धोनी के साथ खेला हूं तो...ऋतुराज टीम इंडिया में कैसे टिके रहेंगे? पूर्व चीफ सिलेक्टर ने किया हैरतअंगेज दावा
बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ को न्यूजीलैंड वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में नहीं चुना गया। गायकवाड़ को बाहर करने पर कृष्णमाचारी श्रीकांत ने टीम मैनेजमेंट पर तंज कसा है।
श्रेयस अय्यर की भारतीय वनडे टीम में वापसी के बाद बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ का पत्ता कट गया है। उन्होंने भारत के लिए अपने आखिरी मैच में बल्लेबाजी करते हुए शानदार शतक जमाया था। गायकवाड़ ने पिछले महीने साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे वनडे में 83 गेंदों में 105 रनों की पारी खेली। उनका विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में भी बल्ला चल रहा। गायकवाड़ ने 50 ओवर के घरेलू टूर्नामेंट में अब तक पांच मैचों में 257 रन जुटाए हैं, जिसमें 64 से अधिक का औसत है। उनका इस दौरान स्ट्राइक रेट 120.65 का रहा। बेहतरीन फॉर्म के बावजूद गायकवाड़ को न्यूजीलैंड वनडे सीरीज (11 जनवरी से शुरू होगी) के लिए नहीं चुने जाने पर पूर्व चीफ सिलेक्टर कृष्णमाचारी श्रीकांत नाराज हैं। उन्होंने टीम मैनेजमेंट पर तंज कसते हुए हैरतअंगेज दावा किया।
'मैं धोनी के साथ खेला हूं तो…'
पूर्व ओपनर श्रीकांत का कहना है कि 28 वर्षीय गायकवाड़ टीम इंडिया में तभी टिके रह सकते हैं, जब वह अपनी विकेटकीपिंग स्किल से सिलेक्टर्स को प्रभावित कर दें। गायकवाड़ आईपीएल में पूर्व भारतीय कप्तान और दिग्गज विकेटकीपर एमएस धोनी के साथ खेलते हैं। दोनों चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का हिस्सा हैं। श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ''ऋतुराज गायकवाड़ कह सकते हैं कि मैं धोनी के साथ खेला हूं, इसलिए मैं भी कीपिंग कर सकता हूं। यही एक तरीका है जिससे उन्हें टीम में चुना जा सकता है। श्रेयस अय्यर का होना पक्का है, इसलिए उन्हें शामिल किया जाना चाहिए था। लेकिन ऋतुराज गायकवाड़ को 15 सदस्यीय टीम में होना चाहिए था। नीतीश कुमार रेड्डी को रखने के बजाय उन्हें 15 में रखें।"
'सेंचुरी बनाने पर भी चांस नहीं'
उन्होंने आगे कहा, "इसके मतलब है कि अगर आप सेंचुरी भी बना लेते हैं तो कोई चांस नहीं है। अब गायकवाड़ को शुरू से शुरू करना होगा और ढेर सारे रन बनाने होंगे क्योंकि वे साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरी भूल जाएंगे। उन्होंने उसे ड्रॉप भी कर दिया है, इसलिए उसे घरेलू क्रिकेट में फिर से बड़ा स्कोर करना होगा।" ओपनर यशस्वी जायसवाल ने भी अपने आखिरी मैच (साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे) में सेंचुरी मारी थी। यशस्वी को न्यूजीलैंड सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है।
'यशस्वी कम से कम रणनीति में हैं'
पूर्व चीफ सिलेक्टर ने कहा, "यशस्वी जायसवाल इलेवन में नहीं होंगे लेकिन कम से कम वह रिजर्व में तो हैं। वह 15 में होने से कम से कम रणनीति में तो होंगे। लेकिन इस सिलेक्शन के साथ उन्होंने ऋतुराज गायकवाड़ को पूरे सिस्टम से ही हटा दिया है। और जब आपको सिस्टम से ही हटा दिया जाता है तो जनता और सिलेक्टर्स समेत हर कोई उन्हें भूल जाएगा।" श्रीकांत ने कहा, "यह बहुत गलत है। ऐसे तो इंटरनेशनल मैच में परफॉर्मेंस का पूरा आइडिया बेकार हो जाता है। शानदार शतक बेकार हो जाएगा। सबकी याददाश्त कमजोर होती है, इसलिए वे इसे जल्द ही भूल जाएंगे।"
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), वाशिंगटन सुंदर, रविंद्र जड़ेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, यशस्वी जयसवाल।

लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय





