'शुक्रगुजार हूं कि ये खिलाड़ी…’, स्मृति मंधाना-दीप्ति शर्मा को लेकर बोलीं कप्तान हरमनप्रीत कौर

लाइव हिन्दुस्तान, दुबई, भाषा
Follow us on Google News
share

हरमनप्रीत कौर ने स्मृति मंधाना और दीप्ति शर्मा की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि वह शुक्रगुजार हैं कि वह दोनों भारतीय टीम के लिए खेलते हैं और वह इनकी कप्तानी करके खुश हैं।

हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना
हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना,

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने विमेंस एशिया कप टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट के ग्रुप ए मैच में गुरुवार को हांगकांग पर 137 रन की एकतरफा जीत के साथ सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई के बाद कहा कि उनकी टीम इस मुकाबले से जो हासिल करना चाहती थी उसे पाऩे में सफल रही। भारत ने सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना (64 गेंद पर 14 चौकों और सात छक्कों से 124 रन) के करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी से पांच विकेट पर 193 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में हांगकांग की टीम ऑफ स्पिनर दीप्ति शर्मा (नौ रन पर तीन विकेट), तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा (छह रन पर दो विकेट), लेग लेग स्पिनर प्रेमा रावत (12 रन पर दो विकेट) और बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी (16 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 16.2 ओवर में सिर्फ 56 रन पर ढेर हो गई।

हरमनप्रीत से जब मैच के बाद मध्यक्रम की बल्लेबाजों के विफल रहने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ''मैं सकारात्मक पहलुओं से शुरुआत करूंगी। स्मृति और शेफाली ने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की। मध्यक्रम की बात करें तो हां, इसी वजह से हम पहले बल्लेबाजी करना चाहते थे जिससे कि परिस्थितियों के अभ्यस्त हो सकें। हमारा लक्ष्य पिच पर समय बिताना और परिस्थितियों को समझना था।''

उन्होंने कहा, ''फिर भी हम एक टीम के रूप में जो हासिल करना चाहते थे उसे करने में सफल रहे। हमारा लक्ष्य करीब 200 रन बनाना था और इसके बाद गेंदबाजों ने हमारे लिए काम कर दिया।''

हरमनप्रीत ने कहा कि उनकी प्लेइंग XI काफी हद तक तय है।

उन्होंने कहा, ''मुझे लगता है कि हम काफी हद तक तय कर चुके हैं लेकिन हमारे पास इस बारे में सोचने के लिए अभी एक दिन और है कि क्या हम कोई बदलाव करना चाहते हैं या किसी और खिलाड़ी को जिम्मेदारी देना चाहते हैं। फिलहाल हमारी टीम काफी हद तक तय है।''

स्मृति मंधाना और दीप्ति शर्मा को लेकर हरमन बोलीं, “एक कप्तान के तौर पर, मैं शुक्रगुजार हूं कि ये खिलाड़ी मेरे देश के लिए खेलते हैं, और उन्हें लीड करना हमेशा एक शानदार मौका होता है। स्मृति जैसी खिलाड़ी को रन बनाते और टीम के लिए ज़रूरी पारी खेलते देखना अच्छा लगता है। जब भी टीम को ज़रूरत होती है, दीप्ति कड़ी मेहनत करती रहती है, और उसे फिर से जरूरी विकेट लेते देखना बहुत अच्छा लगता है।”

भारत का लीग स्टेज का आखिरी मैच पाकिस्तान से 5 सितंबर को है, उम्मीद है कि टीम इंडिया इसी तरह का प्रदर्शन उस दिन भी दोहराएगी।

Lokesh Khera

लेखक के बारे में

Lokesh Khera

लोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।

और पढ़ें
Cricket News , Cricket Schedule , Live Cricket Score से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। क्रिकेट की सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप डाउनलोड करें।
Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़मंधाना को लेकर बोलीं हरमनप्रीत, ‘शुक्रगुजार हूं कि ये खिलाड़ी मेरे देश के लिए..’