लॉर्ड्स का सबसे शर्मनाक रिकॉर्ड गुरनूर बराड़ के नाम दर्ज, 51 साल बाद किसी भारतीय की इतनी भद्द पिटी
Gurnoor Brar Lord's ODI: गुरनूर बराड़ की इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में जमकर कुटाई हुई। भारतीय गेंदबाज ने लॉर्ड्स में शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

इंग्लैंड ने रविवार को लंदन के लॉर्ड्स मैदान पर ऐतिहासिक स्कोर खड़ा किया। मेजबान टीम ने टॉस जीतने के बाद तीन विकेट के नुकसान पर 387 रन बनाए। यह इंग्लैंड का वनडे क्रिकेट में भारत के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर है। प्रसिद्ध कृष्णा ने 69 रन खर्च करने के बाद दो शिकार किए। प्रिंस यादव ने 79 रन देकर एक विकेट चटकाया। अर्शदीप सिंह ने 72 और अक्षर पटेल ने 61 रन दिए। इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने सबसे ज्यादा तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को कूटा। 26 वर्षीय पेसर ने अपने 10 ओवर के स्पेल में 97 रन लुटाए और कोई सफलता हासिल नहीं की। लॉर्ड्स का सबसे शर्मनाक रिकॉर्ड गुरनूर बराड़ के नाम दर्ज हो गया है। वह लॉर्ड्स में एक वनडे मैच में सबसे ज्यादा रन लुटाने वाले गेंदबाज बन गए हैं।
51 साल बाद किसी भारतीय की इतनी भद्द पिटी
गुरनूर ने लॉर्ड्स में भद्द पिटवाने के मामले में करसन घावरी का 51 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा है। भारत के लिए 19 वनडे खेलने वाले घावरी ने 1975 में इंग्लैंड के खिलाफ मैच में 11 ओवर में 83 रन लुटाए थे। तब वनडे 60 ओवर का हुआ करता था और एक गेंदबाज को अधिकतम 12 ओवर फेंकने की इजाजत दी थी। गुरनूर एक वनडे मैच में सबसे ज्यादा रन लुटाने वाले भारतीय गेंदबाजों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। उनसे आगे विनय कुमार और भुवेश्वर कुमार हैं। विनय ने 2013 में ऑस्ट्रेलिया के सामने 102 रन खर्च किए थे। यह मैच बेंगलुरु में आयोजित हुआ। भुवी ने 2015 में वानखेड़े स्टेडियम में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 106 रन दिए थे।
एक वनडे मैच में सबसे ज्यादा रन लुटाने वाले भारतीय गेंदबाज
106 - भुवनेश्वर कुमार बनाम साउथ अफ्रीका (वानखेड़े, 2015)
102 - विनय कुमार बनाम ऑस्ट्रेलिया (बेंगलुरु, 2013)
97 - गुरनूर बराड़ बनाम इंग्लैंड (लॉर्ड्स, 2026)
92 - भुवनेश्वर कुमार बनाम न्यूजीलैंड (कानपुर, 2017)
89 - युजवेंद्र चहल बनाम ऑस्ट्रेलिया (सिडनी, 2020)
डकेट और रूट समेत इनका चला बल्ला
लॉर्ड्स में आयोजित आखिरी वनडे में इंग्लैंड के लिए ओपनर बेन डकेट ने 135 गेंद में 141 रन जबकि जैकब बेथल ने 93 गेंद में 91 रन का योगदान दिया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 192 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की। यह वनडे में भारत के खिलाफ इंग्लैंड के किसी भी विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी है। डकेट ने इसके साथ ही ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर वनडे में सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड कायम किया। जो रूट ने 48 गेंद में नाबाद 74 जबकि जोस बटलर ने 13 गेंद में नाबाद 41 रन की आक्रामक पारी खेली। दोनों ने महज 20 गेंद में 63 रन की अटूट साझेदारी कर इंग्लैंड को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



