भुवनेश्वर कुमार के शर्मिंदा करने वाले क्लब में गुरनूर बराड़ की एंट्री, दो बार खा लिए 90 से अधिक रन
वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में गुरनूर बराड़ ने 10 ओवर में 96 रन खर्च किए। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने भुवनेश्वर कुमार के एक ऐसे क्लब में एंट्री कर ली है, जिसमें शर्मिंदगी भरा रिकॉर्ड है।

गुवाहटी में बुधवार को भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे दूसरे वनडे मैच में मेहमान टीम ने कमाल की बल्लेबाजी करते हुए 405 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया है। भारत के सामने अब 406 रनों का विशाल लक्ष्य है। आज के मुकाबले में वेस्टइंडीज के तीन बल्लेबाजों ने शतक जड़ा और भारतीय गेंदबाजों की जमकर पिटाई की। मुकाबले में तो वैसे सभी गेंदबाजों को रन पड़े लेकिन गुरनूर बराड़ रन खर्च करने का सैकड़ा लगाने से चूक गए। उन्होंने 10 ओवर की गेंदबाजी में 96 रन दिए और उन्हें दो विकेट हासिल हुए।
इस खराब प्रदर्शन के साथ गुरनूर बराड़ भुवनेश्वर कुमार के शर्मिदा करने वाले क्लब में शामिल हो गए हैं। भारत के लिए एक वनडे पारी में सबसे ज्यादा रन खर्च करने का रिकॉर्ड भुवनेश्वर कुमार के नाम है। उन्होंने साल 2015 में रन खर्च करने का सैकड़ा लगा दिया था। स्विंग के जादूगर कहे जाने वाले भुवनेश्वर कुमार ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में साउथ अफ्रीका के खिलाफ आज से 11 साल पहले खेले गए मुकाबले में 10 ओवर की गेंदबाजी करते हुए 106 रन खर्च कर दिए थे।
इस सूची में दूसरे स्थान पर विनय कुमार हैं। इस भारतीय तेज गेंदबाज ने साल 2013 में बेंगलुरू के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 102 रन खर्च कर दिए थे। सूची में तीसरे स्थान पर गुरनूर बराड़ का नाम है। आज के मैच से दो महीने पहले भारत और इंग्लैंड के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज हुई थी। लॉर्ड के मैदान पर खेले गए तीसरे और आखिरी वनडे मैच में गुरनूर बराड़ ने निर्धारित 10 ओवर की गेंदबाजी में 97 रन खर्चे थे। यही वही मैच था जिसके बारे में कहा जा रहा था कि यह रोहित शर्मा का आखिरी वनडे मैच हो सकता है। हालांकि, रोहित ने शतक जड़कर इन तमाम कयासों को दूर कर दिया था और आलोचकों के मुंह पर तमाचा मारा था। भारत के लिए वनडे क्रिकेट में चौथे सबसे खर्चीले गेंदबाज भी गुरनूर बराड़ ही हैं। उन्होंने आज के मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ 96 रन खर्च करके लिस्ट में दूसरी बार अपनी जगह बनाई है। इस सूची में एक बार और भुवनेश्वर कुमार का नाम है। उन्होंने साल 2017 में न्यूजीलैंड के खिलाफ कानपुर में खेले गए वनडे मैच में 92 रन खर्चे थे।
एक वनडे मैच में किसी भारतीय गेंदबाज द्वारा दिए गए सबसे ज़्यादा रन
106 भुवनेश्वर कुमार बनाम साउथ अफ्रीका, वानखेड़े 2015
102 विनय कुमार बनाम ऑस्ट्रेलिया, बेंगलुरु 2013
97 गुरनूर बरार बनाम इंग्लैंड, लॉर्ड्स 2026
96 गुरनूर बरार बनाम वेस्टइंडीज गुवाहाटी 2026
92 भुवनेश्वर कुमार बनाम न्यूजीलैंड, कानपुर 2017



