वह 'गेंदबाजी का सचिन तेंदुलकर' है, जब महेंद्र सिंह धोनी ने किया था जहीर खान का बचाव, CSK कोच बनने के बाद चर्चा में बयान
महेंद्र सिंह धोनी के स्टारडम वाली आईपीएल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स ने स्टीफन फ्लेमिंग के इस्तीफा देने के कुछ महीने बाद अब जहीर खान को अपना हेड कोच नियुक्त किया है। इस घटनाक्रम के बाद जहीर खान और धोनी के पुराने किस्से और बयान चर्चा में हैं। एक बयान तेजी से वायरल हो रहा है।

आईपीएल 2027 के लिए चेन्नई सुपर किंग्स ने एक बड़ा फैसला लिया है। धोनी के स्टारडम वाली फ्रेंचाइजी ने जहीर खान को अपना हेड कोच नियुक्त किया है। खान ने स्टीफन फ्लेमिंग का स्थान लिया है। फ्लेमिंग 2009 से चेन्नई सुपर किंग्स के हेड कोच थे और फ्रेंचाइजी की पहचान का अभिन्न अंग बन गए थे। एमएस धोनी को फ्लेमिंग के उत्तराधिकारी को खोजने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। धोनी ने इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाया और अपने पुराने मित्र और भरोसेमंद गेंदबाज को फ्रेंचाइजी की कमान सौंपी है।
धोनी का जहीर खान पर हमेशा रहा अटल विश्वास
महेंद्र सिंह धोनी का जहीर खान पर हमेशा से अटल विश्वास रहा है। फिर चाहे वह 2011 का वनडे वर्ल्ड कप हो, जिसमें इस बाएं हाथ के गेंदबाज ने सर्वाधिक विकेट लिए थे या फिर 2012 का टी-20 वर्ल्ड कप जहां जहीर खान अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे थे और लाचार बेबस नजर आ रहे थे। साल 2012 था और यही सितंबर का महीना। टी-20 विश्व कप चल रहा था। जहीर विश्व टी20 में कठिन दौर से गुजर रहे थे। विकेट गिरने बंद हो गए थे और भारत के वरिष्ठ तेज गेंदबाज के भविष्य पर सवाल उठने लगे थे। धोनी चाहते तो सीधे शब्दों में कह देते कि यह गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहा, इसे बाहर किया जाना चाहिए। हालांकि, उन्होंने ऐसा नहीं किया। बल्कि एक ऐसी बात कही जो सालों-साल तक दोहराई गई और आज जब जहीर खान चेन्नई सुपर किंग्स के हेड कोच बने हैं तब सुनामी की तरह चारों तरफ फैल गई है। जब धोनी से प्रेस कॉन्फ्रेंस में जहीर खान के खराब प्रदर्शन पर पूछा गया तब उन्होंने सीधे शब्दों में कहा कि जहीर लंबे समय से भारतीय तेज गेंदबाजी यूनिट के लीडर रहे हैं। बल्कि मैं यह कहूं कि वे हमारे लिए गेंदबाजी के सचिन तेंदलुकर हैं तब भी कुछ गलत नहीं होगा।
जब धोनी ने जहीर खान को बताया गेंदबाजी का सचिन तेंदुलकर
धोनी ने उस समय प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था “जब कोई गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहा होता है, तो उसकी आलोचना करना आसान होता है। मेरे लिए जहीर भारतीय गेंदबाज़ी आक्रमण के सचिन तेंदुलकर हैं। वह कई सालों से गेंदबाजी इकाई के नेतृत्वकर्ता रहे हैं।” यह ऐसे समय में कहा गया वाक्य था जब जहीर खान को अपने कप्तान के बैकअप की सबसे ज्यादा जरूरत थी। जहीर को मैच जिताने वाली गेंदबाजी के बाद सराहना नहीं मिल रही थी, बल्कि एमएस धोनी उनका बचाव कर रहे थे जब उन पर सबसे ज़्यादा सवाल उठ रहे थे। उन्होंने फॉर्म में आई गिरावट को भी स्वीकार किया और कहा कि जहीर पिछले मैचों में उतने प्रभावी नहीं रहे थे और फिर कुछ जिम्मेदारी बाकी गेंदबाजों पर भी डाली। धोनी ने कहा- “ऐसी परिस्थितियों में, दूसरों को आगे आना पड़ता है।” साथ ही यह भी जोड़ा कि उन्हें विश्वास है कि जहीर जल्द ही फॉर्म में लौट आएंगे।
2011 वर्ल्ड कप में देखने को मिली थी दोनों की शानदार बॉन्डिंग
धोनी और जहीर खान के बीच यह प्रगाढ़ विश्वास प्रेस कॉन्फ्रेंस से बहुत पहले कायम हो चुका था। धोनी के नेतृत्व में जहीर भारत के वरिष्ठ तेज गेंदबाज से कहीं अधिक बन गए थे। वे आक्रमण के आयोजक और समस्या-समाधानकर्ता थे। वे लगभग एक अनौपचारिक गेंदबाजी कप्तान थे, जो परिस्थितियों को समझने, योजनाओं में बदलाव करने और युवा गेंदबाजों का मार्गदर्शन करने की अपनी काबिलियत के लिए खास बन गए थे। धोनी और जहीर खान की साझेदारी सबसे यादगार दौर में तब पहुंची जब भारत ने 2011 विश्व कप जीता। जहीर ने टूर्नामेंट में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा 21 विकेट लिए, लेकिन उनका महत्व सिर्फ स्कोरबुक तक ही सीमित नहीं था। भारत को उनमें एक अनुभवी तेज गेंदबाज मिला जो न सिर्फ अपनी गेंदबाजी को बल्कि पूरी पारी की लय को समझने में सक्षम था। धोनी ने उन्हें सोचने की आजादी दी और जहीर ने बाद में धोनी के 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने पर उस आजादी को बखूबी याद किया। जहीर ने लिखा "आपके साथ गेंदबाजी करने की आजादी का मैंने सचमुच आनंद लिया।"


