ICC ODI Rankings: शुभमन गिल सिंहासन छीनने से इतनी दूर, विराट और रोहित ने झेला नुकसान; अक्षर की आ गई मौज
Latest ICC ODI Rankings: शुभमन गिल को ताजा वनडे रैंकिंग में अंकों का फायदा हुआ है। विराट कोहली और रोहित शर्मा को नुकसान उठाना पड़ा है। टॉप-10 में भारत के तीन बल्लेबाज हैं।

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार को पुरुष वनडे खिलाड़ियों की ताजा रैंकिंग जारी की है। भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने सिंहासन छीनने की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। दूसरे नंबर पर मौजूद गिल को 12 रेटिंग अंकों का फायदा हुआ है। न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल (814) फिलहाल नंबर-1 वनडे बल्लेबाज हैं। मिचेल और गिल में सिर्फ 11 अंकों का अंतर है। मिचेल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के शुरुआती दो मैचों में 93 रन बनाए और अब टॉप स्पॉट की रेस दिलचस्प हो गई है। गिल ने मंगलवार को बर्मिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में 75 गेंदों में 80 रनों की शानदार पारी खेली थी, जिसमें 11 चौके और एक सिक्स है। उन्हें रिटायर्ड हर्ट होने की वजह से लौटना पड़ा। भारत ने बर्मिंघम में इंग्लैंड को 6 विकेट से रौंदा।
विराट और रोहित को नुकसान
भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा पहले वनडे में फ्लॉप रहे, जिसके चलते दोनों को नुकसान झेलना पड़ा। तीसरे नंबर पर कोहली (757) को 11 जबकि चौथे स्थान पर रोहित (744) को 10 अंकों का घाटा हुआ है। कोहली ने मैच में 6 गेंदों का सामना करने के बाद महज 5 रन बनाए। रोहित के बल्ले से 21 गेंदों में 11 रन निकले। इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट (76 गेंदों में नाबाद 76) ने बर्मिंघम में नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली। रूट संयुक्त रूप से 12वें स्थान पर पहुंच गए हैं। भारत के केएल राहुल भी 12वें नंबर पर हैं। राहुल ने मैच में केवल एक रन बनाया था। लियाम डॉसन ने 68 रन की जबरदस्त पारी की वजह से बैटिंग रैंकिंग में 81 स्थान की छलांग लगाई है। वह 262वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
अक्षर पटेल की आ गई मौज
वहीं, ऑलराउंडर अक्षर पटेल की मौज आ गई। वह बैटिंग रैंकिंग में 18 पायदान चढ़कर 73वें नंबर पर आ गए हैं और बॉलिंग रैंकिंग में दो स्थान ऊपर 42वें नंबर पर चले गए। वह ऑलराउंडर रैंकिंग में टॉप 10 में आ गए हैं और अब नौवें नंबर पर हैं। सुंदर को बैटिंग रैंकिंग (24 स्थान ऊपर 177वां ) और ऑलराउंडर रैंकिंग में (16 पाचदान चढ़कर 55वां) में फायदा हुआ। ऑलराउंडर अक्षर पटेल (नाबाद 57) और वॉशिंगटन सुंदर (नाबाद 52) ने 102 रनों की साझेदार कर भारत की जीत की नैया पार लगाई थी। अक्षर ने 62 रन देकर चार विकेट भी चटकाए। वह प्लेयर द मैच चुने गए। अफगानिस्तान के अजमतुल्लाह उमरजई नंबर-1 वनडे ऑलराउंडर हैं। भारत के धाकड़ पेसर जसप्रीत बुमराह बॉलिंग रैंकिंग में 24वें स्थान पर वापस आ गए हैं। उन्होंने 2023 वर्ल्ड कप के बाद वनडे फॉर्मेट में अच्छी वापसी की। बुमराह ने पहले वनडे में 9 ओवर में 31 रन देकर हैरी ब्रूक का अहम विकेट चटकाया। अफगानिस्तान के राशिद खान नंबर-1 वनडे गेंदबाज हैं।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



