नीतीश कुमार रेड्डी की चोट कितने दिन में होगी ठीक, क्या 'रफ्तार का रिस्क' पड़ गया भारी?
ऑलराउंडर नीतीश कुमार आयरलैंड और इंग्लैंड सीरीज में नहीं खेलेंगे। वह चोटिल होने के कारण आगामी सीरनज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह सूर्यांश शेडगे को मौका दिया गया है।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को बताया कि आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए भारतीय टीम में चोटिल ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी की जगह प्रतिभाशाली सूर्यांश शेडगे को शामिल किया गया है। इससे पहले ब्रिटेन दौरे की सीमित ओवरों की सीरीज से बाहर होने के कारण रेड्डी की अनुपस्थिति भारतीय टीम के लिए बड़ा झटका मानी जा रही थी। उन्हें हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान चोट लगी थी।
नीतीश रेड्डी को कब हुई परेशानी?
बीसीसीआई ने विज्ञप्ति में कहा, "पुरुष चयन समिति ने आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली आगामी टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में नितीश कुमार रेड्डी के स्थान पर सूर्यांश शेडगे को शामिल किया है।" रेड्डी ने 20 जून को अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे मैच के बाद अपनी बाईं जांघ (क्वाड्रिसेप्स) में दर्द और असहजता की शिकायत की थी। मेडिकल जांच के बाद बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने उन्हें रिहैबिलिटेशन की सलाह दी, जिसके कारण वह दोनों टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज से बाहर हो गए। हाल ही में श्रीलंका में आयोजित ट्राई सीरीज में भारत-ए के लिए शानदार प्रदर्शन के बाद शेडगे को राष्ट्रीय टीम में मौका मिला है। इस 23 वर्षीय खिलाड़ी ने मध्यक्रम में पांच मैचों में 147 रन बनाए और 23 ओवर गेंदबाजी कर टीम के लिए उपयोगी योगदान दिया। शेडगे 2024-25 सत्र में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीतने वाली मुंबई टीम के भी प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल रहे थे। उन्होंने निचले मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हुए 251.92 के प्रभावशाली स्ट्राइक रेट से 131 रन बनाए थे।
कितने दिन में ठीक होगी चोट?
रेड्डी को टीम में हार्दिक पांड्या के विकल्प के रूप में रखा गया था क्योंकि पंड्या चोट के कारण वनडे क्रिकेट में लगातार 10 ओवर गेंदबाजी करने की स्थिति में नहीं हैं। पीटीआई के पास मौजूद बीसीसीआई के मेडिकल बुलेटिन में कहा गया, "नितीश कुमार रेड्डी आयरलैंड सीरीज से बाहर हो गए हैं। एमआरआई जांच में उनकी बायीं जांघ की मांसपेशियों में सूजन और कुछ रेशों के क्षतिग्रस्त होने की पुष्टि हुई है। उन्हें आगे के मूल्यांकन के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (उत्कृष्टता केन्द्र) भेजा गया है।" माना जा रहा है कि रेड्डी को चोट से उबरने में कम से कम चार सप्ताह का समय लगेगा। पूरी तरह फिट होने में इससे अधिक समय भी लग सकता है। इसके बाद ही वह 'रिटर्न टू प्ले' प्रक्रिया शुरू कर सकेंगे।
क्या 'रफ्तार का रिस्क' पड़ा भारी?
रेड्डी अब तक भारत के लिए 10 टेस्ट, छह वनडे और चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में भी वह लखनऊ में खेला गया दूसरा मुकाबला चोट के कारण नहीं खेल पाए थे। उस समय गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने कहा था कि चोट ज्यादा गंभीर नहीं लग रही है, लेकिन अब स्थिति अपेक्षा से अधिक गंभीर प्रतीत हो रही है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि तेज गेंदबाजी कोच स्टेफन जोन्स के साथ काम करने के बाद रेड्डी की गेंदबाजी गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास से बढ़कर 130 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक हो गई है लेकिन उनका शरीर गति में आई इस अचानक वृद्धि के अनुरूप खुद को पूरी तरह ढाल नहीं पाया है, जिसका असर उनकी फिटनेस पर पड़ सकता है।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



