3 मैच 923 रन, 2 टीमों ने सुपर-8 के लिए किया क्वालीफाई, जानिए 15 फरवरी को विश्व कप में क्या-क्या हुआ?
टी-20 विश्व कप में 15 फरवरी को 3 मुकाबले खेले गए जहां पहले मुकाबले में वेस्टइंडीज ने नेपाल को हराकर सुपर 8 में क्वालीफाई किया। वहीं, यूएसए ने नामीबिया पर बड़ी जीत दर्ज की है। भारत ने पाकिस्तान को बुरी तरह रौंदकर सुपर 8 में जगह पक्की कर ली है।

आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 में रविवार (15 फरवरी) को ट्रिपल-हेडर मुकाबले खेले गए, जिसमें भारत और वेस्टइंडीज ने सुपर 8 में अपनी जगह पक्की कर ली। पहले मैच में वेस्टइंडीज ने नेपाल को 9 विकेट से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। नेपाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 8 विकेट पर 133 रन बनाए थे। दीपेंद्र सिंह ऐरी ने नेपाल के लिए सर्वाधिक 58 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। वेस्टइंडीज के गेंदबाज जेसन होल्डर ने घातक गेंदबाजी करते हुए 27 रन देकर 4 विकेट झटके। कप्तान शाई होप के नाबाद 61 और शिम्रोन हेटमायर के नाबाद 46 रनों की मदद से वेस्टइंडीज ने लक्ष्य को मात्र 15.2 ओवर में हासिल कर लिया।
दूसरे मुकाबले में अमेरिका (USA) ने नामीबिया को 31 रनों से हराकर अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा। अमेरिका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 199/4 का विशाल स्कोर खड़ा किया। संजय कृष्णमूर्ति को उनके बेहतरीन बल्लेबाजी प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। नामीबिया की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 20 ओवरों में 6 विकेट पर 168 रन ही बना सकी। शैडली वैन शल्कविक ने 2 विकेट लिए और इस टूर्नामेंट में कुल 13 विकेट लेकर एक नया रिकॉर्ड बनाया। इस हार के साथ नामीबिया की टीम विश्व कप के अगले दौर की रेस से बाहर हो गई है।
दिन का सबसे बड़ा मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया। भारत ने इस महामुकाबले में पाकिस्तान को 61 रनों के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 7 विकेट पर 175 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज ईशान किशन ने मात्र 40 गेंदों पर 77 रनों की तूफानी पारी खेलकर पाकिस्तान को बैकफुट पर धकेल दिया। तिलक वर्मा ने 25 और शिवम दुबे ने 27 रनों का महत्वपूर्ण योगदान देकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। पाकिस्तान की ओर से सईम अयूब ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सबसे अधिक 3 विकेट अपने नाम किए।
176 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की पूरी टीम 18 ओवरों में 114 रनों पर सिमट गई। भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को मैच में कभी आगे नहीं आने दिया। हार्दिक पांड्या ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 16 रन देकर 2 विकेट लिए और बुमराह को भी 2 सफलताएं मिलीं। वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने भी 2-2 विकेट लेकर पाकिस्तान के मध्यक्रम की कमर तोड़ दी। पाकिस्तान के लिए केवल उस्मान खान ही 44 रनों की जुझारू पारी खेल सके, जबकि अन्य बल्लेबाज संघर्ष करते दिखे। अब पाकिस्तान को अगले दौर में पहुंचने के लिए नामीबिया के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।




