
WTC Points Table में भारत कैसे बना सकता है टॉप-2 में जगह, शुभमन गिल की टोली को लगाना होगा एड़ी चोटी का जोर
WTC Points Table में फिलहाल भारत 61.90 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे पायदान पर है। भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ 5 तो वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैच की सीरीज खेली है। इनमें टीम इंडिया को 4 में जीत मिली है, वहीं 2 हारे हैं और 1 मुकाबला ड्रॉ रहा है।
इंडिया वर्सेस साउथ अफ्रीका टेस्ट सीरीज का आगाज 14 नवंबर से होने जा रहा है। 2 मैच की इस टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर खेला जाएगा। WTC को ध्यान में रखते हुए भारत और साउथ अफ्रीका दोनों के लिए यह सीरीज काफी अहम होने वाली है। दोनों ही टीमों की नजरें यहां टॉप-2 में जगह बनाने पर होगी। भारत ने अपनी पिछली टेस्ट सीरीज में वेस्टइंडीज का 2-0 से सूपड़ा साफ किया था। वहीं डिफेंडिंग चैंपियन साउथ अफ्रीका पाकिस्तान से 1-1 से सीरीज ड्रॉ कराकर यहां पहुंची है। आईए जानते हैं India vs South Africa टेस्ट सीरीज से WTC पॉइंट्स टेबल पर क्या असर पड़ेगा।

भारत को टॉप-2 में जगह बनाने के लिए क्या करना होगा?
शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम इंडिया के खाते में अभी 61.90 प्रतिशत अंक है। टॉप-2 में इस समय ऑस्ट्रेलिया 100 प्रतिशत तो श्रीलंका 66.67 प्रतिशत अंकों के साथ मौजूद हैं। अगर भारत को टॉप-2 में अपनी जगह बनानी है तो उन्हें साउथ अफ्रीका को 2-0 से सीरीज हरानी होगी। जी हां, अगर साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत का एक मैच ड्रॉ भी रहता है तो भी भारत को टॉप-2 में जगह नहीं मिलेगी, हार तो दूर की बात है। अगर भारत बनाम साउथ अफ्रीका एक टेस्ट मैच ड्रॉ रहता है तो टीम इंडिया अधिकतम 62.96 प्रतिशत अंकों तक पहुंच पाएगी।
वहीं अगर टीम इंडिया 2-0 से यह सीरीज जीतती है तो उनके खाते में 70.37 प्रतिशत अंक होंगे, जिसकी मदद से भारत श्रीलंका को पछाड़ टॉप-2 में अपनी जगह बना लेगा।
अगर सीरीज 1-1 की बराबरी पर रहती है तो टीम इंडिया के खाते में 59.25 अंक ही रह जाएंगे।
साउथ अफ्रीका को कैसे मिलेगी टॉप-2 में जगह
साउथ अफ्रीका के खाते में इस समय 50 प्रतिशत अंक है। अगर वह भारत से टेस्ट सीरीज 2-0 से जीतता है तो उनके खाते में 75 प्रतिशत, सीरीज 1-1 से ड्रॉ रहती है तो 50 प्रतिशत अंक होंगे। वहीं वह सीरीज 0-2 से हारते हैं तो उनके खाते में 25 प्रतिशत अंक ही रह जाएंगे। एक मैच टाई होता है और एक मैच भारत जीतता है तो इस स्थिति में साउथ अफ्रीका के खाते में 33.33 प्रतिशत अंक रह जाएंगे।






