'हरमनप्रीत कौर का स्ट्राइक रेट चिंता का विषय', T20 WC के बीच शिखा पांडे ने दी अहम सलाह
महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच शिखा पांडे ने हरमनप्रीत कौर को एक अहम सलाह दी है। उन्होंने कहा कि भारतीय कप्तान हरमनप्रीत को अपना नैसर्गिक खेल खेलना होगा।

भारतीय तेज गेंदबाज शिखा पांडे का मानना है कि महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर को विकेटों के पतन की चिंता छोड़कर स्वाभाविक आक्रामक खेल पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्रीज पर थोड़ा समय बिताने के बाद हरमनप्रीत बिल्कुल अलग स्तर की बल्लेबाज नजर आती हैं। भारतीय टीम के लिए दक्षिण अफ्रीका से हारने के बाद वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचने की राह मुश्किल हो गई है। टीम को लीग चरण में बृहस्तपिवार को बांग्लादेश और रविवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलना है।
हरमनप्रीत को चौथे नंबर पर आना चाहिए
शिखा ने 'जियोस्टार' के 'गेम प्लान' कार्यक्रम में सुझाव दिया कि बल्लेबाजी क्रम में बदलाव से हरमनप्रीत अपनी लय वापस पा सकती हैं। उनके अनुसार कप्तान को चौथे नंबर पर आना चाहिए जबकि जेमिमा रोड्रिग्स को पांचवें स्थान पर उतारा जा सकता है। उन्होंने कहा, "भारतीय मध्यक्रम में हरमनप्रीत कौर का स्ट्राइक रेट चिंता का विषय है। शुरुआती विकेट जल्दी गिरता है तो यास्तिका भाटिया बल्लेबाजी के लिए आती हैं और जेमिमा चौथे नंबर पर खेलती हैं। संभव है कि हरमनप्रीत चौथे नंबर पर आएं और जेमिमा पांचवें स्थान पर चली जाएं।''
'जम जाएं तो भारत को बड़ा फायदा होगा'
शिखा ने कहा कि हरमनप्रीत को विकेट गिरने की चिंता छोड़कर अपने स्वाभाविक खेल पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा, "जब हरमनप्रीत कौर लय में होती हैं तो वह पूरी तरह अलग बल्लेबाज नजर आती हैं। क्रीज पर समय बिताने के बाद वह सहजता से ड्राइव और डीप मिडविकेट के ऊपर से बड़े शॉट लगाती है। वह स्पिनरों के खिलाफ भी बेहद प्रभावी हैं। अगर वह जम जाएं तो भारत को बड़ा फायदा होगा।'' भारत की पूर्व बल्लेबाज वेदा कृष्णमूर्ति ने जेमिमा रोड्रिग्स को तीसरे नंबर पर ही बल्लेबाजी कराने का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि किसी बल्लेबाज को स्पष्ट भूमिका देना बेहद जरूरी होता है।
'जब लगातार कुछ कम स्कोर बनते हैं तो...'
वेदा ने कहा, "यह आत्मविश्वास की बात है। जब लगातार कुछ कम स्कोर बनते हैं तो बल्लेबाज जरूरत से ज्यादा सोचने लगता है और उसका खेल सीमित हो जाता है।" उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच का जिक्र करते हुए कहा कि नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से साझेदारियां नहीं बन सकीं। टी20 क्रिकेट में गति बनाए रखना बेहद महत्वपूर्ण होता है। वेदा ने कहा, "मैं अब भी जेमिमा को तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते देखना चाहूंगी। उन्हें एक निश्चित भूमिका दी जानी चाहिए, क्योंकि इससे तैयारी करना आसान हो जाता है। जब किसी खिलाड़ी से लचीला रहने को कहा जाता है, तो उसे यह समझ नहीं आता कि पहली गेंद से तैयार रहना है या तीसरे ओवर से। इससे बल्लेबाज के लिए मुश्किलें बढ़ जाती हैं।"
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



