कितनी बार एक ही देश के दो क्रिकेटर ने जीता ICC प्लेयर ऑफ द मंथ? शुभमन और शेफाली को मिला सितंबर का अवॉर्ड

दुबई, भाषा
share

शुभमन गिल ने पुरुष वर्ग जबकि शेफाली वर्मा ने महिला वर्ग में सितंबर का आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड जीता है। गिल भारत की टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान हैं। शेफाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ओपनर हैं।

Shubman Gill Shafali Verma ICC Player of the Month
शुभमन गिल और शेफाली वर्मा (फाइल फोटो)

भारतीय कप्तान शुभमन गिल को मंगलवार को आईसीसी ने रिकॉर्ड पांचवीं बार महीने का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना जबकि सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा को एशिया कप और एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन के लिए महिला वर्ग में यह सम्मान मिला। शुभमन ने अभिषेक शर्मा, जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा को पछाड़कर यह पुरस्कार जीता। वहीं, शेफाली के अलावा महिला वर्ग में श्रीलंका की कप्तान चामरी अटापट्टू और भारत की स्पिनर श्री चरणी भी दौड़ में थीं। एक ही देश से महिला और पुरुष दोनों क्रिकेटरों को चुने जाने का यह पांचवां मौका है। इससे पहले भारत से जसप्रीत बुमराह और स्मृति मंधाना को जून 2024 में चुना गया था। अभिषेक शर्मा और मंधाना को सितंबर 2025 में चुना गया।

शुभमन गिल ने की हेली मैथ्यूज की बराबरी

शुभमन ने वेस्टइंडीज महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हेली मैथ्यूज की बराबरी कर ली जो पांच बार यह सम्मान पा चुकी हैं। शुभमन को इससे पहले जनवरी और सितंबर 2023 और फरवरी और जुलाई 2025 में चुना गया था। वेस्टइंडीज के खिलाफ तिरूवनंतपुरम में पहले वनडे में 110 रन बनाने वाले शुभमन ने कहा, ''पांचवीं बार आईसीसी महीने का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना जाना अच्छा लग रहा है। मैं इस सम्मान के लिए पैनल को धन्यवाद देता हूं।'' गिल ने दूसरे मैच में 133 गेंद में 223 रन बनाए थे जिसके दम पर भारत ने 406 रन का लक्ष्य 39 गेंद बाकी रहते हासिल करके आठ विकेट से जीत दर्ज की थी।

शेफाली ने दूसरी बार अवॉर्ड अपने नाम किया

शेफाली दूसरी बार महीने की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुन गई हैं। उन्होंने पिछले साल नवंबर में विश्व कप फाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विजयी पारी खेलने के बाद यह पुरस्कार जीता था। उन्होंने महिला एशिया कप में भारत के लिए सर्वाधिक रन बनाए। एशियाई खेलों में बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्होंने नाबाद 100 और श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में 48 रन बनाए थे। उन्होंने कहा, ''यह पुरस्कार फिर हासिल करना सम्मान की बात है। एशिया कप और एशियाई खेलों में खिताबी जीत में योगदान देना अच्छा रहा जिससे यह जीत और खास हो गई।'' शेफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा को पिछले हफ्ते क्रमश: भारत की टी20 और वनडे टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया। दोनों नवनियुक्त कप्तान स्मृति मंधाना की अगुवाई में जिम्बाब्वे के खिलाफ घरेलू सीरीज में टीम की उपकप्तान होंगी। भारतीय महिला क्रिकेट टीम टीम के नेतृत्व समूह में यह बदलाव हरमनप्रीत कौर के तीनों प्रारूपों की कप्तानी से हटने के फैसले के बाद हुआ है।

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram

मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार

परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।


अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।


विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय

और पढ़ें
Cricket News , Cricket Schedule , Live Cricket Score से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। क्रिकेट की सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप डाउनलोड करें।
Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़कितनी बार एक ही देश ने जीते दो ICC प्लेयर ऑफ द मंथ? अब शुभमन और शेफाली को अवॉर्ड