हर्षित राणा का वापसी पर बढ़ गया था वजन, चोट के बाद वरुण के भविष्य पर उठे सवाल

भाषा, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

हर्षित राणा का रिहैबिलिटेशन के दौरान वजन बढ़ गया था और इस वजह से शायद उन्हें दोबारा इंजरी हुई। वहीं बल्लेबाज अब वरुण चक्रवर्ती की गेंदों की विविधताओं को काफी हद तक समझ चुके है।

हर्षित राणा

घुटने की सर्जरी से वापसी के बाद अपनी पहली अंतरराष्ट्रीय सीरीज में ही मांसपेशियों में खिंचाव (हैमस्ट्रिंग) का शिकार हुए तेज गेंदबाज हर्षित राणा की फिटनेस कार्यक्रम पर सवाल उठने लगे हैं और शीर्ष सूत्रों के अनुसार 'रिहैबिलिटेशन' के दौरान उनका वजन बढ़ गया था जिसकी वजह से शायद उन्हें यह चोट लगी। सूत्रों के मुताबिक इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के टी20 चरण के लिए टीम से जुड़ने के समय 24 वर्षीय हर्षित का वजन बढ़ा हुआ था। उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ दो और इंग्लैंड के खिलाफ तीन टी20 मैच खेले, लेकिन मांसपेशियों में खिंचाव के कारण सिर्फ पांच मैच के बाद ही उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा।

हर्षित के बढ़े वजन ने खड़े किए सवाल

बीसीसीआई ने तब विज्ञप्ति में कहा था, ''ट्रेंट ब्रिज में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान हर्षित राणा को दाहिनी पैर में अचानक दर्द महसूस हुआ। बाद में कराई गई स्कैन जांच में 'ग्रेड-1 हैमस्ट्रिंग' चोट की पुष्टि हुई। '' इस चोट के कारण वह तीन मैच की वनडे सीरीज में भी नहीं खेल पाए जबकि इसमें उनके अहम भूमिका निभाने की उम्मीद थी।

हालांकि गौतम गंभीर के टीम प्रबंधन और राष्ट्रीय चयन समिति के लिए सबसे बड़ी चिंता का विषय यह है कि घुटने की सर्जरी, 'रिहैब' और बेंगलुरु में 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' में 'रिटर्न टू प्ले' प्रोटोकॉल पूरी करने के बावजूद हर्षित का वजन क्यों बढ़ गया।

बीसीसीआई के एक वरिष्ठ सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई से कहा, ''2027 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए हर्षित इस टीम के बेहद महत्वपूर्ण सदस्य हैं। उन्हें लगभग 140 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करने वाले और आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले संभावित खिलाड़ी के रूप में देखा जा रहा है। लेकिन उन्हें अपनी फिटनेस दिनचर्या को लेकर अधिक सतर्क रहना होगा। ''

एक बल्लेबाज का भी बढ़ा वजन

सूत्र ने कहा, ''हाल में जब वह टीम से जुड़े तो उनका वजन सामान्य से अधिक पाया गया। तेज गेंदबाजी करने वाले खिलाड़ी के लिए अतिरिक्त वजन शरीर पर दबाव बढ़ाता है और इससे 'हैमस्ट्रिंग' फटने का खतरा काफी बढ़ जाता है। '' हर्षित की चोट इस बात का संकेत है कि घुटने की सर्जरी के बाद 'रिहैब' कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने और फिटनेस प्रमाण पत्र हासिल करने के बावजूद उन्होंने वजन नियंत्रण पर पूरी तरह ध्यान नहीं दिया। लंबे समय तक चोटिल रहने वाले खिलाड़ियों के लिए यह अक्सर एक चुनौतीपूर्ण पहलू होता है।

सूत्रों के अनुसार ब्रिटेन दौरे पर रवाना होने से पहले भारतीय टीम के एक अन्य टी20 विशेषज्ञ शीर्ष क्रम के बल्लेबाज का भी वजन सामान्य से थोड़ा अधिक पाया गया था, हालांकि यह बहुत मामूली था। 2026 टी20 विश्व कप से पहले शानदार प्रदर्शन के कारण वरुण चक्रवर्ती भारत के 'ट्रंप कार्ड' में से एक माने जा रहे थे। लेकिन अब दुनिया की प्रमुख टीमों के बल्लेबाज उनकी कलाई से निकलने वाली गेंदों की विविधताओं को काफी हद तक समझ चुके हैं।

वरुण की चमक पड़ी फीकी

आईपीएल के दौरान कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए पैर की उंगली में फ्रैक्चर के बावजूद खेलने से उन्हें कोई अतिरिक्त लाभ नहीं मिला। 'रिहैब' पूरा नहीं होने के कारण वह आयरलैंड दौरे के टी20 चरण से बाहर रहे। लेकिन ब्रिटेन दौर में सिर्फ तीन मैच खेलने के दौरान ही उनकी मांसपेशियों में फिर चोट लग गई। बीसीसीआई ने अपनी विज्ञप्ति में कहा था, ''एमआरआई स्कैन में ग्रेड-2 हैमस्ट्रिंग चोट की पुष्टि हुई। विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह के आधार पर उन्हें जिम्बाब्वे के खिलाफ आगामी टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला से बाहर कर दिया गया है। '' इससे यह चिंता भी पैदा हुई कि अगले महीने 35 वर्ष के होने वाले चक्रवर्ती पूरी तरह फिट हुए बिना ही प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में लौट आए थे।

एशियाई खेलों के लिए निर्धारित समय-सीमा के भीतर टीम घोषित करनी थी इसलिए चक्रवर्ती को उसमें जगह मिल गई। हालांकि इसके आगे जब 2028 ओलंपिक और ऑस्ट्रेलिया में होने वाले अगले टी20 विश्व कप की तैयारियां शुरू होंगी, तब तक चक्रवर्ती 37 वर्ष के हो चुके होंगे। ऐसे में संभावना यही है कि इस वर्ष के एशियाई खेलों के बाद उन्हें भारतीय टीम की दीर्घकालिक योजनाओं में शायद शामिल नहीं किया जाए।

Himanshu Singh

लेखक के बारे में

Himanshu Singh

हिमांशु सिंह (कंटेंट प्रोड्यूसर)

हिंमांशु सिंह पिछले 6 वर्षों से खेल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं।


परिचय और अनुभव

हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। उन्होंने 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी की शुरुआत की थी। खेल की बारीकियों को समझने और उन्हें पाठकों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि : हिमांशु ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईएमएस (नोएडा) से पूरी की है। खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही खेल पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने 2017 में 'पंचायती टाइम्स' वेबसाइट में बतौर ट्रेनी अपने करियर का पहला कदम रखा, जहां उन्होंने खेल रिपोर्टिंग की बुनियादी बारीकियां सीखीं।


खेल विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग
लाइव मैच कवरेज और डेटा विश्लेषण
खिलाड़ियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और प्रोफाइल
डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट स्ट्रेटजी

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट Cricket Live Score, Cricket Schedule, और Cricket News in Hindi के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी बड़े मुकाबलों के पल-पल के अपडेट्स और देश-दुनिया की हर क्रिकेट खबर सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।