
SA20 के चौथे सीजन 4 से पहले ग्रीम स्मिथ ने भारत पर लुटाया प्यार, बोले- भारतीय फैंस का जुनून और…
SA20 के चौथे सीजन 4 से पहले ग्रीम स्मिथ ने भारत पर प्यार लुटाया है। लीग के कमिश्नर स्मिथ ने कहा कि भारतीय फैंस का जुनून और ऊर्जा हमें हर सीजन में प्रेरित करती है।
साउथ अफ्रीका में खेली जाने वाली टी20 लीग एसए20 को अगर मिनी आईपीएल कहा जाए तो गलत नहीं होगा, क्योंकि इस लीग में कुल 6 टीमें खेलती हैं, जो आईपीएल टीमों की सिस्टर फ्रेंचाइजी हैं। इसके अलावा साउथ अफ्रीका क्रिकेट के लिए भारत एक बड़ा बाजार बन चुका है, क्योंकि भारत में बहुत सारे फैंस इस लीग को देखते हैं, जिसमें भारत के सितारे तो नहीं, लेकिन दुनिया के तमाम दिग्गज खिलाड़ी खेलते हैं। इनमें जोस बटलर, ट्रैविस हेड, केन विलियमसन और कई बड़े सितारे 26 दिसंबर से शुरू हो रहे टूर्नामेंट में शामिल होंगे।

भारतीय फैंस को साधने के लिए एसए20 लीग के चौथे सीजन से पहले मुंबई में एसए20 इंडिया डे आयोजित हुआ। म्यूजियम ऑफ सॉल्यूशंस (मुसो) में आयोजित इस समारोह में लीग कमिश्नर ग्रीम स्मिथ, दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज और जोहान्सबर्ग के कप्तान फाफ डु प्लेसिस, पार्ल रॉयल्स के कप्तान डेविड मिलर, डरबन सुपर जायंट्स के कोच टॉम मूडी, एमआई केपटाउन के कोच हाशिम अमला और दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज मार्क बाउचर एक साथ मंच पर नजर आए। सनराइजर्स ईस्टर्न कैप के खिलाड़ी ट्रिस्टन स्टब्स, एड्रियन बिरेल (हेड कोच, सनराइजर्स ईस्टर्न केप) और सौरव गांगुली (हेड कोच, प्रिटोरिया कैपिटल्स) ने वीडियो संदेश भेजे।
इस दौरान एसए20 के लीग कमिश्नर ग्रीम स्मिथ ने कहा, "भारत शुरू से ही एसए20 के सफर का केंद्र रहा है। आईपीएल के स्वामित्व वाली टीमों का समर्थन और जियोस्टार के साथ हमारी साझेदारी बेहद अहम रही है। भारतीय फैंस का जुनून और ऊर्जा हमें हर सीजन में प्रेरित करती है, और उनके जुड़ाव ने लीग के विकास में बहुत बड़ी भूमिका निभाई है। सीजन 4 में प्रवेश करते हुए, हम इस बंधन को और मजबूत करने और एक ऐसी लीग पेश करने के लिए उत्साहित हैं जो पूरे दक्षिण अफ्रीका और उपमहाद्वीप में गूंजती हो।" जोहान्सबर्ग सुपर किंग्स के कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने कहा, “खिलाड़ियों के तौर पर, हम एसए20 के प्रति उत्साह महसूस कर सकते हैं - न सिर्फ अपने देश में, बल्कि यहाँ भारत में भी। यह दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टी20 लीगों में से एक है - प्रतिस्पर्धी, मनोरंजक और पूरी तरह से वैश्विक। भारत में प्रशंसकों को मैचों का अनुसरण करते, फ्रेंचाइजी को जानते और हमारी टीमों से जुड़ते देखना वाकई खास है। यह इस बात का प्रमाण है कि इस लीग ने इतने कम समय में क्या बनाया है।”
पार्ल रॉयल्स के बल्लेबाज डेविड मिलर ने कहा, "एसए20 एक ऐसी लीग बन गई है जिसे प्रशंसक सचमुच अपना कह सकते हैं। चाहे आप केपटाउन, जोहान्सबर्ग या मुंबई में हों, आप लोगों को अपनी टीमों का उत्साह बढ़ाते, हाइलाइट्स शेयर करते और खिलाड़ियों से जुड़ते हुए देखेंगे। प्रशंसकों के साथ यही जुड़ाव लीग की सबसे बड़ी जीत है—यही क्रिकेट को देशों के बीच एक सच्चा उत्सव बनाता है।" दक्षिण अफ़्रीकी दिग्गज मार्क बाउचर ने कहा: "भारतीय और दक्षिण अफ़्रीकी क्रिकेट के बीच हमेशा से एक ख़ास रिश्ता रहा है; सम्मान, प्रतिद्वंद्विता और खेल के प्रति गहरा प्रेम। एसए20 इसी भावना को आगे बढ़ाता है, और दोनों संस्कृतियों को एक साथ लाकर कुछ खास बनाता है।” 'एसए20 इंडिया डे 2025' में जियोस्टार ने सीजन 4 के लिए अपने प्रोमो का अनावरण भी किया



