हो गया रोहित शर्मा का रिटायरमेंट, कटवा ली नाक; पूर्व भारतीय क्रिकेटर बोला- कोई उसके साथ नहीं
पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने 'हिटमैन' रोहित शर्मा को लेकर बड़ा बयान दिया है। दिग्गज बल्लेबाज रोहित ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे में ऐतिहासिक शतक ठोका। यह मैच लॉर्ड्स में खेला गया।

रोहित शर्मा इंग्लैंड में वनडे सीरीज के शुरुआती दो मैचों में उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके थे। उन्होंने पहले वनडे में 11 और दूसरे मुकाबले में 27 रन बनाए। ऐसे में 39 वर्षीय रोहित के रिटायरमेंट की अटकलें लगने लगीं। कहा जाने लगा कि वह लॉर्ड्स वनडे के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह सकते हैं। हालांकि, मैच से पहले भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने स्पष्ट कर दिया कि 'हिटमैन' संन्यास नहीं लेंगे। रोहित ने भी आखिरी वनडे में ऐतिहासक शतक जड़कर आलोचकों का मुंह बंद कर दिया। उन्होंने रविवार को 110 गेंदों में 17 चौकों और 5 छक्कों के दम पर 138 रनों की पारी खेली। वह लॉर्ड्स में वनडे शतक ठोकने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर हैं। भारत के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने रोहित की रिटायरमेंट की अटकलों पर तंज कसा है। उन्होंने साथ ही कहा कि दिग्गज बल्लेबाज के साथ कोई खड़ा नहीं है।
'हो गया रोहित शर्मा का रिटायरमेंट'
कैफ ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर शेयर किए एक वीडियो में कहा, ''हो गया रिटायरमेंट। कटवा ली नाक। रोहित शर्मा का रिटायरमेंट, रोहित शर्मा खुद तय करेंगे। उसको हक बनता है। उसने हिंदुस्तान के लिए इतना काम किया है। वह अपनी मर्जी से जाएगा। वह12 हजार वनडे रन के करीब है और 34 शतक लगाए हैं। अब समझ लो इतना प्रेशर है कि भैय जाओ, रिटायरमेंट लो। उसे दबाव में लॉर्ड्स में रोहित के बल्ले से शतक निकला। किसी और भारतीय बल्लेबाज नहीं शतक नहीं लगाया।'' कैफ का मानना है कि अगर रोहित को खुलकर सपोर्ट किया जाएगा तो उनका कॉन्फिडेंस और बढ़ेगा, जिससे वह दमदार पारियां खेलने के लिए प्रेरित होंगे। उन्होंने साथ ही उम्मीद जताई की 'हिटमैन' को अब तसल्ली से खेलने दिया जाएगा। भारत को अगली वनडे सीरीज 27 सितंबर से वेस्टइंडीज के विरुद्ध खेलनी है।
'रोहित दबाव में है कि कोई उसके…'
पूर्व बल्लेबाज ने आगे कहा, ''अगर मान लो शुभमन गिल बतौर कप्तान यह बोल दे कि रोहित भाई मुझे 2027 वर्ल्ड कप में चाहिए, अगर मीडिया में खुलकर बोले, अगर बीसीसीआई बोले कि रोहित शर्मा को कोई उंगली न उठाए, हम उसके साथ खड़े हैं, जब तक रोहित चाहेगा, वह खेलेगा। अगर ऐसा बयान आ जाते तो सोचिए रोहित क्या कर बैठेगा? अभी तो वह दबाव में है कि कोई उसके साथ खड़ा नहीं है। सब इंतजार कर रहे हैं कि आउट हो और बाहर करें। उस दबाव में बल्ले से शतक आया है। जब रोहित को यह एहसास होगा कि उसके साथ टीम, कप्तान, कोच और बीसीसीआई खड़ा है तो वह हिमालय पर्वत चढ़ जाएगा। वह हिंदुस्तान के लिए जा न्योछावर कर देगा, ऐसा खिलाड़ी है। मुझे लगता है कि उत्तर मिल गया है। उम्मीद है कि अब यहां से आप सभी शांति बनाकर रखेंगे और रोहित को भारत के लिए तसल्ली से खेलने देंगे।''
'जब तक खेलूंगा, शोर जारी रहेगा'
इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने भविष्य को लेकर जारी अटकलों के बीच रोहित शर्मा ने स्पष्ट किया कि उन्हें इस 'शोर (आलोचना, अफवाहें, अटकलें और लगातार होने वाली चर्चाएं)' की पूरी जानकारी है, लेकिन इससे उन पर कोई फर्क नहीं पड़ता। मैच के बाद रोहित ने अपनी भावनाओं पर संयम बनाए रखा। 'हिटमैन' ने लॉर्ड्स वनडे के बाद 'बीसीसीआई डॉट टीवी' से कहा, ''जब से मैंने इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया है, तब से इस तरह की बातें सुनता आ रहा हूं। जब तक मैं खेलता रहूंगा, यह चलता रहेगा। इसलिए इससे मुझे ज्यादा फर्क नहीं पड़ता।'' रोहित ने कहा, ''मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण यह है कि मैं मैदान पर क्या करता हूं और टीम की सफलता में कितना योगदान देता हूं। मेरा पूरा ध्यान उसी पर रहता है। शोर रहने दीजिए, अगर शोर नहीं होगा तो मजा भी नहीं आएगा। मेरा काम मैदान के भीतर है, बाकी लोगों का काम मैदान के बाहर। मैं इसी नजरिए से इसे देखता हूं।'' टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके भारत के लिए सिर्फ वनडे क्रिकेट खेलते हैं।



