
पाकिस्तान ने फिर शुरू की नौटंकी, टिकट के पोस्टर पर कप्तान का फोटो नहीं होने पर PCB खफा
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड टी20 विश्व कप के टिकट बिक्री वाले पोस्टर में पाकिस्तानी सलमान अली आगा को शामिल नहीं करने पर आधिकारिक तौर पर आपत्ति जताई है और आईसीसी के इस निर्णय को अपमानजनक माना है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप के टिकटों की बिक्री के लिए जारी किए गए प्रचार पोस्टर में अपने कप्तान सलमान अली आगा की तस्वीर न होने से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) से नाखुश है। पीसीबी के एक विश्वसनीय सूत्र ने बताया कि इस मामले को आईसीसी के समक्ष उठाया गया है क्योंकि प्रचार पोस्टर में केवल पांच कप्तानों की तस्वीर है। इसमें सूर्यकुमार यादव (भारत), एडेन मार्कराम (दक्षिण अफ्रीका), मिचेल मार्श (ऑस्ट्रेलिया), दासुन शनाका (श्रीलंका) और हैरी ब्रूक (इंग्लैंड) शामिल है।
सूत्र ने कहा, ‘‘कुछ महीने पहले एशिया कप के दौरान भी हमें इसी तरह की समस्या का सामना करना पड़ा था, उस समय प्रसारकों ने हमारे कप्तान की तस्वीर के बिना ही प्रचार अभियान शुरू कर दिया था।’’ उन्होंने बताया कि पीसीबी की एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) से बात करने के बाद ही स्थिति में बदलाव आया।
उन्होंने कहा, ‘‘इस बार भी हमें ऐसी ही स्थिति का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि आईसीसी ने टिकटों की बिक्री के लिए जारी किए गए प्रचार पोस्टर में हमारे कप्तान की तस्वीर नहीं लगाई है।’’ उन्होंने कहा कि भले ही पाकिस्तान आईसीसी टी20 रैंकिंग में शीर्ष पांच टीमों में शामिल न हो, लेकिन उसका एक समृद्ध इतिहास है और वह विश्व कप में सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाली टीमों में से एक है।
उन्होंने कहा कि पीसीबी को पूरा भरोसा है कि आईसीसी प्रचार पोस्टर और अभियानों में पाकिस्तानी कप्तान को जरूर शामिल करेगी। टी20 विश्व कप 2026 के टिकटों की बिक्री गुरुवार से शुरू हो गई है जिसमें कुछ जगहों के लिए पहले चरण में कीमत 100 रुपये या 1000 श्रीलंकाई रुपये जितनी कम रखी गई है। भारत और श्रीलंका सात फरवरी से आठ मार्च तक मिलकर टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने अपने प्लेटफॉर्म पर टी20 विश्व कप के 10वें चरण के टिकटों की बिक्री की घोषणा की जिसमें 20 टीम का टूर्नामेंट आठ जगहों पर खेला जाएगा।
भारत में विश्व कप के लिए अहमदाबाद, चेन्नई, नयी दिल्ली, मुंबई और कोलकाता मेजबान शहर होंगे जबकि श्रीलंका में कोलंबो (दो जगह) और कैंडी दो स्थान होंगे। गत चैंपियन भारत टूर्नामेंट के पहले दिन तीन मैचों में से एक में अमेरिका से भिड़ेगा।






