
हार्दिक पांड्या ने कमबैक मैच में दिखाई अपनी तूफानी ताकत, 42 गेंदों में जड़ दिए 77 रन
हार्दिक पांड्या ने कमबैक मैच में अपनी तूफानी ताकत दिखाई। 42 गेंदों में हार्दिक पांड्या ने 77 रन जड़ दिए। हार्दिक पांड्या काफी समय से मैदान से दूर थे। आखिरी मैच उन्होंने सितंबर में खेला था, जब वे एशिया कप में खेल रहे थे।
हार्दिक पांड्या ने प्रोफेशनल क्रिकेट में तूफानी अंदाज में कमबैक किया है। हार्दिक पांड्या काफी समय से क्रिकेट की दुनिया से दूर थे, लेकिन अब साउथ अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज से पहले उन्होंने प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की है। हार्दिक पांड्या सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बड़ौदा की टीम के लिए खेलते हुए नजर आए। इस मैच में उनके बल्ले से आतिशी पारी देखने को मिली। हालांकि, गेंदबाजी उनकी ढीली रही। हार्दिक पांड्या ने काफी रन लुटाए।
2 दिसंबर को हार्दिक पांड्या ने बड़ौदा के लिए खेलते हुए पंजाब के खिलाफ 42 गेंदों में 77 रनों की पारी खेली। हार्दिक पांड्या ने अपनी इस पारी में कुल 11 बार गेंद को बाउंड्री के पार भेजा, जिसमें 7 चौके और 4 छक्के शामिल थे। हालांकि, गेंदबाजी उनकी फीकी रही। 4 ओवर में कुल 52 रन उन्होंने लुटाए, जिसमें एक विकेट उन्होंने हासिल किया। हालांकि, अच्छी बात ये रही कि बड़ौदा की टीम को जीत मिली। अब साफ हो गया है कि वे साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में खेल सकते हैं।
हार्दिक पांड्या आखिरी बार प्रोफेशनल क्रिकेट में सितंबर में खेले थे। 26 सितंबर 2025 को एशिया कप 2025 के सुपर 4 के मैच में हार्दिक पांड्या श्रीलंका के खिलाफ मुकाबला खेलने उतरे थे। इस मैच में वे चोटिल हो गए थे। इसी वजह से उनको फाइनल में मौका नहीं मिला था। इसके बाद से कई बार इस तरह की रिपोर्ट्स सामने आईं कि वे फिट नहीं हैं, लेकिन अब टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले अच्छी बात ये है कि वे फिट हैं और टी20 सीरीज में खेलने के लिए तैयार हैं।
वर्ल्ड कप 2023 के बीच में भी वे चोटिल हो गए थे और कई महीनों के बाद उनकी वापसी हुई थी। व्हाइट बॉल क्रिकेट में वे प्रीमियर खिलाड़ी हैं। हर कोई जानता है कि सीमित ओवरों की क्रिकेट में उनकी अहमियत कितनी है। अगर वे फिट होते हैं तो फिर प्रोपर बैटर और प्रोपर पेसर की भूमिका निभाते हैं। हार्दिक पांड्या के रहने से टीम का संतुलन भी अच्छा रहता है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में हार्दिक पांड्या खेलते हुए नजर आएंगे।






