हैट्रिक, पंजा, सबसे ज्यादा विकेट...SA20 में बार्टमैन की कातिल गेंदबाजी देख पछता रहा होगा दक्षिण अफ्रीका

Jan 16, 2026 10:59 am ISTChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

हैट्रिक के साथ 5 विकेट। इस सीजन में अब तक सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में शहंशाह। लीग के इतिहास के भी सबसे सफल गेंदबाज का तमगा। कातिल गेंदबाजी से अपनी टीम को शान से प्लेऑफ में पहुंचाना। एसए20 में ये कारनामा किया है दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज ओटनील बार्टमैन ने।

हैट्रिक, पंजा, सबसे ज्यादा विकेट...SA20 में बार्टमैन की कातिल गेंदबाजी देख पछता रहा होगा दक्षिण अफ्रीका

शायर अब्दुल हमीद अदम ने लिखा है- शायद मुझे निकालकर पछता रहे हो आप, महफिल में इसी खयाल से फिर आ गया हूं मैं। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज ओटोनील बार्टमैन शायद अपने देश के राष्ट्रीय चयनकर्ताओं से भी यही कह रहे। एसए20 में अपने प्रदर्शन से दिखा रहे- आ गया हूं मैं।

हैट्रिक के साथ 5 विकेट। एसए20 के इतिहास का महज दूसरा हैट्रिक। इस सीजन में अब तक सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में शहंशाह। लीग के इतिहास के भी सबसे सफल गेंदबाज का तमगा। कातिल गेंदबाजी से अपनी टीम को शान से प्लेऑफ में पहुंचाना। एसए20 में ये कारनामा किया है दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज ओटनील बार्टमैन ने। वही बार्टमैन जिन्हें दक्षिण अफ्रीका ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपने स्क्वाड में जगह देने लायक भी नहीं समझा। अब इस गेंदबाज के तूफान को देखकर दक्षिण अफ्रीकी टीम शायद पछता रही होगी।

ओटनील बार्टमैन ने गुरुवार को सीम गेंदबाज़ी का शानदार प्रदर्शन करते हुए यादगार हैट्रिक झटकी और 5 विकेट लेकर पार्ल रॉयल्स को एसए20 सीज़न 4 के प्लेऑफ़ में पहुंचा दिया। इस बोनस-पॉइंट जीत के साथ रॉयल्स अंकतालिका में 21 अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंच गए।

बार्टमैन एसए20 के इतिहास में हैट्रिक लेने वाले दूसरे गेंदबाज़ बने। इससे पहले यह उपलब्धि पिछले सप्ताह किंग्समीड में डरबन सुपर जायंट्स के खिलाफ प्रिटोरिया कैपिटल्स के तेज़ गेंदबाज़ लुंगी एनगिडी ने हासिल की थी।

बार्टमैन की हैट्रिक के शिकार आंद्रे रसेल, लिज़ाड विलियम्स और एनगिडी बने। इससे पहले भी उन्होंने लगातार गेंदों पर कॉनर एस्टरह्यूज़न को क्लीन बोल्ड किया और जॉर्डन कॉक्स को एलबीडब्ल्यू आउट किया था। इस प्रदर्शन के साथ 32 वर्षीय बार्टमैन ने लीग इतिहास में 57 विकेट लेकर अपने पूर्व सनराइजर्स ईस्टर्न केप टीममेट मार्को यानसेन को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष विकेट-टेकर का स्थान हासिल किया।

बार्टमैन के 5/16 के दम पर कैपिटल्स की टीम महज़ 127 रन पर सिमट गई। इसके बाद रॉयल्स के बल्लेबाज़ों ने लक्ष्य को छह विकेट रहते और 4.1 ओवर शेष रहते आसानी से हासिल कर लिया। इस जीत से मिला बोनस पॉइंट रॉयल्स को तालिका में शीर्ष पर ले गया।

इसके साथ ही पार्ल रॉयल्स, सनराइजर्स ईस्टर्न केप के बाद प्लेऑफ़ में जगह पक्की करने वाली दूसरी टीम बन गई।

यह कोई संयोग नहीं था कि बार्टमैन की हैट्रिक पर उन्हें बधाई देने वाले पहले साथी खिलाड़ी सिकंदर रज़ा थे। ज़िम्बाब्वे के इस अनुभवी ऑलराउंडर ने कुछ दिन पहले बल्ले से शानदार प्रदर्शन के बाद इस मैच में गेंद से भी अहम भूमिका निभाई। रज़ा ने डेवाल्ड ब्रेविस और शाई होप के अहम विकेट लेकर 2/29 के आंकड़े दर्ज किए और टूर्नामेंट में 13 विकेट के साथ विकेट लेने वालों की सूची में बार्टमैन के ठीक पीछे पहुंच गए।

मैच के लिए चार खिलाड़ी प्लेयर ऑफ़ द मैच की दौड़ में थे-ओटनील बार्टमैन, रुबिन हरमन, सिकंदर रज़ा और शेरफेन रदरफोर्ड-जिसमें हैट्रिक हीरो बार्टमैन ने फैंस के 89.5 प्रतिशत वोट के साथ यह सम्मान जीता।

रॉयल्स की रन-चेज़ की शुरुआत थोड़ी डगमगाई, जब ओपनर लुआन-ड्रे प्रिटोरियस और आसा ट्राइब को प्रेरित लिज़ाड विलियम्स (2/28) ने जल्दी आउट कर दिया। इसके बाद रुबिन हरमन (28 गेंदों में 46 रन; 5 चौके, 3 छक्के) और डैन लॉरेंस (32 गेंदों में 41 रन; 3 चौके, 2 छक्के) ने तीसरे विकेट के लिए 52 रनों की साझेदारी कर पारी को संभाला। कप्तान डेविड मिलर ने नाबाद 28 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया।

रॉयल्स के अब लीग चरण में दो मुकाबले बाकी हैं। उसे शनिवार को किंग्समीड में डरबन सुपर जायंट्स के खिलाफ और फिर सोमवार को बोलैंड पार्क में जोबर्ग सुपर किंग्स के विरुद्ध खेलना है। शीर्ष दो में रहते हुए क्वालिफ़ायर 1 में जगह पक्की करने के लिए टीम मजबूत स्थिति में है।

दूसरी ओर, प्रिटोरिया कैपिटल्स का अब सिर्फ़ एक मुकाबला बचा है। शनिवार को उसे वांडरर्स में जोबर्ग सुपर किंग्स के खिलाफ खेलना है। कैपिटल्स पहली बार सीज़न 1 के बाद प्लेऑफ़ में पहुंचने की उम्मीदें बनाए रखने के लिए इस मैच में अधिकतम अंक जुटाने की कोशिश करेंगे।

इस बीच, सेंचुरियन गुरुवार, 22 जनवरी को एलिमिनेटर की मेज़बानी करेगा। इस सीज़न में कैपिटल्स के घरेलू मैदान पर खेले गए सभी पांच मैच हाउसफुल रहे, जो टूर्नामेंट की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय, असिस्टेंट एडिटर

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, लाइव स्कोर, क्रिकेट शेड्यूल, T20 वर्ल्ड कप 2026, T20 वर्ल्ड कप 2026 शेड्यूल और T20 वर्ल्ड कप 2026 प्वाइंट टेबल की पूरी जानकारी और खिलाड़ियों के आंकड़े हिंदी में पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें।