'आर्मी कैंप' जैसी प्रैक्टिस...हार्दिक पांड्या ने अपनी जबरदस्त फॉर्म और फिटनेस का खोला राज

Feb 13, 2026 11:44 am ISTChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

हार्दिक पांड्या ने पोस्ट-मैच प्रजेंटेशन के दौरान अपने पीक फिटनेस का सीक्रेट भी बताया और आर्मी रूटीन से अपनी तैयारियों की तुलना की। उन्होंने जोर देकर कहा कि पर्दे के पीछे अनुशासन, कड़ी मेहनत और समर्पण की वजह से उनकी बॉडी टॉप शेप में है और सबसे बड़े टूर्नामेंट के लिए तैयार है।

स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने टी20 वर्ल्ड कप में नामीबिया के खिलाफ मैच में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने न सिर्फ 52 रनों की तेजतर्रार पारी खेली, बल्कि बाद में गेंदबाजी के दौरान 4 ओवरों का अपना कोटा भी पूरा किया और 2 विकेट भी झटके। ईशान किशन के विस्फोटक 61 रन और पांड्या के ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत टीम इंडिया ने नामीबिया को 93 रनों से शिकस्त दी और टीम ग्रुप ए में पाकिस्तान को पछाड़कर पॉइंट टेबल में टॉप पर पहुंच गई। पांड्या प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। मैच के बाद स्टार ऑलराउंडर ने अपनी फिटनेस और फॉर्म का सीक्रेट बताया।

हार्दिक पांड्या ने कहा, ‘निश्चित तौर पर खेल का लुत्फ उठा रहा हूं। तैयारी करने के लिए कुछ महीने पास में थे। लय हासिल किया है, शरीर ठीक है। इस तरह सब कुछ अच्छा चल रहा है।’

पांड्या ने कहा कि उन्हें बल्लेबाजी ज्यादा पसंद है। उन्होंने कहा, 'हां, एक ऑलराउंडर के तौर पर मैं हमेशा अपनी बैटिंग पर फक्र करता हूं। इसलिए जब भी कभी मौका मिलता है तो मैं ये सुनिश्चित करता हूं कि दोनों ही स्किल का सही से इस्तेमाल हो...बैटिंग हमेशा से मेरे दिल के करीब रहा है। और जब भी कभी वो मौका आता है तो आपको पता ही है कि ये सोने पे सुहागा होता है।'

हार्दिक पांड्या ने पोस्ट-मैच प्रजेंटेशन के दौरान अपने पीक फिटनेस का सीक्रेट भी बताया और आर्मी रूटीन से अपनी तैयारियों की तुलना की। उन्होंने जोर देकर कहा कि पर्दे के पीछे अनुशासन, कड़ी मेहनत और समर्पण की वजह से उनकी बॉडी टॉप शेप में है और सबसे बड़े टूर्नामेंट के लिए तैयार है।

हार्दिक पांड्या ने कहा, 'बॉडी शानदार रही है। मैंने हमेशा जिक्र किया है कि इसके पीछे बहुत कड़ी मेहनत करनी पड़ती है। आपको पता है कि देश के लिए खेलना हमेशा गर्व की बात होती है और यही मेरी पहली प्राथमिकता रही है। इसके लिए आपको अतिरिक्त कड़ी मेहनती की जरूरत होती है जो मैं करता हूं। पर्दे के पीछे बहुत सारे काम चलते हैं जहां मैं आर्मी की तरह के कैंप में मॉर्निंग और इवनिंग सेशन करता हूं जिससे मैं तैयार रहता हूं। किसी बड़ी सीरीज या किसी बड़े टूर्नामेंट से पहले मैं खुद को उन रूटीन के हिसाब से महीने भर का समय देता हूं। सुनिश्चित करता हूं कि अच्छा खाऊं, अच्छी नींद लूं, सुनिश्चित करता हूं कि आदतें अच्छी रहे। इससे मुझे हमेशा एक शानदार लय मिलती है। और साथ-साथ मेरा शरीर भी खेलते वक्त मेरा अच्छे से साथ देता है।'

इससे पहले गुरुवार को दिल्ली में नामीबिया के खिलाफ मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 209 रनों का शानदार स्कोर खड़ा किया। बीमार अभिषेक शर्मा की जगह पर संजू सैमसन ओपनिंग में ईशान किशन के साथ उतरे। 25 के टीम स्कोर पर संजू सैमसन तूफानी अंदाज में 22 रन बनाकर आउट हो गए। उसके बाद ईशान किशन ने मोर्चा खोल दिया। उन्होंने सिर्फ 24 गेंद में 61 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। इस दौरान ईशान ने 6 चौके और 5 छक्के जड़े। हार्दिक पांड्या ने भी अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 28 गेंद में 4 चौके और इतने ही छक्कों की बदौलत 52 रन बनाए।

200 से ऊपर के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया ने तेज शुरुआत की लेकिन स्पिनरों के खिलाफ उसके बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए। नामीबिया की पूरी टीम 19वें ओवर में 116 रन पर सिमट गई और इस तरह भारत ने ये मैच 93 रनों से जीत लिया। भारत की तरफ से वरुण चक्रवर्ती ने 3, अक्षर पटेल और हार्दिक पांड्या ने 2-2 विकेट हासिल किए। अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और शिवम दुबे को 1-1 सफलता मिली।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय, असिस्टेंट एडिटर

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule और Live Cricket Score देखें और Live Hindustan App डाउनलोड करके सभी अपडेट सबसे पहले पाएं।