09 pm ISTChandra Prakash Pandey नई दिल्ली, भाषा
share Share
Follow Us on

श्रीलंका की टीम गुरुवार को पल्लीकल में टी20 विश्व कप के ग्रुप बी के मैच में ओमान का सामना करेगी। उसकी निगाह अपनी बल्लेबाजी विशेषकर बीच के ओवरों में अच्छा प्रदर्शन करने और चोटिल वानिंदु हसरंगा के बाहर हो जाने के बाद नया गेंदबाजी संयोजन तैयार करने पर होगी।

स्पिन गेंदबाज हसरंगा आयरलैंड के खिलाफ अपने पहले मैच के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लगने के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

आईसीसी के इस टूर्नामेंट से पहले श्रीलंका का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। उसे इंग्लैंड से घरेलू श्रृंखला में 0-3 से करारी हार मिली थी। हालांकि टूर्नामेंट की सह-मेजबान टीम ने आयरलैंड के खिलाफ 20 रन की जीत के साथ अपने अभियान की सकारात्मक शुरुआत की।

इस मैच में हालांकि उसकी स्पिन गेंदबाजी को खेलने की कमजोरी उजागर हो गई। आयरलैंड ने जब स्पिन गेंदबाज लगाए तो श्रीलंका के बल्लेबाज सातवें और 15वें ओवर के बीच एक भी चौका नहीं लगा सके। ओमान इसका फायदा उठाने की कोशिश करेगा।

अगर कामिंदु मेंडिस ने आखिरी ओवरों में 19 गेंदों पर 44 रन बनाकर श्रीलंका को एक प्रतिस्पर्धी स्कोर तक नहीं पहुंचाया होता तो हालात बदतर हो सकते थे।

जहां कामिंदु ने अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाए वहीं कुसल मेंडिस ने जीवनदान का फायदा उठाते हुए अर्धशतक लगाया।

टीम को सलामी बल्लेबाज पथुम निसंका और कामिल मिशारा से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी जो अपनी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने में विफल रहे।

हसरंगा ने आयरलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था। चोटिल होने के बावजूद उन्होंने अपने चार ओवर पूरे किए और तीन महत्वपूर्ण विकेट लिए। उनकी जगह दुशान हेमंथा को टीम में शामिल किया गया है जिन्होंने अभी तक केवल पांच वनडे और तीन टी20 मैच खेले हैं।

ऐसे में पहले मैच में भी तीन विकेट लेने वाले स्पिनर महेश थीक्षाना को अतिरिक्त जिम्मेदारी संभालनी होगी।

जहां तक ओमान का सवाल है तो उसे जिम्बाब्वे के खिलाफ आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा। चौथी बार इस टूर्नामेंट में खेल रहे ओमान को तेज गेंदबाजी और अतिरिक्त उछाल के सामने संघर्ष करना पड़ा। कोलंबो में उसके शीर्ष पांच बल्लेबाज दोहरे अंक तक पहुंचने में भी नाकाम रहे।

कप्तान जतिंदर सिंह जानते हैं कि उनकी टीम को अगर श्रीलंका के सामने कड़ी चुनौती पेश करनी है तो उनके बल्लेबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा क्योंकि पिछले मैच में उसके गेंदबाजों ने अच्छा खेल दिखाया था। पिछले मैच में सुफयान महमूद ने दो विकेट लेकर प्रभावित किया, वहीं शाह फैसल ने भी अच्छी गेंदबाजी की।

टीम इस प्रकार हैं:

श्रीलंका: दासुन शनाका (कप्तान), पथुम निसांका, कामिल मिशारा, कुसल मेंडिस, कामिंडु मेंडिस, कुसल जेनिथ परेरा, चैरिथ असलांका, जेनिथ लियानागे, पवन रथनायके, डुनिथ वेललागे, महेश थीक्षाना, दुष्मंथा चमीरा, मथीशा पथिराना, प्रमोद मदुशन, दुशान हेमंथा।

ओमान: जतिंदर सिंह (कप्तान), आमिर कलीम, हम्माद मिर्जा, वसीम अली, करण सोनावाले, जितेन रामानंदी, विनायक शुक्ला (विकेटकीपर), सुफियान महमूद, नदीम खान, शाह फैसल, शकील अहमद, मोहम्मद नदीम, जय ओडेदरा, आशीष ओडेदरा, शफीक जान।

समय: मैच सुबह 11 बजे (भारतीय समयानुसार) शुरू होगा।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ,असिस्टेंट एडिटर

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, लाइव स्कोर, क्रिकेट शेड्यूल, T20 वर्ल्ड कप 2026, T20 वर्ल्ड कप 2026 शेड्यूल और T20 वर्ल्ड कप 2026 प्वाइंट टेबल की पूरी जानकारी और खिलाड़ियों के आंकड़े हिंदी में पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें।
;;;