टी-20 विश्व कप में बदलाव: ICC टीमों की संख्या 20 से बढ़ाकर 24 करने की कर रहा तैयारी, कब तक लागू होगा नियम?
आईसीसी टी-20 विश्व कप में बदलाव करने की तैयारी कर रहा है। हालांकि, यह बदलाव दो विश्व कप संस्करण पूरे हो जाने के बाद प्रभावी होगें। रिपोर्ट के मुताबिक, टी-20 विश्व कप की टीमों की संख्या 20 से बढ़कर 24 हो सकती है।

आईसीसी टी-20 विश्व कप में बदलाव करने की तैयारी कर रहा है। हालांकि, यह बदलाव दो विश्व कप संस्करण पूरे हो जाने के बाद प्रभावी हो सकते हैं। द टेलीग्राफ की एक रिपोर्ट के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद यानी आईसीसी, पुरुष टी20 विश्व कप के एक और विस्तार पर विचार कर रहा है। इसके तहत 2032 संस्करण से टूर्नामेंट में टीमों की संख्या 20 से बढ़कर 24 होने की संभावना है। ऐसा क्रिकेट को वैश्विक विस्तार के उद्देश्य से किया जाएगा।
रिपोर्ट में क्या कहा गया, विस्तार
रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत और श्रीलंका में 2026 संस्करण की सफलता के बाद चर्चाओं में तेजी आई है। आईसीसी उभरते क्रिकेट देशों के लिए अवसरों को बढ़ाने के साथ-साथ नए बाजारों में पैठ बनाने के लिए उत्सुक है। यह कदम एक दशक से कुछ अधिक समय में टूर्मामेंट का दूसरा बड़ा विस्तार होगा। इससे पहले 2024 में टीमों की संख्या 16 से बढ़कर 20 हो गई थी। रिपोर्ट के अनुसार, आईसीसी का लक्ष्य 32 टीमों का टी20 विश्व कप आयोजित करना है, जो कई वैश्विक खेल आयोजनों में देखे गए विस्तार के अनुरूप है। प्रशासकों द्वारा स्टेप बाय स्टेप प्रक्रिया अपनाने की उम्मीद है, जिसमें पहले टीमों की संख्या बढ़ाकर 24 की जाएगी और फिर आने वाले वर्षों में और विस्तार की संभावना का आकलन किया जाएगा। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि आईसीसी टी20 फॉर्मेट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्रिकेट को बढ़ावा देने का सबसे इफेक्टिव माध्यम मानती है। खासकर तब जब क्रिकेट एक सदी से अधिक के अंतराल के बाद 2028 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक खेलों में वापसी करने जा रहा है। एक बड़े विश्व कप से सहयोगी देशों को अधिक अवसर और योग्यता हासिल करने का मौका मिलेगा। साथ ही विकासशील बाजारों में क्रिकेट की उपस्थिति भी मजबूत होगी।
2028 और 2030 विश्व कप पर नहीं पड़ेगा कोई असर
किसी भी बदलाव का असर अगले दो टूर्नामेंटों पर नहीं पड़ेगा। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होने वाले 2028 संस्करण और 2030 के आयोजन में मौजूदा 20-टीम फॉर्मेट को बरकरार रखने की उम्मीद है। प्रस्तावित विस्तार को अगर मंजूरी मिलती है तो यह 2032 से ही प्रभावी होगा।
ICC लगातार बढ़ा रहा टीमों की संख्या
पुरुष टी20 विश्व कप में 2022 संस्करण तक 16 टीमें शामिल थीं, लेकिन 2024 में टूर्नामेंट का विस्तार करके 20 टीमें कर दी गईं, जिससे अधिक सहयोगी देशों को सबसे बड़े मंच पर प्रतिस्पर्धा करने का मौका मिला। विस्तारित प्रतियोगिता में अमेरिका, स्कॉटलैंड और नीदरलैंड जैसी टीमें शामिल हुईं। हालांकि, एक बड़े विश्व कप का आयोजन करना आईसीसी के लिए सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक हो सकता है। आईसीसी ने अभी तक प्रतियोगिता के प्रारूप में किसी भी बदलाव की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।



