संजू सैमसन पर किस बात का दबाव है? भारतीय क्रिकेटर ने विकेटकीपर को लेकर बताई एक गहरी बात
संजू सैमसन पर किस बात का दबाव है? इसको लेकर भारतीय टीम से बाहर चल रहे क्रिकेटर हनुमा विहारी ने बताया है। उनका कहना है कि वे लगातार फेल हो रहे हैं और बेंच पर वैभव सूर्यवंशी बैठे हैं। ऐसे में उन पर दबाव है।

संजू सैमसन ने अफगानिस्तान के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज के आखिरी दो मैचों में दमदार अर्धशतक जड़े थे, लेकिन जापान के खिलाफ एकमात्र टी20 मैच और फिर एशियन गेम्स के दो मैचों में वे फेल रहे। अब वे वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में उतरे और पहले मैच में फेल रहे। पिछले 10 टी20 इंटरनेशनल मैचों में उन्होंने सिर्फ दो ही अर्धशतक लगाए हैं। ऐसे में उन पर दबाव बढ़ गया है, क्योंकि बेंच पर वैभव सूर्यवंशी बैठे हैं। इसको लेकर भारतीय टेस्ट क्रिकेटर हनुमा विहारी ने कहा है कि उन्हें कितने मौके और मिलेंगे?
उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो में कहा, "सबसे बड़ा सवाल सैमसन का एक और फेलियर है। उसे कितने और मौके मिल सकते हैं? मैं उसका बहुत बड़ा फैन हूं और मैं चाहूंगा कि वह खेले, लेकिन मुझे लगता है कि वह इनसिक्योर महसूस कर रहा है। उसने पहले भी कहा है कि जब उसके पीछे कॉम्पिटिशन का प्रेशर होता है, तो वह परफॉर्म नहीं कर पाता। इसीलिए, अगर आपको याद हो, जब वर्ल्ड कप से पहले न्यूज़ीलैंड सीरीज में ईशान ने वापसी की थी, तो सैमसन परफॉर्म नहीं कर पाया था और अब, वैभव उसके पीछे है। वह जरूर वह प्रेशर महसूस कर रहा होगा।"
जो नहीं खेले हैं, वह नहीं समझते दबाव क्या है- हनुमा
भारतीय टीम से बाहर चल रहे इस टेस्ट क्रिकेटर ने कहा, "प्रेशर बहुत बड़ा रोल निभाता है। ज़्यादातर लोग इसे नहीं समझते। जो खेले हैं वे जानते हैं, लेकिन जो नहीं खेले हैं वे इसे नहीं समझते। इसीलिए, क्रिकेट में, खासकर इंडिया के लिए खेलते समय, आपको प्रेशर हैंडल करना आना चाहिए। सैमसन को वह प्रेशर महसूस होगा और वैसे, उसकी जगह कोई भी होता तो महसूस करता।"
मैच की बात करें तो भारत ने आसान सी जीत वेस्टइंडीज के खिलाफ दर्ज की, क्योंकि श्रेयस अय्यर ने 102 रनों की तूफानी पारी खेली। 172 रनों का टारगेट भारत ने 15वें ओवर में ही हासिल कर लिया था। 8 विकेट से टीम को जीत मिली थी। अय्यर ने अपनी पारी में 10 चौके और 6 छक्के लगाए थे, जबकि ईशान किशन 37 रन बनाकर नाबाद लौटे थे। दोनों के बीच 67 गेंदों में 137 रनों की साझेदारी तीसरे विकेट के लिए हुई थी। दूसरा मुकाबला इस सीरीज का रांची में होना है, जहां संजू सैमसन पर रन बनाने का फिर से दबाव होगा। वे टी20 वर्ल्ड कप 2026 के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट थे, लेकिन इसके बाद से रंग में नहीं दिखे हैं।



