‘मैं नहीं कहूंगा कि सूर्यकुमार यादव को हटाना…,' सौरव गांगुली ने कप्तानी छीनने पर किया रिएक्ट
सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को भारत का नया T20I कप्तान नियुक्त किया गया है। सूर्या की कप्तानी में भारत ने टी20 वर्ल्ड प 2026 अपने नाम किया था। सूर्या को लेकर सौरव गांगुली ने प्रतिक्रिया दी है।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने हाल ही में एक चौंकाने वाला फैसला लिया। सूर्यकुमार यादव से ना सिर्फ भारतीय टी20 टीम की कप्तानी छीनी गई बल्कि स्क्वॉड से भी बाहर का रास्ता दिखा दिया। सूर्या की जगह श्रेयस अय्यर को आयरलैंड, इंग्लैंड टी20 सीरीज के अलावा एशियन गेम्स 2026 के लिए नया कप्तान बनाया गया है। सूर्या की अगुवाई में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीता था। वहीं, अय्यर ने आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच दिसंबर 2023 में खेला। पूर्व भारतीय कप्तान और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली की नजर में सूर्या को कप्तानी से हटाना अनुचित नहीं। उन्होंने कहा कि श्रेयस ने अच्छा प्रदर्शन करके जिम्मेदारी हासिल की है।
‘मैं नहीं कहूंगा कि सूर्या को हटाना…’
सूर्या लंबे समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे थे। दूसरी ओर, श्रेयस ने सबसे छोटे फॉर्मेट में बल्ले से लगातार प्रभावी प्रदर्शन किया। उन्होंने बतौर कप्तान भी छाप छोड़ी। अय्यर आईपीएल में पंजाब किंग्स की कप्तानी करते हैं। वह पंजाब और दिल्ली कैपिटल्ट को फाइनल में पहुंचा चुके हैं जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को 2024 में आईपीएल ट्रॉफी जिताई। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, गांगुली ने मुंबई में एक कार्यक्रम में कहा, ''श्रेयस ने अच्छा प्रदर्शन किया है और उन्होंने यह जिम्मेदारी अपने प्रदर्शन के दम पर हासिल की है। मैं यह नहीं कहूंगा कि सूर्यकुमार यादव को हटाना अनुचित है। चयनकर्ताओं ने अपना फैसला लिया है।"
'सूर्या के मामले में कठिन निर्णय था'
चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने भारतीय स्क्वॉड की घोषणा करने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया था कि सूर्या की लगातार गिरती फॉर्म के चलते कप्तानी से हटाने का फैसला लिया गया। अगरकर ने कहा, ''सूर्यकुमार के मामले में यह निश्चित रूप से एक कठिन निर्णय था, खासकर तब जब उन्होंने हाल ही में टी20 विश्व कप जीता था। हम हालांकि अधिकांश विश्व कप के बाद आकलन करते है कि आगे की दिशा क्या होनी चाहिए।'' उन्होंने कहा, ''यह निर्णय कुछ हद तक उनकी फॉर्म को देखते हुए लिया गया, लेकिन साथ ही भविष्य खासकर अगले विश्व कप तक के समय को ध्यान में रखते हुए हमने लगा यह सही तरीका है। हम मानते है कि श्रेयस एक बेहद योग्य कप्तान हैं।''
'एक कप्तान को जिन परिस्थितियों से…'
अगरकर ने इसके अलावा कहा, ''श्रेयस के बारे में बात करें तो पिछले कुछ वर्षों में हमने देखा है कि उन्होंने विभिन्न फ्रेंचाइजी टीमों का नेतृत्व करते हुए किस प्रकार का प्रदर्शन किया है। उन्होंने एक बार फाइनल भी जीता और इस साल अच्छी शुरुआत के बाद उसे मुश्किल सीजन का सामना करना पड़ा। एक कप्तान को जिन-जिन परिस्थितियों से गुजरना पड़ सकता है, वे सभी हमने उनके मामले में देखी हैं। व्यक्तिगत रूप से उनका प्रदर्शन भी काफी अच्छा रहा है। वह टी20 वर्ल्ड कप टीम में जगह बनाने के काफी करीब भी थे। लेकिन सूर्यकुमार की मौजूदगी में उनके लिए जगह नहीं बन पाई। मेरे अनुसार वह अब एक बेहद मजबूत दावेदार हैं, जिनके पास टी20 प्रारूप में कप्तानी का पर्याप्त अनुभव है। यह हालांकि निश्चित रूप से एक अलग तरह की चुनौती होगी।''
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



