ICC रैंकिंग में पाकिस्तान की हालत कैसी है और कहां खड़ा है भारत? यहां देखिए दोनों देशों की तुलना
ICC Rankings में पाकिस्तान टीम की हालत कैसी है और उसके खिलाड़ी किस-किस पायदान पर हैं, जबकि भारतीय टीम की हालत कैसी है और भारतीय खिलाड़ी किस-किस पोजिशन पर हैं? ये जान लीजिए।

दुनिया में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और पाकिस्तान क्रिकेट टीम की थू-थू हो रही है। इंग्लैंड में 3 मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले 2 टेस्ट हारने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का ऐसा चाबुक टीम पर चला है, जिससे हर कोई हैरान है। टीम की खराब परफॉर्मेंस का आलम यह है कि किसी भी फॉर्मेट में पाकिस्तान की टीम आईसीसी रैंकिंग में टॉप 3 में नहीं है। एक फॉर्मेट में टॉप 5 में जरूर है, लेकिन बाकी के दो फॉर्मेट में टीम टॉप 5 से बाहर है। वहीं, टीम इंडिया हर फॉर्मेट में पाकिस्तान से कहीं ज्यादा बेहतर स्थिति में है। दो फॉर्मेट में भारत नंबर वन भी है।
सबसे पहले बात टेस्ट क्रिकेट की ही करते हैं, क्योंकि इसी फॉर्मेट में सीरीज हारने के बाद पाकिस्तान ने एक या दो नहीं, बल्कि टीम में 7 बदलाव किए हैं और टेस्ट हेड कोच के अलावा गेंदबाजी कोच को भी बाहर कर दिया है। ऐसे में अगर आईसीसी टेस्ट रैंकिंग पर नजर डालें तो पाकिस्तान टॉप 5 में भी नहीं है। पाकिस्तान की हालत बांग्लादेश और श्रीलंका से भी बदतर है। पाकिस्तान टेस्ट रैंकिंग में 8वें स्थान पर है, जबकि टीम इंडिया फॉर्मेट में चौथे स्थान पर है, लेकिन एक मैच जीतकर तीसरे स्थान पर भी पहुंच सकती है।
वहीं, अगर बात वनडे फॉर्मेट की करें तो आईसीसी ओडीआई रैंकिंग में पाकिस्तान की टीम टॉप 5 में है। यही एक फॉर्मेट है, जिसमें पाकिस्तान की टीम टॉप 5 में है। वहीं, टीम इंडिया इस फॉर्मेट में नंबर वन टीम है। न्यूजीलैंड की टीम दूसरे स्थान पर है, लेकिन भारत से 7 पॉइंट्स पीछे है। इसके अलावा टी20 रैंकिंग की बात करें तो यहां भी पाकिस्तान टॉप 5 से बाहर है। आईसीसी की टी20 रैंकिंग में पाकिस्तान छठे स्थान पर है, जबकि भारतीय टीम इस फॉर्मेट में भी नंबर वन है। इंग्लैंड और भारत के रेटिंग पॉइंट्स बराबर हैं।
| फॉर्मेट | टीम इंडिया की रैंकिंग | पाकिस्तान की रैंकिंग |
|---|---|---|
| टेस्ट | चौथी | आठवीं |
| वनडे | पहली | पांचवीं |
| टी20 | पहली | छठी |
ICC रैंकिंग में पाकिस्तान के खिलाड़ियों की हालत क्या?
ICC रैंकिंग में पाकिस्तान के बल्लेबाजों की हालत कैसी है? इसके बारे में भी आप जान लीजिए। आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में बल्लेबाजों की बात करें तो टॉप 10 में पाकिस्तान का सिर्फ एक खिलाड़ी है और वह भी कप्तान बाबर आजम हैं, जो 10वें पायदान पर हैं। वनडे क्रिकेट में बाबर आजम छठे नंबर पर हैं, जबकि टी20 क्रिकेट में साहिबजादा फरहान दूसरे नंबर पर विराजमान हैं।
बॉलिंग में टेस्ट रैंकिंग में नोमान अली 8वें नंबर पर हैं, जबकि वनडे में अबरार अहमद दूसरे और शाहीन शाह अफरीदी 8वें स्थान पर हैं। टी20 में अबरार ही दूसरे और मोहम्मद नवाज 10वें नंबर पर हैं। ऑलराउंडर्स की बात करें तो टेस्ट और वनडे में पाकिस्तान का कोई खिलाड़ी नहीं है, लेकिन टी20 में सैम अयूब दूसरे और मोहम्मद नवाज 10वें नंबर पर हैं।
ICC रैंकिंग ये है भारतीय खिलाड़ियों का जलवा
भारत की बात करें तो टेस्ट रैंकिंग में बल्लेबाजों में ऋषभ पंत सातवें और शुभमन गिल 8वें नंबर पर हैं। वनडे क्रिकेट में शुभमन गिल पहले, विराट कोहली तीसरे और रोहित शर्मा चौथे स्थान पर है। टी20 रैंकिंग में ईशान किशन पहले, अभिषेक शर्मा तीसरे और तिलक वर्मा छठे स्थान पर हैं। गेंदबाजी में टेस्ट में जसप्रीत बुमराह दूसरे नंबर पर हैं। वनडे में कोई भारतीय शामिल नहीं है और टी20 में वरुण चक्रवर्ती आठवें स्थान पर हैं। ऑलराउंडर्स में टेस्ट में रविंद्र जडेजा पहले और वॉशिंगटन सुंदर छठे नंबर पर हैं। वनडे में अक्षर पटेल नौवें और टी20 में हार्दिक पांड्या पांचवें नंबर पर हैं।



