यार मन तो मेरा भी है.., 2027 वर्ल्ड कप को लेकर फिर बोले भुवनेश्वर कुमार, फैंस की चाहत से हुए 'गदगद'
2027 विश्व कप में खेलने और भारतीय टीम में कमबैक को लेकर भुवनेश्वर कुमार ने एक बार फिर बात की है। उन्होंने भारतीय टीम में दोबारा शामिल होने की इच्छा जताई है और फैंस के इतने प्यार और सपोर्ट पर आभार भी जताया है।

2027 विश्व कप के चयन को लेकर अभी काफी समय शेष है, लेकिन कौन- कौन से खिलाड़ी भारतीय स्क्वॉड का हिस्सा रहेंगे इसकी चर्चा लंबे समय से चल रही है और अब और तेज होती नजर आ रही है। 2027 विश्व कप में एक तरफ विराट कोहली, रोहित शर्मा जैसे बड़े दिग्गज खेलेंगे या नहीं यह सवाल है तो दूसरी तरफ लोग यह भी सवाल कर रहे हैं कि क्या मोहम्मद शमी और भुवनेश्वर कुमार जैसे दिग्गज गेंदबाजों की वापसी होगी या नहीं। 2027 विश्व कप और अपनी भारतीय टीम में वापसी को लेकर भारतीय दिग्गज तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने खुलकर बात की है। फिलहाल, भुवनेश्वर कुमार यूपी टी-20 लीग में खेल रहे हैं और दमदार प्रदर्शन कर रहे हैं। यूपी टी-20 लीग के आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल से एक वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें भुवनेश्वर कुमार टीम इंडिया में अपनी वापसी पर बात करते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने सीधे शब्दों में अब कह दिया है कि मन तो मेरा भी भारतीय टीम में कमबैक करने का है। भुवी ने यह भी कहा है कि अगर ऐसा होता है तो इससे अच्छा क्या ही होगा। उन्होंने फैंस की चाहत का सम्मान करते हुए आभार भी व्यक्त किया है और कहा है कि यह सब फैंस का प्यार है।
मन तो मेरा भी इंडियन टीम में कमबैक करने का
भुवनेश्वर कुमार से इंटरव्यू करने वाले शख्स ने 2027 वर्ल्ड कप के लिए बनाई गई एक काल्पनिक टीम दिखाई जिसमें भुवनेश्वर कुमार भी ब्लू जर्सी में नजर आ रहे हैं। फिर उनसे पूछा गया कि सबका मन है कि भुवी भाई का भी कमबैक हो जाए इंडियन टीम में। इस बात पर प्रतिक्रिया देते हुए भुवनेश्वर कुमार ने कहा "यार मन तो मेरा भी है।" इसके बाद वे हंसने लगे। होस्ट ने कहा कि अब आगे लोग देख लेंगे। इस पर जवाब देते हुए भुवी ने बड़े सम्मान के साथ कहा कि "लोगों का प्यार है। मैं बार- बार बोल रहा हूं लोगों का प्यार है और इसके लिए मैं बहुत शुक्रगुजार हूं।" होस्ट ने कहा कि जब यूपी टी-20 लीग में 10 रन देकर चार ओवर में चार विकेट ले रहे हैं तो टीम इंडिया के लिए भी ऐसा हो जाए। इस पर भुवी ने कहा "हो जाए तो बढ़िया है।"
2022 में खेला था अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच
बता दें कि भुवनेश्वर कुमार अपने कमबैक को लेकर आश्वस नहीं है कि होगा या नहीं होगा, लेकिन टीम इंडिया में शामिल होने की उनकी इच्छा किसी से दबी नहीं है। कुछ महीने पहले दिए गए एक इंटरव्यू में भी जब उनसे पूछा गया था कि बीसीसीआई से कॉल आ जाए भारतीय टीम में शामिल होने का तो क्या करेंगे? जिसके जवाब में भुवी ने सीधे शब्दों में कहा था कि "यार मौका मिलेगा तो मैं क्यों मना करूंगा।" बता दें कि भुवनेश्वर कुमार ने भारत के लिए अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच साल 2022 में खेला था। 2022 तक वे भारत की वनडे और टी-20 दोनों टीमों का हिस्सा थे। हालांकि, टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच साल 2018 में खेला था।



