हैट्रिक ली, विकेटों का SIX लगाया और फिर कहा- मैं सिलेक्शन के पीछे नहीं भाग रहा, बल्कि…
तुषार देशपांडे ने रणजी मैच में मुंबई के लिए हैट्रिक ली और फिर 6 विकेट भी इस पारी में अपने नाम किए। ये उनका 50वां फर्स्ट क्लास गेम था। उन्होंने कहा है कि वह सिलेक्शन के पीछे नहीं भाग रहे।

तुषार पांडे ने सोमवार 12 अक्टूबर को रणजी ट्रॉफी के मैच में मुंबई के लिए कमाल की गेंदबाजी की। इससे पहले उन्होंने निचले क्रम में कुछ अहम रन भी बनाए। हालांकि, गेंदबाजी में उन्होंने कुछ खास कर दिया। पहले तो उन्होंने हैट्रिक ली और फिर विकेटों का छक्का भी लगा दिया। बावजूद इसके उन्होंने कहा है कि उनका ध्यान टीम इंडिया में सिलेक्शन होने पर नहीं, बल्कि जिस टीम के लिए खेल रहे हैं, उस टीम के लिए परफॉर्म करने पर है।
तुषार को इससे पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी हैट्रिक मिल चुकी है। 2023 में उन्होंने पहली बार प्रोफेशनल क्रिकेट में मिजोरम के खिलाफ हैट्रिक ली थी। अब उन्होंने चंडीगढ़ के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में रणजी ट्रॉफी के मैच के दूसरे दिन लगातार 3 गेंदों में 3 विकेट निकाले। पारी में कुल 6 विकेट उन्होंने चटकाए और चंडीगढ़ की कमर तोड़ दी। मैच के बाद उन्होंने बताया कि उन्हें कई दिग्गजों से सलाह मिली थी और इसका असर भी अब देखने को मिल रहा है।
देशपांडे ने ड्वेन ब्रावो और शेन बॉन्ड जैसे दिग्गजों से मिली सलाह को याद करते हुए कहा, "जब भी संदेह हो, अपनी सर्वश्रेष्ठ गेंद ऑफ (स्टंप) के ऊपर डालें।" 31 साल के तुषार ने हैट्रिक के बारे में कहा, "अगर आप देखें, तो यह ऑफ स्टंप के ऊपर की गेंद थी। योजना सिर्फ अपनी सर्वश्रेष्ठ गेंद डालने की थी और (यशस्वी) जायसवाल ने अच्छा कैच लपका।" देशपांडे ने इस मैच में अब तक की गई गेंदबाजी को लेकर कहा, “यह मेरे सबसे अच्छी परफॉर्मेंस में से एक थी, क्योंकि हर बॉल पर ऐसा लग रहा था कि आप विकेट ले लेंगे।”
देशपांडे को उम्मीद थी कि उन्हें न्यूजीलैंड टूर पर जाने वाली इंडिया A टीम के लिए चुना जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इस निराशा को सहने से पहले वह एक दिन तक इस पर सोचते रहे। उन्होंने कहा, “इंडिया के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलने का मोटिवेशन हमेशा रहता है, चाहे मुझे A टीम शैडो टूर के लिए चुना जाए या नहीं। मैंने एक दिन इसके बारे में सोचा, लेकिन मैंने हमेशा कहा है कि मैं परफॉर्मेंस के पीछे भागना चाहता हूं, सिलेक्शन के पीछे नहीं।”
क्रिकबज के मुताबिक, तुषार देशपांडे का यह 50वां फर्स्ट-क्लास मैच भी था और वह इसे अपने और टीम के लिए खास बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा, “आज मेरा 50वां फर्स्ट-क्लास मैच है, इसलिए मेरे मन में था कि मैं इसे खास बनाना चाहता हूं, लेकिन ऐसा नहीं था कि मैं हैट्रिक या ऐसा कुछ सोच रहा था। मैं आज बस अपना 100% देने वाला था। जब मैं बैटिंग कर रहा था, तो विकेट पर कुछ जगहें थीं जहां गेंद थोड़ी हिलती हुई लग रही थी।"



