
अब भी कप्तान कहूंगा क्योंकि...जय शाह ने रोहित शर्मा की तारीफों के बांधे पुल, बैटर का रिएक्शन वायरल
आईसीसी के चेयरमैन जय शाह ने एक कार्यक्रम में भारतीय दिग्गज रोहित शर्मा की जमकर तारीफ की। जय शाह ने कहा कि वह उन्हें कप्तान कहेंगे, क्योंकि उन्होंने टीम को दो ट्रॉफी दिलाई है।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच रविवार से तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। आगामी सीरीज के लिए शुभमन गिल के नेतृत्व वाली भारतीय टीम ने ट्रेनिंग शुरू कर दी है। इस सीरीज से पहले आईसीसी चेयरमैन और पूर्व बीसीसीआई सचिव जय शाह का एक बयान काफी वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने स्टार क्रिकेटर रोहित शर्मा की जमकर तारीफ की है। एक इवेंट के दौरान जय शाह ने कहा कि रोहित शर्मा को वह हमेशा 'कप्तान' ही कहेंगे, क्योंकि उन्होंने भारत को दो बड़ी ट्रॉफी (टी20 विश्व कप 2024, चैंपियंस ट्रॉफी) दिलाई हैं। जयशाह के इस बयान पर रोहित शर्मा का रिएक्शन काफी वायरल हुआ है। इस दौरान रोहित की पत्नी रितिका भी मौजूद रहीं।
आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा, “हमारे कप्तान (रोहित शर्मा) यहां बैठे हैं, और मैं उन्हें कप्तान ही कहूंगा क्योंकि उन्होंने हमारे लिए दो ट्रॉफी जीती हैं। 2023 में हमने लगातार 10 मैच जीते और सबका दिल जीत लिया, लेकिन ट्रॉफी नहीं जीत पाए। उसके बाद मैंने राजकोट में कहा था कि इस बार हम कप भी जीतेंगे और दिल भी जीतेंगे, और हमारे कप्तान रोहित ने इसे साकार कर दिखाया।”
2023 में हुए वनडे विश्व कप में भारत की टीम विजय रथ पर सवार थी। टीम ने लगातार 10 मैच जीतकर फाइनल तक का सफर तय किया था। लेकिन फाइनल में उसे ऑस्ट्रेलिया ने मात दे दी, जिसके कारण करोड़ों फैंस का दिल टूटा था और खुद रोहित शर्मा ने बताया था कि वह इस हार से काफी टूट गए थे और संन्यास लेने का भी विचार कर रहे थे। हालांकि अगले साल भारत को खेल के सबसे छोटे प्रारूप में बड़ी सफलता मिली, जब रोहित की कप्तानी में टीम ने लंबे इंतजार के बाद खिताब हासिल किया। रोहित ने टी20 और वनडे दोनों फॉर्मेट में भारत को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।






