मोहम्मद शमी कैसे कर सकते हैं टीम इंडिया में वापसी, सिलेक्टर्स को लताड़ते हुए इरफान पठान ने बताया ये आखिरी तरीका
इरफान पठान ने कहा कि 200 ओवर फेंकने के बाद, अगर फिटनेस की बात है, तो फिटनेस तो पहले ही दिख चुकी है। और क्या सुधार चाहिए, यह तो सिर्फ सिलेक्शन कमेटी ही जानती है कि वे क्या सोच रहे हैं।

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले मोहम्मद शमी टीम इंडिया में वापसी नहीं कर पा रहे हैं। पहले वह चोट के चलते टीम से बाहर थे, मगर अब उन्होंने अपनी फिटनेस पूरी तरह से हासिल कर ली है और वह डोमेस्टिक क्रिकेट में भी तहलका मचा रहे हैं। मगर इसके बावजूद चयनकर्ता उन्हें मौका नहीं दे रहे हैं। इरफान पठान मोहम्मद शमी के चयन ना होने से काफी निराश है, उन्होंने इसके लिए चयनकर्ताओं को लताड़ा भी है, साथ ही उन्होंने शमी को टीम इंडिया में कमबैक करने का आखिरी रास्ता भी दिखाया है।
इरफान पठान ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "सबसे बड़ी बात मोहम्मद शमी हैं। उनका भविष्य क्या है? वह कोई ऐसे खिलाड़ी नहीं हैं जो कल आए, कुछ मैच खेले और चले गए। उन्होंने 450-500 इंटरनेशनल विकेट लिए हैं, जो बहुत बड़ी संख्या है। अगर आपने 400 से ज्यादा विकेट लिए हैं और फिर आपको टीम से बाहर कर दिया जाता है और आपकी फिटनेस पर सवाल उठाए जाते हैं - तो ऐसा सबके साथ होता है। जब तक आप क्रिकेट खेलते हैं, आपको खुद को साबित करते रहना पड़ता है।"
उन्होंने आगे कहा, “लेकिन शमी पहले ही 200 ओवर फेंक चुके हैं। 200 ओवर फेंकने के बाद, अगर फिटनेस की बात है, तो फिटनेस तो पहले ही दिख चुकी है। और क्या सुधार चाहिए, यह तो सिर्फ सिलेक्शन कमेटी ही जानती है कि वे क्या सोच रहे हैं। अगर मैं उनकी जगह होता, तो मैं IPL खेलने जाता और धमाल मचा देता। मैं नई गेंद लेता और उस लेवल पर परफॉर्म करता। डोमेस्टिक क्रिकेट परफॉर्मेंस की बात होती है, लेकिन जब IPL आता है और आप अपनी पुरानी लय और फिटनेस दिखाते हैं, तो कोई भी आपको नजरअंदाज नहीं कर सकता। पूरी दुनिया IPL देखती है। अगर आप वहां परफॉर्म करते हैं, तो आप स्क्वॉड में अपनी जगह फिर से बना लेते हैं। मेरा मानना है कि उनके लिए दरवाजे बंद नहीं होने चाहिए।”

लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें




