अफगानिस्तान के खिलाफ T20 सीरीज से बाहर हुआ ये खिलाड़ी, टीम इंडिया को लगा बड़ा झटका
अफगानिस्तान के खिलाफ 13 सितंबर से शुरू हो रही 3 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज से पहले टीम इंडिया के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। तेज गेंदबाज हर्षित राणा इस सीरीज से बाहर हो गए हैं। इस तरह की रिपोर्ट है।

टीम इंडिया को अफगानिस्तान के खिलाफ रविवार 13 सितंबर से 3 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेलनी है। इस सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान भी हो गया है, लेकिन अब एक रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें कहा जा रहा है कि भारतीय टीम से एक खिलाड़ी बाहर हो गया है। चोट की वजह से तेज गेंदबाज हर्षित राणा नई दिल्ली में आयोजित हो रही इस टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। पहले से ही उनकी फिटनेस पर सवालिया निशान था, क्योंकि सिलेक्शन के दौरान बीसीसीआई ने भी इसकी जानकारी दी थी कि वे फिटनेस क्लियरेंस के बाद ही टीम में आएंगे।
हर्षित राणा को लेकर क्रिकबज की रिपोर्ट में कहा गया है कि वे अफगानिस्तान की मेजबानी में दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आयोजित होने वाली टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। हालांकि, अच्छी खबर यह है कि नितीश कुमार रेड्डी इस सीरीज के लिए फिट हो जाएंगे, जबकि वॉशिंगटन सुंदर भी फिट हो चुके हैं। इसके अलावा जसप्रीत बुमराह के भी इस सीरीज के लिए फिट होने की उम्मीद है, लेकिन हर्षित राणा सीरीज से बाहर हो गए हैं। यही चारों खिलाड़ी सब्जेक्ट टू फिटनेस टीम सिलेक्शन में थे।
हर्षित को लगी है नई चोट
क्रिकबज की रिपोर्ट में बताया गया है कि बीसीसीआई के बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस यानी सीओई में रिहैब से गुजर रहे हर्षित राणा को रिहैब के दौरान एक नई चोट लग गई है। ऐसे में वह लगभग सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी नई चोट कैसी है, यह पता नहीं है, लेकिन जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे T20I के बाद से उन्हें हैमस्ट्रिंग की दिक्कत है। इसी वजह से वह बाकी के मुकाबले नहीं खेल पाए थे। वहीं, बुमराह के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है। सूत्रों का कहना है कि वह गुरुवार को फिटनेस टेस्ट के लिए आ सकते हैं।
कौन ले सकता है राणा की जगह?
हर्षित राणा की जगह किसे टीम में शामिल किया जा सकता है? ये एक बड़ा सवाल है। मयंक यादव और प्रिंस यादव में से किसी एक को हर्षित राणा की जगह अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम में शामिल किया जा सकता है। मयंक ने हाल ही में नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में हुई दिल्ली प्रीमियर लीग में भी हिस्सा लिया था, जहां उन्होंने अच्छी गेंदबाजी की थी। ऐसे में अपनी पेस के लिए जाने-जाने वाले मयंक यादव को टीम में जगह मिल सकती है, जबकि प्रिंस यादव और गुरनूर बराड़ जैसे खिलाड़ी भी रेस में होंगे।



