
IND vs NZ: मुरली कार्तिक पर भड़के हार्दिक पांड्या, उंगली भी दिखाई; वीडियो हुआ वायरल
Hardik Pandya Viral Video: भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरे टी20 मैच से पहले हार्दिक पांड्या और मुरली कार्तिक के बीच तीखी बातचीत हुई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है
भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की बढ़त कायम कर ली है। भारत ने दूसरे मुकाबले में न्यूजीलैंड को सात विकेट से रौंदा। भारत ने शुक्रवार को रायपुर के शहीद वीर नारायण स्टेडियम में 209 रनों का टारगेट 15.2 ओवर में आसानी से चेज किया। भारत की जीत के साथ-साथ स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के एक वीडियो की सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है। हार्दिक मैच से पहले पूर्व भारतीय स्पिनर और प्रेजेंटर मुरली कार्तिक पर भड़कते हुए नजर आए। उन्होंने एक बार कार्तिक को उंगली भी दिखाई। उनका वीडियो वायरल हो रहा है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि हार्दिक जब मैच से पहले ग्राउंड में आए तो कार्तिक ने मुस्कुराते हुए उनसे हाथ मिलाया। हालांकि, हार्दिक किसी बात से साफ तौर पर नाखुश थे और उन्होंने मुरली से कुछ कहा। दोनों में तीखी बातचीत हुई। ऐसा लगा कि पूर्व स्पिनर अपनी सफाई में कुछ कहा लेकिन हार्दिक लगातार बोलते हुए नाराज थे। दोनों के बीच क्या हुआ? फिलहाल इसकी जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है। लेकिन यह घटना मैच के दौरान और बाद में फैंस के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। एक यूजर ने सोशल मीडिया पर वीडियो को लेकर लिखा, ''हार्दिक आखिर क्यों भड़के हुए थे?'' दूसरे ने कहा, ''हार्दिक साफ तौर पर नाखुश थे। वह विकेट लेने के बाद भी गुस्से में थे।''
देखें वीडियो…
हार्दिक का दूसरे टी20 में प्रदर्शन अच्छा रहा। पहले टी20 में 16 गेंदों में 25 रन बनाने वाले ऑलराउंडर को बैटिंग का मौका नहीं मिला। उन्होंने तीन ओवर डाले और 25 रन खर्च करते हुए एक शिकार किया। हार्दिक ने मार्क चैपमैन (10) का अहम विकेट लिया। न्यूजीलैंड ने 208/6 रन बनाए। जवाब में कप्तान सूर्यकुमार यादव (नाबाद 82) और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ ईशान किशन (76) की आक्रामक पारियों के दम पर भारत ने न्यूजीलैंड को रिकॉर्ड 28 गेंद बाकी रहते हराया। भारत ने इसके साथ ही टी20 अंतरराष्ट्रीय में लक्ष्य का सफलता से सबसे बड़े स्कोर के पीछा करने के अपने रिकॉर्ड की बराबरी की। टीम ने इससे पहले 2023 में विशाखापत्तनम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी लक्ष्य का पीछा करते हुए 209 रन बनाए थे।






