वनडे क्रिकेट में 5000 मैच पूरे; आज भी सचिन तेंदुलकर के नाम बरकरार है ये वर्ल्ड रिकॉर्ड
स्कॉटलैंड वर्सेस कनाडा मैच के साथ वनडे क्रिकेट में इतिहास रचा गया। यह इस फॉर्मेट का 5000वां मुकाबला था। टेस्ट क्रिकेट के बाद वनडे ने फैंस का मनोरंजन किया और अब टी20 इसकी जगह ले रहा है।

वनडे क्रिकेट में इस समय इतिहास रचा गया जब स्कॉटलैंड और कनाडा के बीच शुक्रवार, 7 अगस्त को मुकाबला खेला गया। अब आप सोच रहे होंगे कि इस मुकाबले में ऐसी क्या खास बात है, तो आपकी जानकारी के लिए बता दें, स्कॉटलैंड और कनाडा के बीच खेला गया यह मुकाबला वनडे क्रिकेट के इतिहास का 5000वां मैच था। इस मुकाबले को स्कॉटलैंड ने 9 रनों के अंतर से जीता। वनडे क्रिकेट में किसी भी फॉर्मेट के मुकाबले सबसे ज्यादा मैच खेले गए हैं। क्रिकेट के इतिहास का सबसे पुराना फॉर्मेट टेस्ट क्रिकेट में अभी तक 2628 मुकाबले खेले गए हैं, जबकि सबसे नए फॉर्मेट टी20 में 4059 मैच खेले जा चुके हैं। जिस तादाद में टी20 क्रिकेट खेला जा रहा है, निश्चित रूप से आने वाले कुछ समय में यह फॉर्मेट वनडे क्रिकेट के इस रिकॉर्ड को ओवरटेक कर लेगा।
वनडे क्रिकेट के 5000वें मुकाबले के उपलक्ष में ईएसपीएनक्रिकइन्फो ने इस फॉर्मेट के कुछ ऐसे रिकॉर्ड्स शेयर किए हैं जिन पर या तो खिलाड़ियों ने या टीम ने लंबे समय तक राज किया है। इस लिस्ट में ‘क्रिकेट के भगवान’ कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के नाम एक ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड है, जो आज भी उनके नाम दर्ज है। बता दें, सचिन ने आखिरी वनडे 2012 में खेला था।
सचिन तेंदुलकर के नाम सबसे ज्यादा ODI रन का वर्ल्ड रिकॉर्ड
सचिन तेंदुलकर के नाम पिछले 26 सालों से वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड है। उन्होंने अपने करियर का अंत रिकॉर्ड 18426 रनों के साथ किया। मास्टर ब्लास्टर को वनडे से रिटायर हुए 14 साल हो गए हैं, मगर आज भी उनके नाम यह रिकॉर्ड है।
विराट कोहली 14941 रनों के साथ ठीक उनके पीछे हैं, मगर सचिन तेंदुलकर को पछाड़ना उनके लिए लगभग नामुमकिन है। कोहली टेस्ट और टी20 क्रिकेट से रिटायरमेंट ले चुके हैं, वह सिर्फ वनडे में ही एक्टिव हैं। हालांकि उनके अभी 2027 वर्ल्ड कप खेलने पर ही सवाल हैं। ऐसे में उनके लिए सचिन का यह रिकॉर्ड तोड़ पाना नामुमकिन ही माना जा रहा है।
जिस तरह से वनडे क्रिकेट में गिरावट आई है उसे देखकर यह कहना भी गलत नहीं होगा कि उनका यह रिकॉर्ड अब अमर हो गया है। शायद ही कोई अब ऐसा खिलाड़ी होगा जो वनडे में सचिन तेंदुलकर का 18426 रनों का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ पाएगा।
वनडे क्रिकेट में सबसे लंबे समय तक इन रिकॉर्ड पर राज
वनडे क्रिकेट के कई ऐसे रिकॉर्ड्स हैं जिन पर या तो खिलाड़ियों ने या फिर टीमों ने काफी लंबे समय तक राज किया है। हालांकि इनमें से कई रिकॉर्ड आज भी अमर हैं और कई रिकॉर्ड धवस्त हो चुके हैं।
सबसे ज्यादा टीम टोटल: श्रीलंका (3710 दिन)
सबसे ज्यादा व्यक्तिगत स्कोर: विव रिचर्ड्स (4738 दिन)
बेस्ट बॉलिंग फिगर: चमिंडा वास (25 साल)
सबसे ज्यादा विकेट: मुथैया मुरलीधरन (17 साल)
सबसे ज्यादा रन: सचिन तेंदुलकर (26 साल)
सबसे तेज शतक: शाहिद अफ़रीदी (6298 दिन)
सबसे तेज फिफ्टी: सनथ जयसूर्या (6860 दिन)
सबसे ज्यादा शतक: सचिन तेंदुलकर (9171 दिन)
सबसे ज्यादा पांच विकेट हॉल: वकार यूनिस (33 साल)



