Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़i do not care what people says sahibzada farhan defends his ak 47 celebration in india vs pakistan match
लोग क्या कहते हैं मुझे परवाह नहीं; AK-47 सेलिब्रेशन पर फरहान की बेशर्मी

लोग क्या कहते हैं मुझे परवाह नहीं; AK-47 सेलिब्रेशन पर फरहान की बेशर्मी

संक्षेप:

पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान ने भारत के खिलाफ मैच में किए अपने 'एके-47' सेलिब्रेशन का बचाव किया है। उन्होंने कहा है कि लोग क्या कहते हैं, वह उसकी परवाह नहीं करते। उनके मन में आया कि सेलिब्रेशन करते हैं, सो उन्होंने किया।

Mon, 22 Sep 2025 04:35 PMChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

कहते हैं कि अपने दिल की सुननी चाहिए। दुनिया क्या कहेगी, चार लोग क्या कहेंगे...उसके चक्कर में नहीं पड़ना चाहिए। लेकिन ये कहावत सकारात्मक संदर्भ में है। अक्सर किसी हिचक, परंपरा या रुढ़ियों को तोड़ने के संदर्भ में कही जाती है। किसी साहसिक कदम के बारे में कही जाती है। अपने दिल की करिए भले ही वो गलत हो। भले ही वो सभ्य समाज के लायक न हो तो ये 'चार लोग क्या कहेंगे' वाला मामला नहीं होता। एक तो गलती करो और ऊपर से उसका बचाव तो इसे साहसिक नहीं, बेशर्मी कहते हैं। गुनाह करने और उस पर टिके रहने को दुस्साहस कहते हैं। पाकिस्तानी क्रिकेटर साहिबजादा फरहान ने ऐसी ही निर्लज्जता दिखाई है। पहले क्रिकेट के मैदान में बल्ले को AK-47 के अंदाज में थामकर 'आतंकी सोच' का प्रदर्शन किया, फिर बेशर्मी में उसका बचाव भी किया।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

भारत से सुपर 4 में पिटने के बाद अब पाकिस्तान की टीम मंगलवार को श्रीलंका से भिड़ेगी। दोनों ही टीमें सुपर 4 में अपने-अपने पहले मैच में हार चुकी हैं। श्रीलंका को बांग्लादेश के हाथों हार का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान-श्रीलंका मैच की पूर्व संध्या पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान साहिबजादा फरहान से रविवार के मैच में उनके 'एके-47' सेलिब्रेशन के बारे में पूछा गया।

ये भी पढ़ें:हार बचानी है तो गोलियां चला दें; पिटाई से बौखलाए पाक में आतंकियों जैसी सलाह

उसके जवाब में पाकिस्तानी खिलाड़ी ने कहा, ‘मुझे लगता है कि अगर आप उन छक्कों के बारे में बात कर रहे हैं तो भविष्य में आप और भी ज्यादा (छक्के) देखेंगे। और वो (सेलिब्रेशन) तो बस उस समय का एक क्षण था। मैं 50 रन बनाने के बाद बहुत ज्यादा सेलिब्रेशन नहीं करता। लेकिन अचानक मेरे मन में आया कि चलो आज सेलिब्रेशन करते हैं। मैंने किया। मुझे नहीं पता कि लोग उसे कैसे लेंगे। मैं उसकी परवाह ही नहीं करता। और एक बात और, आपको पता है कि आप जब भी खेलें, आपको आक्रामक क्रिकेट खेलना चाहिए। यह कोई जरूरी नहीं है कि वह भारत ही हो। आपको हर टीम के खिलाफ आक्रामक क्रिकेट खेलना चाहिए, जैसा हमने खेला।’

ये भी पढ़ें:मैं टू-नेशन थिअरी मानता हूं; हरभजन के 'हम एक जैसे' पर अख्तर ने दिखाया था जहर

भारत के खिलाफ सुपर 4 मैच में पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने 45 गेंदों में 58 रन की पारी खेली थी। इस दौरान उन्होंने 5 चौके और 3 छक्के जड़े। उन्हें शिवम दुबे ने सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराकर पवैलियन का रास्ता दिखाया।

अर्धशतक जड़ने के बाद फरहान ने बैट को एके-47 के अंदाज में थामकर जश्न मनाया। पाकिस्तानी खिलाड़ी के इस जेस्टर की टाइमिंग बहुत कुछ कहती है। अप्रैल में पहलगाम में आतंकी हमले को लेकर भारत में पाकिस्तान के खिलाफ मैच के बहिष्कार की मांग ने खूब जोर पकड़ी थी। पहलगाम में पाकिस्तानी आतंकियों ने सैलानियों का धर्म पूछकर चुन-चुनकर पुरुषों को उनकी पत्नी और यहां तक कि बच्चों के सामने गोली मारी थी। फरहान का बल्ले को एके 47 के अंदाज में थामना उन बुजदिल आतंकियों की याद दिला रहा था। ये पहलगाम पीड़ितों के जख्मों का बेशर्मी के साथ मखौल उड़ाना था।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय टीवी पत्रकारिता से शुरुआत। न्यूज24, हमार टीवी, श्री न्यूज, फोकस न्यूज और न्यूज वर्ल्ड इंडिया में अलग-अलग भूमिकाओं के बाद 2016 में नवभारत टाइम्स.कॉम के साथ डिजिटल पारी का आगाज। देश, दुनिया, राजनीति, खेल, अदालत, अपराध से जुड़ीं खबरों पर लेखन। एनबीटी में करीब 9 साल की शानदार पारी के बाद मार्च 2025 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा और स्पोर्ट्स डेस्क इंचार्ज। मूल रूप से यूपी के देवरिया के निवासी। सीखने और समझने के सतत क्रम में भरोसा। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |