
हार्दिक पांड्या ने विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा, ऐसा करने वाले दूसरे भारतीय बने
हार्दिक पांड्या भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले दूसरे क्रिकेटर बन गए हैं। उन्होंने पूर्व कप्तान विराट कोहली को पीछे छोड़ा है। कोहली ने 125 मैच खेले थे, जबकि रोहित शर्मा भारत के लिए सबसे ज्यादा टी20 मैच खेलने वाले बल्लेबाज हैं।
भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने शुक्रवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले में उतरते ही एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। रायपुर में हार्दिक पांड्या ने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का 126वां मैच खेला। मैदान पर उतरते ही हार्दिक विराट कोहली को पीछे छोड़ते हुए भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। पूर्व कप्तान विराट कोहली ने भारत के लिए 125 मैच खेले थे। वह 2024 में टी20 विश्व कप का खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा था। ट्रॉफी जीतने के बाद उन्होंने खेल के सबसे छोटे प्रारूप से संन्यास ले लिया था।
भारत के लिए सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने का रिकॉर्ड पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के नाम है। उन्होंने भारत के लिए 156 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। हार्दिक पांड्या को उनसे आगे निकलने के लिए अभी 31 मैच खेलने होंगे। हार्दिक पांड्या मौजदा टी20 टीम में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी भी हैं। ये भी कह सकते हैं को वह मौजूदा भारतीय टी20 टीम में सबसे सीनियर खिलाड़ी हैं। हार्दिक पांड्या ने 2016 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था। इसके बाद से अब तक 10 साल में उन्होंने 126 मैचों में 28.54 के औसत से 2027 रन बनाए हैं। उन्होंने गेंद से भी कमाल का प्रदर्शन किया है। हार्दिक के नाम टी20 इंटरनेशनल में 102 विकेट हैं।
भारत के लिए अब तक सिर्फ चार खिलाड़ियों ने 100 से अधिक टी20 मैच खेले हैं। रोहित शर्मा, विराट कोहली और हार्दिक पांड्या ये कारनामा बहुत पहले कर चुके हैं, जबकि सूर्यकुमार यादव ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच के दौरान ये उपलब्धि हासिल की थी। सूर्यकुमार ने 101 टी20 मैच 2902 रन बनाए हैं। सूर्यकुमार ने टी20 इंटरनेशनल में 21 अर्धशतक और चार शतक लगाए हैं।
कप्तान सूर्यकुमार यादव (नाबाद 82) और वापसी कर रहे ईशान किशन (76) के आतिशी अर्धशतकों से भारत ने न्यूजीलैंड को दूसरे टी 20 मुकाबले में शुक्रवार को सात विकेट से हराकर 2-0 की मजबूत बढ़त बना ली। न्यूजीलैंड ने कप्तान मिचेल सेंटनर (नाबाद 47) और रचिन रवींद्र (44) की शानदार पारियों की बदौलत छह विकेट पर 208 रन का मजबूत स्कोर बनाया लेकिन भारत ने 15.2 ओवर में सात विकेट पर 209 रन बनाकर एकतरफा जीत हासिल की। भारत ने इस तरह 200 से ऊपर की सबसे तेज रन चेज हासिल की।






