तिलक वर्मा का मुंबई इंडियंस के लिए ऐतिहासिक कारनामा, गुजरात टाइटंस की पूरी टीम से 1 रन ज्यादा बनाया
तिलक वर्मा मुंबई इंडियंस के लिए पहले और आईपीएल इतिहास के कुल 9वें ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने एक मैच में विपक्षी टीम से ज्यादा रन बनाए। इसका मतलब यह है कि उन्होंने अकेले दम पर ही विपक्षी टीम को धो डाला।

5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस का गाड़ी जीत के ट्रैक पर लौट आई है। आईपीएल 2026 में लगातार 4 मैचों में हार का सामना करने के बाद एमआई को सीजन की दूसरी जीत सोमवार, 20 अप्रैल को गुजरात टाइटंस के खिलाफ मिली। मुंबई की इस जीत के हीरो तिलक वर्मा रहे, जिन्होंने अपने आईपीएल करियर का पहला शतक जड़ा। टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी मुंबई इंडियंस ने तिलक वर्मा के शतक के दम पर गुजरात टाइटंस के सामने 200 रनों का टारगेट रखा था, इस स्कोर का पीछा करते हुए जीटी की पूरी टीम मात्र 100 रनों पर ही सिमट गई। मुंबई ने यह मैच 99 रनों से अपने नाम किया। इस जीत के साथ तिलक वर्मा ने भी एमआई के लिए इतिहास रचा।
तिलक वर्मा मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल इतिहास में पहले ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं, जिसने अकेले दम पर विपक्षी टीम को धो डाला। दरअसल, तिलक वर्मा ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 101 रनों की नाबाद पारी खेली। वहीं जीटी की पूरी टीम 100 रनों पर सिमट गई। तिलक ने गुजरात टाइटंस की पूरी टीम से एक रन ज्यादा बनाया।
तिलक वर्मा मुंबई इंडियंस के लिए विपक्षी टीम से ज्यादा रन बनाने वाले पहले और आईपीएल इतिहास के कुल 9वें खिलाड़ी बन गए हैं। आखिरी बात यह कारनामा केएल राहुल ने आरसीबी के खिलाफ 2020 में किया था, जब उन्होंने 132 रनों की नाबाद पारी खेली थी और बेंगलुरु की पूरी टीम 109 ही रनों पर ढेर हो गई थी।
कैसा रहा GT vs MI मैच?
तिलक वर्मा के नाबाद तूफानी शतक के बाद अश्वनी कुमार की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से मुंबई इंडियंस ने सोमवार को लगातार चार हार के क्रम को तोड़ते हुए गुजरात टाइटंस को 99 रन से हराया जो मौजूदा सत्र में रनों के लिहाज से किसी भी टीम की सबसे बड़ी जीत है। तिलक ने आईपीएल के अपने पहले शतक के दौरान 45 गेंद में आठ चौकों और सात छक्कों से नाबाद 101 रन की पारी खेलने के अलावा कप्तान हार्दिक पंड्या (15 रन, 16 गेंद, एक चौका) के साथ पांचवें विकेट के लिए 81 और नमन धीर (45) के साथ चौथे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी भी की जिससे मुंबई इंडियन्स ने पांच विकेट पर 199 रन बनाए।
इसके जवाब में टाइटंस की टीम अश्वनी कुमार (24 रन पर चार विकेट), अल्लाह गजनफर (17 रन पर दो विकेट) और मिचेल सेंटनर (16 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 15.5 ओवर में 100 रन पर सिमट गई और कभी लक्ष्य के करीब पहुंचने की स्थिति में भी नहीं दिखी।
टाइटंस की ओर से वॉशिंगटन सुंदर ने सर्वाधिक 26 रन बनाए जबकि उनके अलावा शाहरुख खान (17), कप्तान शुभमन गिल (14) और कागिसो रबाडा (12) ही दोहरे अंक में पहुंच पाए।
तिलक की पारी की बदौलत मुंबई की टीम अंतिम चार ओवर में 73 रन जोड़ने में सफल रही।
टाइटंस की ओर से रबाडा सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 33 रन देकर तीन विकेट चटकाए। मोहम्मद सिराज ने 25 जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने 54 रन देकर एक-एक विकेट हासिल किया।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


