युवराज सिंह ने दिल्ली कैपिटल्स का कोच बनते ही भरी हुंकार, बोले- मैं इस टीम के लिए....
युवराज सिंह ने दिल्ली कैपिटल्स का असिस्टेंट कोच और बैटिंग कोच बनने के बाद बयान दिया है कि वह इस फ्रेंचाइजी के लिए अपना दिल और जान लगा देंगे। वे पहली बार डीसी के सपोर्ट स्टाफ में नजर आने वाले हैं।

युवराज सिंह पहली बार आईपीएल में आपको एक टीम के सपोर्ट स्टाफ में शामिल नजर आएंगे। आईपीएल 2027 के लिए दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें अपना असिस्टेंट कोच और बैटिंग कोच बनाया है। युवराज सिंह ने इस जिम्मेदारी को संभालते ही हूंकार भरी है और कहा है कि वह दिल्ली कैपिटल्स में विश्वास, बहुमुखी प्रतिभा और जीतने की मानसिकता लाना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि इस फ्रेंचाइजी के लिए अपना दिल और जान लगा देंगे। वे अपने पूर्व साथी खिलाड़ी और कप्तान सौरव गांगुली के साथ जुड़ रहे हैं, जो इस बार दिल्ली कैपिटल्स के हेड कोच हैं।
दिल्ली कैपिटल्स के साथ युवराज सिंह एक क्रिकेटर के तौर पर भी जुड़े थे। 2015 के सीजन में युवराज को 16 करोड़ रुपये में डीसी ने खरीदा था। हालांकि, अब वह पहली बार किसी टीम के कोचिंग स्टाफ में शामिल हुए हैं। वे कई साल से यह बात कह रहे थे कि वे कोचिंग की दुनिया में जाने की तैयारी कर रहे हैं। एक मेंटॉर के तौर पर उन्होंने अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल जैसे सितारों को तैयार किया है, जबकि संजू सैमसन और ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ियों के साथ भी काम किया है। इसके अलावा वे पंजाब के क्रिकेटरों के साथ काफी एक्टिव नजर आते हैं।
मैं इसके लिए खुद को तैयार कर रहा था- युवराज
दिल्ली कैपिटल्स के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए युवराज ने कहा, "उन्होंने (सौरव गांगुली) कहा, 'क्या तुम मेरे असिस्टेंट बनोगे?' और मैंने कहा, 'मैं पिछले 25 सालों से तुम्हारा असिस्टेंट रहा हूं, तो शायद मैं भी यही काम करूंगा!' मुझे यह करके बहुत खुशी हुई। मैं इस मौके के लिए पिछले तीन-चार सालों से खुद को तैयार कर रहा था। मैंने खिलाड़ियों के साथ अलग-अलग काम किया है, लेकिन पूरी टीम के माहौल का हिस्सा बनना एक अलग अनुभव होगा और मैं इसके लिए बहुत उत्साहित हूं।"
युवराज ने गांगुली को इस बात का क्रेडिट दिया कि उन्होंने उन्हें एक मजबूत टीम माहौल बनाने की अहमियत सिखाई है। युवी ने बताया, "दादा (सौरव गांगुली) से मैंने जो सबसे अच्छी बात सीखी, वह थी एक अच्छा टीम माहौल कैसे बनाया जाता है। जब वह कप्तान थे और मैंने अपना डेब्यू किया, तो उन्होंने हमें साथ रखा। उन्होंने हमें यकीन दिलाया कि हम एक बेहतरीन टीम बन सकते हैं और भारत के बाहर टूर्नामेंट जीत सकते हैं। वह हमेशा मेरे लिए एक बड़े भाई की तरह रहे हैं, चाहे वह मुझे सिलेक्शन समझने में मदद करना हो, मुझे मेंटर करना हो या यह दिखाना हो कि एक अच्छा इंटरनेशनल क्रिकेटर बनने के लिए क्या करना पड़ता है। मैं उनके साथ काम करने, उनकी समझ समझने और अपनी बातें शेयर करने के लिए उत्सुक हूं।"
हम चैंपियनशिप जीतने आए हैं- युवी
उन्होंने आगे दिल्ली कैपिटल्स में अहम जिम्मेदारी मिलने पर कहा, "अगर किसी फ्रेंचाइजी ने आपको चुना है और स्क्वॉड में जगह दी है, तो इसका मतलब है कि उन्हें आप पर भरोसा है। आपको यकीन होना चाहिए कि आप वहां के लायक हैं। यह प्रैक्टिस, खेल के बारे में जानकारी और मैच खेलने से आता है। हम एक टीम के तौर पर इन चीज़ों पर काम करेंगे। हममें पक्का काबिलियत है और इसीलिए दादा और मैं आ रहे हैं - उस भरोसे को वापस लाने के लिए। हमारा पहला टारगेट प्लेऑफ्स के लिए क्वालिफाई करना है, लेकिन हम यहां चैंपियनशिप जीतने आए हैं, और मुझे नहीं लगता कि हम ऐसा क्यों नहीं कर सकते।"
उन्होंने आगे कहा, "सिर्फ इसलिए कि यह पहले नहीं हुआ, इसका मतलब यह नहीं है कि यह भविष्य में नहीं हो सकता। हम एक ऐसी टीम और एनर्जी बनाना चाहते हैं जो लड़ने, किसी भी विरोधी टीम का सामना करने और किसी भी सिचुएशन में परफॉर्म करने के लिए तैयार हो। मैं लड़कों को बेहतर क्रिकेट खेलने, प्रेशर में अच्छा परफॉर्म करने और एक ऐसी टीम बनाने में मदद करना चाहता हूं, जिसे खुद पर भरोसा हो। मैं यहां फ्रेंचाइजी में अपना दिल और जान लगाने आया हूं। उम्मीद है कि पूरी टीम मैनेजमेंट और खिलाड़ियों के योगदान से हम दिल्ली कैपिटल्स को आगे ले जा सकेंगे, प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर सकेंगे और फिर चैंपियनशिप जीत सकेंगे।"



