संजू सैमसन को ड्रॉप करने के फैसले पर बोले गौतम गंभीर, कहा- शायद कोचिंग करियर का सबसे कठिन फैसला था
टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने कहा है कि इंग्लैंड के हालिया दौरे पर संजू सैमसन को टीम से बाहर रखना उनके कोचिंग कार्यकाल का शायद सबसे कठिन फैसला था।

भारतीय टीम के बल्लेबाज संजू सैमसन का इंटरनेशनल करियर उतार चढ़ाव भरा रहा है। हाल के कुछ सालों में उन्हें टी20 इंटरनेशनल में लगातार मौके मिले हैं लेकिन वह टीम से बाहर भी हो चुके हैं। उनमें निरंतरता की कमी रही है और खराब प्रदर्शन के कारण वनडे टीम में जगह खो बैठे हैं। हालांकि टी20 में वह टीम के अहम सदस्य बने हुए हैं। संजू ने अफगानिस्तान के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई सीरीज में वापसी की थी और लगातार दो अर्धशतक लगाए। सैमसन को गंभीर का काफी सपोर्ट मिला हुआ है। हालांकि इंग्लैंड सीरीज में संजू को ड्रॉप करने के फैसले में खुद कोच भी शामिल थे। गौतम गंभीर ने उस निर्णय को अपने कोचिंग करियर का सबसे मुश्किल फैसला बताया है।
संजू सैमसन की हुई वापसी
भारतीय कोच गौतम गंभीर ने संजू सैमसन को टी20 विश्व कप में दमदार प्रदर्शन के बाद ड्रॉप करने को लेकर खुलकर अपनी बात रखी है। संजू ने टी20 टीम में अपनी जगह खो दी थी। उनकी जगह चयनकर्ताओं ने वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया था। सैमसन को आयरलैंड और इंग्लैंड सीरीज में चार मैच खेलने का मौका मिला था और फिर जिम्बाब्वे सीरीज से उनको ड्रॉप कर दिया गया था। उनकी जगह वैभव सूर्यवंशी को मौका मिला था, जोकि सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाकर प्लेयर ऑफ द सीरीज बने थे। हालांकि अफगानिस्तान टी20 सीरीज के लिए संजू सैमसन की वापसी हुई और फिर उन्हें लगातार तीनों मैच खेलने का मौका मिला, जबकि वैभव को बेंच पर रखा गया।
सबसे कठिन फैसला था
सीरीज के बाद मीडिया से बातचीत में गंभीर ने सैमसन की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें ड्रेसिंग रूम में बने रहने के लिए किसी से श्रेय लेने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि सैमसन की प्रतिभा अपने आप में उन्हें टीम में जगह दिलाने के लिए पर्याप्त है। गंभीर ने कहा, "कोई खिलाड़ी विश्व कप में 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' यूं ही नहीं बन जाता। उसमें प्रतिभा जरूर होती है। उसने काफी कुछ हासिल किया है।"
सैमसन को इंग्लैंड शृंखला से बाहर किए जाने के फैसले पर गंभीर ने कहा, "निश्चित रूप से यह कठिन था। मेरे कोचिंग कार्यकाल में शायद उन्हें इंग्लैंड सीरीज से बाहर रखना सबसे कठिन फैसला था, खासकर उससे पहले उन्होंने जैसा प्रदर्शन किया था। लेकिन कई बार आपको खिलाड़ियों की मौजूदा फॉर्म को भी ध्यान में रखना पड़ता है।" सूर्यवंशी के बारे में गंभीर ने कहा कि उनसे साफ बातचीत हुई है कि उन्हें अपने मौके का इंतजार करना होगा। टीम उनकी प्रतिभा और उनकी क्षमता से पूरी तरह परिचित है।



