हैरी ब्रूक ने टी20 वर्ल्ड कप में सेंचुरी जड़कर रचा नया इतिहास, 16 साल पुराना रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त
Harry Brook Century: इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने पाकिस्तान के खिलाफ शानदार शतकीय पारी खेली। यह उनका टी20 इंटरनेशनल में पहला शतक था। ब्रूक ने इतिहास रच डाला है।

इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने मंगलवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ सुपर-8 मैच में कमाल की शतकीय पारी खेली। उन्होंने पाल्लेकल स्टेडियम में 51 गेंदों में 100 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और चार छक्के शामिल हैं। उन्होंने 50 गेंदों में सेंचुरी पूरी की और अगली गेंद पर आउट हो गए। यह ब्रूक का टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पहला शतक था। उनके पारी के दम पर इंग्लैंड ने 165 रनों का टारगेट चेज किया और सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया। ब्रूक ने नया इतिहास रच डाला है। वह टी20 वर्ल्ड कप में सेंचुरी जड़ने वाले पहले कप्तान बन गए हैं।
ब्रूक ने 16 साल पुराना रिकॉर्ड किया ध्वस्त
ब्रूक ने 16 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है। उनसे पहले टी20 वर्ल्ड कप में बतौर कप्तान सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम दर्ज था। वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर गेल ने 2010 में आयोजित टूर्नामेंट में भारत के खिलाफ 98 रनों की पारी खेली थी। ब्रूक टूर्नामेंट में इंग्लैंड के लिए सबसे तेज शतक जड़े वाले प्लेयर हैं। हालांकि, वह कुछ गेंदों से गेल का टी20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज सेंचुरी का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए। उन्होंने 2016 में इंग्लैंड के विरुद्ध 47 गेंदों में शतक लगाया था। वहीं, गेल 2007 टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के सामने 50 गेंदों में शतक मार चुके हैं।
T20 वर्ल्ड कप में बतौर कप्तान सबसे बड़ी पारी
100 - हैरी ब्रूक (बनाम पाकिस्तान, 2026)
98 - क्रिस गेल (बनाम भारत, 2010)
94* - लोर्कन टकर (बनाम ओमान, 2026)
92 - रोहित शर्मा (बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2024)
88 - क्रिस गेल (बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2009)
86* - एडेन मार्करम (बनाम न्यूजीलैंड, 2026)
85 - केन विलियमसन (बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2021)
84* - सूर्यकुमार (बनाम अमेरिका, 2026)
प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए कप्तान ब्रूक
मैच की बात करें तो ब्रुक ने 58 रन तक चार विकेट गंवाने के बावजूद पांचवें विकेट के लिए सैम करन (15 गेंद में 16 ) के साथ 45 और विल जैक्स (23 गेंद में 28) के साथ छठे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई। ब्रूक प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। पाकिस्तान की ओर से शाहीन शाह अफरीदी ने चार जबकि उस्मान तारिक और मोहम्मद नवाज ने दो-दो विकेट झटके। इससे पहले, शानदार लय में चल रहे साहिबजादा फरहान की 45 गेंद में 63 रन की पारी से पाकिस्तान ने नौ विकेट पर 164 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था। बाबर आजम (24 गेंदों पर 25 रन) एक बार फिर रन गति बढ़ाने में संघर्ष करते दिखे।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



