
वनडे की सबसे बड़ी हार झेलने पर टूटा हरमनप्रीत का दिल, बोलीं- इस वजह से भारत के हाथों से फिसला मैच
भारतीय टीम आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप में 330 रन बनाने के बावजूद ऑस्ट्रेलिया से हार गई। ऑस्ट्रेलिया ने तीन विकेट से रिकॉर्ड जीत दर्ज की। जानिए, कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सबसे बड़ी हार झेलने पर क्या कुछ कहा?
हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम रविवार को 330 रन बनाने के बावजूद तीन विकेट से हार गई। ऑस्ट्रेलिया ने आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में 331 रनों का लक्ष्य 49 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर हासिल किया। यह महिला वनडे इतिहास में चेज किया गया सबसे बड़ा लक्ष्य है। ऑस्ट्रेलिया के लिए लक्ष्य को एलिसा हीली की पारी ने आसान बनाया। उन्होंने 107 गेंदों में 142 रन बनाए, जिसमें 21 चौके और तीन छक्के शामिल हैं। वनडे की सबसे बड़ी हार झेलने पर कप्तान हरमनप्रीत का दिल टूट गया है। उन्होंने बताया कि भारत के हाथों से मैच कहां फिसला? भारत ने स्मृति मंधाना (80) और प्रतिका रावल (75) की पारियों के दम पर रिकॉर्ड स्कोर बनाया था। दोनों ने 155 रनों की साझेदारी की। एक समय भारतीय टीम 350 के पार जाते हुए नजर आ रही थी लेकिन आखिरी छह विकेट 36 रन के भीतर गिर गए, जिसका खामियाजा भुगतना पड़ा।
हरमनप्रीत ने मैच के बाद कहा, ''ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जिस तरह से हमने शुरुआत की, हमें 30-40 रन और बनाने चाहिए थे। आखिरी 6-7 ओवरों में हम लगातार विकेट गंवाते रहे। यह बल्लेबाजी के लिए अच्छी पिच थी और हम इसका फायदा नहीं उठा पाए। आखिरी छह ओवरों में हमारी बल्लेबाजी कमजोर रही और वहीं से मैच फिसल गया। सलामी बल्लेबाज हमें अच्छी शुरुआत दे रही हैं और यही कारण है कि हम बड़े स्कोर बना पा रहे हैं। हमने अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन मुझे लगता है कि आखिरी 5 ओवरों में हमें काफी नुकसान हुआ। पिछले तीन मैचों में हम मिडिल ओवर्स में रन नहीं बना पाए थे। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया मैच में निचले क्रम ने जिम्मेदारी ली। मुझे लगता है कि पहले 40 ओवर वाकई अच्छे थे और आखिरी 10 ओवरों में हम उतना अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए।'' लगातार दो हार ने भारत की सेमीफाइनल की राह मुश्किल कर दी है। भारत को अब इंग्लैंड , न्यूजीलैंड और बांग्लादेश से भिड़ना है।
भारतीय कप्तान ने कहा, ''मुझे लगता है कि मैच में ऐसी चीजें होती ही रहती हैं। आप हर समय अपना 100 प्रतिशत नहीं दे सकते, लेकिन यह बहुत अहम है कि आप कैसे वापसी करते हैं। अगले दो मुकाबले बहुत महत्वपूर्ण हैं और मुझे लगता है कि ऑस्ट्रेलिया मैच से कई सकारात्मक बातें सामने आई हैं। श्री चरणी बेहतरीन रहीं। उन्होंने मैच में बहुत अच्छी गेंदबाजी की। उन्होंने सभी बल्लेबाजों को परेशान किया। यहां तक कि जब हीली बल्लेबाजी कर रही थी, तब भी वह आसानी से रन नहीं दे रही थीं। इसलिए हमें उनसे बहुत उम्मीदें हैं। जब भी वह मैदान पर होंगी तो हमें ब्रेकथ्रू दिलाती रहेंगी। हम बैठकर टीम संयोजन के बारे में चर्चा करेंगे। इस संयोजन ने हमें पहले भी बहुत सफलता दिलाई है। मुझे लगता है कि दो खराब मैच हमारे लिए कोई बड़ा बदलाव नहीं लाएंगे, आगे बढ़ने के लिए हमें बहुत सी चीजों पर काम करना होगा। उम्मीद है कि हम सबसे अच्छा तरीका निकालेंगे।'' चरणी ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 41 रन देकर सर्वाधिक तीन विकेट लिए।

लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय





